Home Blog Page 8

विधायक शिवपाल सिंह यादव ने माथुर वैश्य समाज में पहुंचकर प्रकट की शोक संवेदना,माथुर वैश्य समाज के लोग रहे उपस्थित

0
124317

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व स्थानीय विधायक शिवपाल सिंह यादव ने मोहल्ला कटरा पुख्ता स्थित उमेश गुप्ता चीनी वाले (माथुर वैश्य) के आवास पर पहुंचकर उनकी पत्नी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की और हाल ही में उनके परिवार में हुए इस बज्रपात पर उन्होंने गहरा दुख प्रकट करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि दुख की इस घड़ी में मैं और पूरी पार्टी शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर पार्टी कार्यकर्ता हर संभव सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि आपके परिवार पर आई इस अचानक और असहनीय दुख की घड़ी में मैं अपनी और पूरी पार्टी की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

इस दौरान उपस्थित परिवारीजनों में महेश गुप्ता, अशोक गुप्ता, ब्रजेश गुप्ता,मनोज गुप्ता,विवेक गुप्ता,डॉ. सौरभ गुप्ता, गौरव बाबू, सक्षम गुप्ता सहित सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य, विधायक प्रतिनिधि अनुज मोंटी यादव, अजेंद्र सिंह गौर, राहुल गुप्ता, राजीव गुप्ता माथुर, सुभाष गुप्ता,अभिषेक गुप्ता ,गोपाल गुप्ता व बड़ी संख्या में माथुर वैश्य समाज के गणमान्य लोग और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खुले शौचालय टैंक में गिरने से दो मासूम बच्चियों की मौत, गांव में पसरा मातम

0
124263

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार) जिले के औंछा थाना क्षेत्र के नगला कंचन गांव में गुरुवार शाम करीब चार बजे एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय दो मासूम बच्चियों की खुले शौचालय टैंक में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी जाकिर हुसैन पुत्र शौकत अली के घर पर नए शौचालय का टैंक निर्माणाधीन था, जो बिना ढक्कन के खुला पड़ा हुआ था। गुरुवार को उनकी छह वर्षीय पुत्री नेहा और पड़ोसी इनतियाज अली की छह वर्षीय पुत्री साहिबा खेलते-खेलते टैंक के पास पहुंच गईं। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे खुले टैंक में गिर गईं। जब तक परिजन और ग्रामीण उन्हें बाहर निकाल पाते, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही औंछा थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक तिवारी, क्षेत्राधिकारी कुरावली सच्चिदानन्द सिंह तथा तहसीलदार घिरोर कमलेश कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। बताया गया कि दोनों बच्चियों के परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए परिजनों की सहमति के अनुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई।

अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की।हादसे के बाद प्रशासन ने गांव में मौजूद सभी खुले शौचालय टैंक और गहरे गड्ढों को तत्काल ढकने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने कहा कि निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन करना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। यह हादसा ग्रामीण क्षेत्रों में लापरवाही के गंभीर परिणामों की ओर भी ध्यान आकर्षित करता है।

विधायक शिवपाल सिंह यादव ने किया ‘बाबा गारमेंट्स कलेक्शन’ का भव्य उद्घाटन

0
124122

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। कस्बे में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कन्या पाठशाला स्कूल के सामने नवनिर्मित श्रीजी मार्केट में एक नए कपड़ा प्रतिष्ठान की शुरुआत हुई है। श्री सुशील कुमार वर्मा (बज्जे) के इस नए प्रतिष्ठान ‘बाबा गारमेंट्स कलेक्शन’ का भव्य उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री शिवपाल सिंह यादव द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक शिवपाल सिंह यादव का स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर प्रतिष्ठान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्होंने कहा: “नए व्यापारिक प्रतिष्ठान क्षेत्र के विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जसवंतनगर में इस तरह के आधुनिक गारमेंट कलेक्शन के खुलने से स्थानीय नागरिकों को बेहतर विकल्प मिलेंगे।” समारोह में उमड़ी गणमान्य लोगों की भीड़। उद्घाटन के दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्ध वर्ग, प्रमुख व्यापारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों और जनसमूह ने प्रतिष्ठान के संचालक श्री सुशील कुमार वर्मा(बज्जे ), संजय वर्मा, अमित वर्मा, अनुभव वर्मा (तनु ), ऋषभ वर्मा को नई शुरुआत के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। पूरे समारोह के दौरान क्षेत्र की जनता में खासा उत्साह और सहभागिता देखने को मिली। इस अवसर पर संचालक सुशील कुमार वर्मा ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्रयास क्षेत्र की जनता को उचित मूल्य पर बेहतरीन और आधुनिक पहनावे के विकल्प उपलब्ध कराना रहेगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कबाड़ की दुकान में भीषण आग, 20 लाख का सामान जलकर राख

0
124111

​जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। क्षेत्र के ग्राम भावलपुर के सामने आगरा-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित एक कबाड़ की दुकान में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा करीब 20 लाख रुपये मूल्य का कबाड़ और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित आसपास के मकानों और अन्य दुकानों को भारी नुकसान होने से बचा लिया गया।

​तड़के 3 बजे भड़कीं लपटें, मची अफरा-तफरी

​थानाध्यक्ष कमल भाटी के अनुसार, हाईवे पर एक मैरिज होम के समीप सूरज सिंह बघेल की कबाड़ की दुकान है। गुरुवार सुबह करीब तीन बजे अज्ञात कारणों से दुकान के भीतर अचानक आग लग गई। उस समय दुकान पूरी तरह बंद थी। दुकान से धुआं और ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

​रात में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने दिखाई मुस्तैदी

घटना के समय क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रहे कांस्टेबल सनोज कुमार और सुशील कुमार ने सूझबूझ दिखाई। उन्होंने दुकान से लपटें उठती देख तुरंत फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारियों को मामले की सूचना दी, जिससे राहत कार्य तेजी से शुरू हो सका।

​प्लास्टिक व रबर के कारण आग ने लिया विकराल रूप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कबाड़ की दुकान में भारी मात्रा में प्लास्टिक, रबर, तार और पुराने स्क्रैप वाहन रखे हुए थे। इसके अलावा दुकान के भीतर चालू हालत में एक कार, एक ऑटो तथा अन्य ज्वलनशील सामग्री भी मौजूद थी। इन सामग्रियों के संपर्क में आते ही आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी गगनचुंबी लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं।

​दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत से टला खतरा

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की टीम ने लगातार पानी की बौछारें कर कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के कारण आग को आगे फैलने से रोक दिया गया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो वह रिहायशी इलाके और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले सकती थी, जिससे बड़ी जनहानि हो सकती थी।

​जांच में जुटा प्रशासन

इस अग्निकांड में दुकान के अंदर खड़ी कार और ऑटो समेत अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया है। पीड़ित दुकानदार के अनुसार, प्रारंभिक अनुमान के तौर पर लगभग 20 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित प्रशासनिक विभाग मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं। सुबह के समय घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा रही।

100 दिवसीय टीवी मुक्त अभियान के तहत हुआ कैंप का आयोजन

0
124032 edited

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। उत्तर प्रदेश सरकार के टीबी मुक्त अभियान एवं उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति, लखनऊ की लक्षित हस्तक्षेप परियोजना के अंतर्गत बेवर थाना क्षेत्र के धनकरी मोहल्ला में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार के निर्देशन में डॉ. शाहरुख के क्लीनिक पर किया गया, जहां क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में 50 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ एचआईवी और टीबी जैसी गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान, जांच एवं उपचार के महत्व की जानकारी दी। लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, सुरक्षित जीवनशैली अपनाने तथा लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए जागरूक किया गया। आयोजकों ने बताया कि बेवर ब्लॉक क्षेत्र में इस वर्ष अब तक लगभग 160 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों के माध्यम से एक एचआईवी संक्रमित मरीज तथा लगभग 250 टीबी मरीजों की पहचान कर उन्हें उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि एचआईवी एवं टीबी को लेकर किसी प्रकार का भ्रम या संकोच न रखें। समय पर जांच और उपचार से इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस अवसर पर एसटीएस अमित मिश्रा, एसटीएल एस. भूपति सिंह, एलटी अकंज यादव, विकास गुप्ता, अमर बाबू, वेद प्रकाश (प्रोग्राम मैनेजर) सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

हवन-पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ‘हर्ष मेडिकल स्टोर’ का भव्य शुभारंभ

0
123470

​जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। नगर के मोहल्ला फक्कड़पुरा में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नव स्थापित ‘हर्ष मेडिकल स्टोर’ का शुभारंभ विधि-विधान, हवन-पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. शिव प्रकाश ने फीता काटकर प्रतिष्ठान का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के उपरांत मुख्य अतिथि डॉ. शिव प्रकाश ने मेडिकल स्टोर के संचालकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण दवाइयों की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है, और यह स्टोर स्थानीय निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।

अतिथियों का हुआ जोरदार स्वागत

मेडिकल स्टोर के संचालक योगेन्द्र यादव (टीटू) एवं ऋषभ यादव ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी आगंतुकों और अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा सभी का आभार व्यक्त किया। संचालकों ने आश्वस्त किया कि क्षेत्रवासियों को उचित दर पर उच्च स्तरीय दवाइयां और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

इस उद्घाटन समारोह के अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे। जिनमें मुख्य रूप से ​इंद्रवीर सिंह (लालू यादव)
​धर्मवीर सिंह, ​डॉ. महेश चंद्र यादव, ​बिमलेश यादव, ​राजेश पंडित,​ देवीशंकर चौधरी, ​रजवेश चौधरी,​ राजपाल यादव,​ अमरप्रताप यादव,​ नेम सिंह यादव,​यश कुमार,​ समीर खान सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आए सभी लोगों ने नए प्रतिष्ठान के सफल संचालन की शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि इस स्टोर के खुलने से क्षेत्र के लोगों को दवाइयों के लिए दूर नहीं भागना पड़ेगा।

डिजिटल तकनीक से जैन धर्म सीख रहे बच्चे, स्मार्ट टीवी, प्रोजेक्टर और आधुनिक संसाधनों से संचालित हो रही हैं धर्म कक्षाएं

0
123433

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। नगर के जैन बाजार स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में आयोजित 20वें संस्कार शिक्षण शिविर एवं श्री दशलक्षण धर्म विधान के अंतर्गत बच्चों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से जैन धर्म की शिक्षा प्रदान की जा रही है। शिविर में स्मार्ट टीवी, प्रोजेक्टर एवं अन्य डिजिटल संसाधनों का उपयोग कर स्मार्ट क्लासेस संचालित की जा रही हैं, जिससे बच्चों को जैन सिद्धांतों एवं धार्मिक विषयों को सरल, रोचक एवं प्रभावी ढंग से समझाया जा रहा है।

शिविर में विधान, स्वाध्याय, सामूहिक अध्ययन, प्रश्नोत्तर एवं विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन तकनीकी संसाधनों की सहायता से किया जा रहा है। शिशु, बालबोध, किशोर एवं प्रौढ़ वर्ग की कक्षाओं का संचालन शाश्वत धाम, उदयपुर से पधारी विदुषी प्रज्ञा जैन, अस्ति जैन एवं सेजल जैन द्वारा किया जा रहा है, जबकि स्वाध्याय कक्षा का मार्गदर्शन आ.बा. ब्रह्मचारी राहुल भैया जी द्वारा अत्यंत सरल एवं सहज शैली में किया जा रहा है।

123435

शिविर प्रभारी निकेतन जैन ने बताया कि बाहर से पधारे विद्वानों एवं शास्त्रियों द्वारा भी समय-समय पर विशेष कक्षाएं ली जा रही हैं। प्रतिदिन योग, जिनेन्द्र अभिषेक, श्री दशलक्षण धर्म विधान, स्वाध्याय, बाल संस्कार कक्षाएं, प्रश्नोत्तर प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन में निशा जैन, सारिका जैन, टिया जैन, दर्शना जैन, सिद्धि जैन एवं नव्या जैन का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों में धार्मिक संस्कारों के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विकास को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।

123434

बच्चों पर अतिरिक्त शैक्षणिक दबाव न पड़े, इसके लिए शिविर में ग्रेडिंग सिस्टम भी लागू किया गया है। इस व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में क्षमा जैन, अनन्या जैन एवं आशी जैन विशेष योगदान दे रही हैं।

महिला मंडल की ओर से ज्योति जैन ने बताया कि विभिन्न वर्गों की कक्षाओं के संचालन एवं व्यवस्थापन में उन्नति जैन, प्रीति जैन, नेहा जैन, दर्शना जैन, अमिता जैन एवं रीता जैन सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, जिससे शिविर का शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण अत्यंत व्यवस्थित एवं प्रेरणादायी बना हुआ है।

किशोरियों को लगेगा एचपीवी टीका, बच्चेदानी के मुंह के कैंसर से होगा बचाव

0
122453

​जसवंतनगर (​संवाददाता: पंकज राठौर)। महिलाओं में होने वाले बच्चेदानी के मुंह के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) की रोकथाम के लिए सरकार ने एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीके को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल कर लिया है। इसके तहत अब ब्लॉक क्षेत्र के सभी गांवों में आयोजित होने वाले टीकाकरण सत्रों पर 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को यह टीका लगाया जाएगा।

इस संबंध में बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जसवंतनगर में एक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने उपस्थित प्रशिक्षु छात्राओं को एचपीवी संक्रमण और इससे होने वाले बच्चेदानी के मुंह के कैंसर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टीका किशोरियों को गंभीर बीमारी से बचाने में प्रभावी भूमिका निभाएगा तथा भविष्य में कैंसर के मामलों में कमी लाने में सहायक होगा।

​रविवार को छोड़कर हर कार्यदिवस पर लगेगा मुफ्त टीका

डॉ. सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीकाकरण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि अभिभावक अपनी बेटियों को समय पर टीका लगवाने के लिए प्रेरित हों। निर्धारित आयु वर्ग की सभी किशोरियों के लिए सीएचसी पर रविवार को छोड़कर प्रत्येक कार्य दिवस पर यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, गांवों में जाने वाली एएनएम (ANM) भी अपने सत्रों के दौरान यह टीकाकरण करेंगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अभी तक लगभग एक दर्जन से अधिक किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है।

​स्वास्थ्य विभाग ने की सहयोग की अपील

कार्यशाला में मौजूद अन्य चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी टीके की उपयोगिता, सुरक्षा और इसके लाभों पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. विकास अग्निहोत्री, सामुदायिक कार्यक्रम प्रबंधक सुनील कुमार, एआरओ सतीश कुमार तथा पर्यवेक्षक राधेश्याम सहित कई स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से इस टीकाकरण कार्यक्रम में सहयोग करने और अधिक से अधिक किशोरियों को इसका लाभ दिलाने की अपील की है।

औरैया: मोहर्रम को लेकर प्रशासन और वन विभाग सतर्क, ताजिया मार्ग का किया निरीक्षण

0
121832

औरैया। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से वन विभाग और प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से ताजिया मार्ग का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वन विभाग के डिप्टी रेंजर डी.एस. गौतम ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) औरैया तथा थाना प्रभारी राजकुमार के साथ मिलकर उन मार्गों का जायजा लिया, जहां से मोहर्रम के अवसर पर ताजिया निकाले जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विशेष रूप से सड़क किनारे एवं मार्ग के ऊपर फैली हुई वृक्षों की शाखाओं और पेड़ों की स्थिति का अवलोकन किया। कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं इतनी नीचे थीं कि ताजिया निकलने के दौरान बाधा उत्पन्न हो सकती थी। इसे ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ताकि समय रहते शाखाओं की छंटाई कर मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके।

121831

डिप्टी रेंजर डी.एस. गौतम ने बताया कि धार्मिक आयोजनों के दौरान जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होती है। इसी उद्देश्य से वन विभाग प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य कर रहा है, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे। उन्होंने कहा कि जहां भी पेड़ों की शाखाएं ताजिया मार्ग में बाधक हैं, वहां आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम औरैया ने भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। वहीं थाना प्रभारी राजकुमार ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन एवं वन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते किए गए ऐसे निरीक्षण से त्योहार सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न होंगे।

भीषण सड़क हादसा: ऑटो और ईको की आमने-सामने टक्कर, एक महिला की मौत, आधा दर्जन से अधिक घायल

0
121690

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। जनपद मैनपुरी में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। कुसमरा चौकी क्षेत्र स्थित कमलसुधा पेट्रोल पंप के सामने ऑटो और ईको कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो में सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

हादसे की सूचना मिलते ही कुसमरा चौकी पुलिस और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन कई लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।पुलिस ने मृत महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।

हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर लंबा जाम भी लगा रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर हादसे का मुख्य कारण मानी जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

इस हृदयविदारक हादसे से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सड़क पर पूरी सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।