Home Blog Page 20

भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, महिला आरक्षण लागू करने की उठाई मांग

0
94096

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। जिले में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से महिला आरक्षण और महिला कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू किए जाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। शहर के तिकोनिया पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और कांग्रेस तथा समाजवादी पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने के समर्थन में आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष साधना तिवारी ने किया। इस अवसर पर भोगांव विधानसभा क्षेत्र से पहुंचीं महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिलाओं को राजनीति, प्रशासन और शासन व्यवस्था में बराबरी की भागीदारी मिलनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि महिला आरक्षण कानून को पूरी तरह लागू कर महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार दिया जाए।जिलाध्यक्ष साधना तिवारी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने हमेशा महिला आरक्षण का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल महिला सशक्तिकरण की बात तो करते हैं, लेकिन व्यवहारिक रूप से महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम नहीं करते। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और राजनीतिक अवसर देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।महिला कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की योजनाओं और नीतियों का समर्थन करते हुए कहा कि वर्तमान समय में महिला सशक्तिकरण सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब तक महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में पर्याप्त भागीदारी नहीं मिलेगी, तब तक समाज का समग्र विकास संभव नहीं है।प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष संगीता गुप्ता, सीमा चौहान, नीतू चौहान, मंजूषा चौहान, शीतल चौहान, अनीता राजपूत और विमला देवी राजपूत सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और अंत में महिला आरक्षण कानून को शीघ्र लागू करने की मांग दोहराई गई।

ऑपरेशन दहन के तहत पुलिस ने नष्ट किए करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ

0
94286

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” अभियान के अंतर्गत मैनपुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में जब्त किए गए भारी मात्रा में मादक पदार्थों का विधिवत विनिष्टीकरण कराया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में सम्पन्न हुई।

जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली, दन्नाहार तथा घिरोर पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज कुल 129 अभियोगों में न्यायालय से आदेश प्राप्त होने तथा अपील एवं रिवीजन की अवधि पूर्ण होने के बाद जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इन अभियोगों में कुल 1472.436 किलोग्राम चरस, गांजा, स्मैक, हेरोइन सहित अन्य नशीले पदार्थ शामिल थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ 68 लाख 1 हजार 100 रुपये बताई गई है।मादक पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण के लिए निर्धारित मानकों का पालन करते हुए यह पूरी प्रक्रिया गडेरी स्थित ग्रीन हाउस वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड में सम्पन्न कराई गई। पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर के माध्यम से सभी नशीले पदार्थों को भस्मीभूत किया गया।सम्पूर्ण विनिष्टीकरण प्रक्रिया ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में पारदर्शी तरीके से कराई गई।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार, निरीक्षक विनोद कुमार, निरीक्षक सुभाष चंद्र, उपनिरीक्षक शत्रुघ्न कटारा, थाना प्रभारी घिरोर अनुज चौहान, हेड मोहर्रिर रामनारायण दन्नाहार तथा हेड मोहर्रिर ओमप्रकाश घिरोर सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मैनपुरी पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने कहा कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।