
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। तहसील सभागार में शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी अजय गौतम की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित नौ शिकायतें प्राप्त हुईं। हालांकि किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। सभी मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में ग्राम सराय भूपत कटेखेड़ा निवासी सुरेंद्र पाल सिंह ने भूमि व प्लाटों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग उठाई। ग्राम हजरतपुर निवासी श्रीकृष्ण ने खतौनी में दर्ज नाम संशोधित कर सही नाम दर्ज कराने की शिकायत की।

वहीं ग्राम दर्शनपुरा निवासी गजराज सिंह ने चकरोड पर हुए कथित कब्जे को हटवाने की मांग की। इसके अलावा ग्राम जनकपुर निवासी समरेश सिंह ने खराब ट्रांसफार्मर बदलवाने तथा ग्राम हरचंदपुर मलाजनी के राजबहादुर, गजराज सिंह, राधा देवी, सौम्या, हिमांशु व दीपांशु ने भूमि के केंद्रों का अंश निर्धारण गलत होने की शिकायत दर्ज कराई।
मुख्य विकास अधिकारी अजय गौतम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दौरान उपजिलाधिकारी कुमार सत्यमजीत, क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह, तहसीलदार अभिजीत, नायब तहसीलदार नेहा सचान व आकांक्षा मिश्रा, उपनिरीक्षक जितेंद्र तोमर, शिवशंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
