Home Blog Page 7

जसवंतनगर SBI को मिले नए शाखा प्रबंधक, ध्रुव कुमार साहू ने संभाला कार्यभार

0
127321

इटावा (संवाददाता – पंकज कुमार)। जिले के जसवंतनगर के भारतीय स्टेट बैंक यानी SBI की मुख्य शाखा को नए शाखा प्रबंधक मिल गए हैं। ध्रुव कुमार साहू ने जसवंतनगर शाखा में अपना कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले वह चकरनगर शाखा में शाखा प्रबंधक के रूप में सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि पूर्व शाखा प्रबंधक हरीश तिवारी के प्रमोशन के बाद यह पद रिक्त हुआ था, जिसके बाद ध्रुव कुमार साहू की यहां तैनाती की गई।

कार्यभार संभालने के बाद ध्रुव कुमार साहू ने कहा कि ग्राहकों को बेहतर, त्वरित और पारदर्शी बैंकिंग सेवाएं देना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने यह भी कहा कि बैंक की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा और ग्राहकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाएगा। नए शाखा प्रबंधक के आगमन पर बैंक कर्मचारियों, स्थानीय व्यापारियों और उपभोक्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

तेज रफ्तार कार की टक्कर से चार वर्षीय मासूम गंभीर, एंबुलेंस पहुंचने में लगा आधा घंटा

0
127598

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। कचौरा बाईपास पर दुर्गापुरा गांव के सामने सोमवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक चार वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, कचौरा बाईपास स्थित दुर्गापुरा गांव के सामने कचौरा घाट बाई पास निवासी धर्मेंद्र कुमार का चार वर्षीय पुत्र सुखदेव अपने मकान के सामने सड़क पार कर रहा था।

इसी दौरान कचौरा घाट की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम करीब 20 फीट दूर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजन घायल बच्चे को आनन-फानन में सीएचसी जसवंतनगर लेकर पहुंचे। वहां तैनात डॉ. विकास अग्निहोत्री ने बच्चे की हालत गंभीर बताते हुए बताया कि उसे सिर में गंभीर चोट आई है तथा वह बेहोशी की अवस्था में है।

प्राथमिक उपचार के बाद उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि रेफर कार्ड बनने के बाद 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन सीएचसी से करीब एक किलोमीटर दूर बने प्वाइंट से अस्पताल पहुंचने में एंबुलेंस को आधे घंटे से अधिक समय लग गया। इससे परिजनों में नाराजगी व्याप्त है। उनका कहना है कि आपात स्थिति में एंबुलेंस सेवा की ऐसी कार्यप्रणाली गंभीर सवाल खड़े करती है।

ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा, लगातार चेकिंग से बढ़े चालान

0
126611

मैनपुरी (अमन कुमार)। जनपद के बेवर थाना क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए पुलिस और यातायात विभाग द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पिछले 15 दिनों में 600 से अधिक वाहनों के चालान किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार सख्त नियम लागू होने के बावजूद वाहन चालकों की लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों में टीनएजर्स सबसे आगे हैं, जो बिना हेलमेट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और तेज गति से वाहन चलाते हुए पकड़े जा रहे हैं।

यातायात विभाग के अनुसार औसतन प्रतिदिन लगभग 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जा रहा है। वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन नियमों की अनदेखी अभी भी बड़ी समस्या बनी हुई है।अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार की राहवीर योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को 25 हजार रुपये तक का प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाता है। वहीं गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को निर्धारित सीमा तक तत्काल निःशुल्क उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।

यातायात नियमों के तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 1000 रुपये, ड्राइविंग लाइसेंस न होने पर 5000 रुपये, त्रुटिपूर्ण नंबर प्लेट पर 5000 रुपये, शराब पीकर वाहन चलाने पर 10 हजार रुपये जुर्माना एवं वाहन सीज, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 2000 रुपये, सीट बेल्ट न लगाने पर 1000 रुपये, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 1500 रुपये, व्यावसायिक वाहन से अवैध सवारी ढोने पर 10 हजार रुपये तथा ओवरस्पीड वाहन चलाने पर 4000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

एनीमिया पीड़ित बालिका की मदद को आगे आई जसवंतनगर पुलिस, सैफई मेडिकल कॉलेज में किया रक्तदान

0
126248

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। थाना क्षेत्र के ग्राम कैस्त निवासी एनीमिया से पीड़ित बालिका शिखा की मदद के लिए पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए रक्तदान कर मिसाल पेश की। सोशल मीडिया पर बालिका के लिए रक्त की आवश्यकता संबंधी अपील प्रसारित होने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बालिका के पिता सज्जन कुमार से संपर्क किया।

इसके बाद थाना प्रभारी कमल भाटी, उपनिरीक्षक शुभम वर्मा एवं कांस्टेबल अवनीश कुमार, महिला आरक्षी विनीता शिवहरे, संगम कुमारी सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां पुलिस टीम ने बालिका के उपचार के लिए चार यूनिट रक्तदान किया आवश्यक होने पर और भी उपलब्ध कराने का वायदा किया। पुलिस के इस सहयोगात्मक एवं संवेदनशील रवैये से शिखा के परिजनों को बड़ी राहत मिली।

मिशन शक्ति अभियान के तहत की गई इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। संकट की घड़ी में मिले सहयोग के लिए बालिका के परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। थाना प्रभारी कमल भाटी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद बेटियों एवं महिलाओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने लोगों से रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

जसवंतनगर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य सामूहिक योग शिविर का आयोजन

0
126189

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद परिसर स्थित मैदान में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्याम वचन सरोज, पालिका अध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार सहित पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।

योगाभ्यास के दौरान अधिशासी अधिकारी श्याम वचन सरोज ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। पालिका अध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का साधन नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मानुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का मजबूत आधार है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ, ऊर्जावान एवं तनावमुक्त जीवन जी सकता है।

कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” रही। इसी विषय के अनुरूप अधिकारियों ने सभी नागरिकों से स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया तथा योग के महत्व को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

विश्व योग दिवस पर आर्य समाज मंदिर में हुआ योगाभ्यास

0
126177

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आर्य समाज मंदिर, जसवंतनगर में शनिवार को योग दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और नियमित योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।

कार्यक्रम का संचालन मुख्य योगाचार्य आलोक श्रीवास्तव के निर्देशन में हुआ। उन्होंने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित योग से शरीर स्वस्थ रहता है और मानसिक तनाव से भी मुक्ति मिलती है।

इस अवसर पर आर्य समाज जसवंतनगर के प्रधान डॉ. स्वराज्य प्रकाश श्रीवास्तव, मधुर श्रीवास्तव, विनोद प्रकाश श्रीवास्तव, दिनेश चौरसिया, अवनीश यादव, राजकुमार शर्मा, राकेश सक्सेना, ऋषिका श्रीवास्तव, अवधेश श्रीवास्तव, सुरेंद्र कुमार सहित नगर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग अपनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन जीने का संकल्प लिया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बोले जयवीर सिंह: योग अपनाइए, स्वास्थ्य, समय और धन तीनों बचाइए

0
126210

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पं. जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि स्वस्थ जीवन का सबसे बड़ा आधार योग है और नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वास्थ्य, समय तथा धन तीनों की बचत कर सकता है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारत की हजारों वर्ष पुरानी संस्कृति, परंपरा और जीवन-दर्शन का सार है।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि आज पूरी दुनिया योग की शक्ति को स्वीकार कर चुकी है। तनाव, अवसाद और बदलती जीवनशैली से उत्पन्न बीमारियों के दौर में योग सबसे प्रभावी समाधान बनकर सामने आया है।

उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से अस्पतालों और दवाइयों पर निर्भरता कम होगी तथा व्यक्ति लंबे समय तक स्वस्थ और सक्रिय जीवन जी सकेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। उनके नेतृत्व में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया, जिसके बाद आज 200 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग कर भारत की प्राचीन परंपरा का सम्मान कर रहे हैं।कार्यक्रम में आगरा मंडल के आयुक्त नगेन्द्र प्रताप ने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का सशक्त माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक क्षमता बढ़ती है, मानसिक तनाव कम होता है तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है।

वहीं जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रतिदिन कुछ मिनट का प्राणायाम और ध्यान व्यक्ति की उत्पादकता और एकाग्रता को कई गुना बढ़ा देता है। इस अवसर पर स्लोगन एवं योग प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में चयनित चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। योगाचार्यों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

मैनपुरी: अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा शिकंजा, जेसीबी समेत छह वाहन सीज

0
126201

मैनपुरी- जनपद में अवैध खनन और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन, दो ट्रक और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देशन में तहसील करहल के ग्राम मोहम्मदपुर में की गई।प्राप्त शिकायत के आधार पर उपजिलाधिकारी करहल को तत्काल मौके पर भेजा गया। राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से खनन कार्य होता पाया गया। जांच के दौरान खनन में प्रयुक्त जेसीबी मशीन संख्या यूपी-75 सीटी-1882 तथा तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाना कुर्रा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

खनिज विभाग की जांच में खनिज परिवहन कर रहे दो ट्रक भी नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। ट्रक संख्या यूपी-82 एटी-7577 और यूपी-75 सीटी-6162 निर्धारित क्षमता से अधिक मोरंग लेकर परिवहन कर रहे थे। वाहन चालक आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके चलते दोनों ट्रकों को उत्तर प्रदेश उप खनिज (परिहार) नियमावली-1963 के नियम 65 के अंतर्गत सीज कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया।

जिलाधिकारी डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि अवैध खनन और खनिजों का अवैध परिवहन खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली, 1963 के तहत दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों पर अर्थदंड लगाने के साथ प्राथमिकी दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में अवैध खनन, भू-माफियाओं की गतिविधियों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई गई है। पिछले दो महीनों में सैकड़ों बीघा सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है तथा पात्र पट्टाधारकों को उनकी आवंटित भूमि पर कब्जा दिलाने की कार्रवाई लगातार जारी है।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मैनपुरी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई नीट यूजी-2026 परीक्षा

0
126192

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट यूजी-2026 परीक्षा जनपद के 10 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा एवं पारदर्शी व्यवस्था के बीच सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे, जबकि पर्याप्त पुलिस बल की भी व्यवस्था रही। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं और एंबुलेंस सहित चिकित्सा दल उपलब्ध कराया गया।

प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई तथा मोबाइल फोन, डिजिटल घड़ी, कैलकुलेटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट और साइबर कैफे की दुकानें बंद रखी गईं तथा 200 मीटर की परिधि में अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाई गई। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगातार सक्रिय रहे।

जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और कक्ष निरीक्षकों को सतर्कता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

परीक्षा में राजकीय इंटर कॉलेज में 456 में से 426, नेशनल डिग्री कॉलेज भोगांव में 384 में से 351, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में 360 में से 335, नवोदय विद्यालय भोगांव में 336 में से 320 तथा सैनिक स्कूल में 288 में से 269 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। शेष परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिला प्रशासन, केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस विभाग के समन्वित प्रयासों से परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

समाधान दिवस में आईं 9 शिकायतें, एक का भी मौके पर निस्तारण नहीं

0
124957

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। तहसील सभागार में शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी अजय गौतम की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित नौ शिकायतें प्राप्त हुईं। हालांकि किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। सभी मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में ग्राम सराय भूपत कटेखेड़ा निवासी सुरेंद्र पाल सिंह ने भूमि व प्लाटों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग उठाई। ग्राम हजरतपुर निवासी श्रीकृष्ण ने खतौनी में दर्ज नाम संशोधित कर सही नाम दर्ज कराने की शिकायत की।

124960

वहीं ग्राम दर्शनपुरा निवासी गजराज सिंह ने चकरोड पर हुए कथित कब्जे को हटवाने की मांग की। इसके अलावा ग्राम जनकपुर निवासी समरेश सिंह ने खराब ट्रांसफार्मर बदलवाने तथा ग्राम हरचंदपुर मलाजनी के राजबहादुर, गजराज सिंह, राधा देवी, सौम्या, हिमांशु व दीपांशु ने भूमि के केंद्रों का अंश निर्धारण गलत होने की शिकायत दर्ज कराई।

मुख्य विकास अधिकारी अजय गौतम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दौरान उपजिलाधिकारी कुमार सत्यमजीत, क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह, तहसीलदार अभिजीत, नायब तहसीलदार नेहा सचान व आकांक्षा मिश्रा, उपनिरीक्षक जितेंद्र तोमर, शिवशंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।