
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। कचौरा बाईपास पर दुर्गापुरा गांव के सामने सोमवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक चार वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, कचौरा बाईपास स्थित दुर्गापुरा गांव के सामने कचौरा घाट बाई पास निवासी धर्मेंद्र कुमार का चार वर्षीय पुत्र सुखदेव अपने मकान के सामने सड़क पार कर रहा था।
इसी दौरान कचौरा घाट की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम करीब 20 फीट दूर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजन घायल बच्चे को आनन-फानन में सीएचसी जसवंतनगर लेकर पहुंचे। वहां तैनात डॉ. विकास अग्निहोत्री ने बच्चे की हालत गंभीर बताते हुए बताया कि उसे सिर में गंभीर चोट आई है तथा वह बेहोशी की अवस्था में है।
प्राथमिक उपचार के बाद उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि रेफर कार्ड बनने के बाद 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन सीएचसी से करीब एक किलोमीटर दूर बने प्वाइंट से अस्पताल पहुंचने में एंबुलेंस को आधे घंटे से अधिक समय लग गया। इससे परिजनों में नाराजगी व्याप्त है। उनका कहना है कि आपात स्थिति में एंबुलेंस सेवा की ऐसी कार्यप्रणाली गंभीर सवाल खड़े करती है।
