Homeउत्तर प्रदेशभावसागर महाराज के स्वागत में उमड़ा आस्था का सैलाब,भव्य मंगल प्रवेश के...

भावसागर महाराज के स्वागत में उमड़ा आस्था का सैलाब,भव्य मंगल प्रवेश के दौरान जगह-जगह हुआ पाद प्रक्षालन, सांसद आदित्य यादव समेत सामाजिक संगठनों ने लिया आशीर्वाद

160238

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। लगभग 900 किलोमीटर का कठिन पदविहार पूर्ण कर पूज्य मुनि श्री 108 भावसागर महाराज ससंघ का रविवार को नगर में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। नगरवासियों और जैन समाज ने जगह-जगह पाद प्रक्षालन कर उनका स्वागत किया। श्रद्धा और उत्साह से भरे माहौल ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया। लंबे पदविहार के बाद मिले इस आत्मीय स्वागत से गुरुदेव भी भावुक नजर आए।
मंगल प्रवेश के दौरान पिंक बूथ पर सपा सांसद आदित्य यादव ‘अंकुर’ ने मुनि श्री का पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद लिया। उनके साथ सपा नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता,विधायक प्रतिनिधि अनुज मोंटी यादव, विधायक प्रतिनिधि विश्वनाथ प्रताप सोनू यादव, सोनू, अजेंद्र गौर और विनोद यादव सहित कई लोगों ने भी गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

करीब 20 मिनट के प्रवचन में मुनि श्री भावसागर महाराज ने भगवान महावीर के “जियो और जीने दो” के संदेश को मानवता के लिए आज भी प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि पाप का पहला प्रवेश मनुष्य की दृष्टि और विचारों से होता है, इसलिए आत्मा और विचारों की शुद्धता ही सच्चे कल्याण का मार्ग है। मंगल प्रवेश में लायंस क्लब, भारत विकास परिषद की मुख्य एवं समर्पण शाखा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भाग लिया। भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय बिंदू यादव, उपाध्यक्ष विवेक गुप्ता (मोना),श्रेयस मिश्रा,एडवोकेट तुसार गुप्ता, विकास गुप्ता समेत अनेक समाजसेवियों ने गुरुदेव के चरण पखारकर आशीर्वाद लिया।

चातुर्मास समिति के अध्यक्ष रोहित जैन, महामंत्री आशीष जैन, कोषाध्यक्ष विवेक जैन, एकांश जैन ‘लिंची’, मोहित जैन, प्रखर जैन और सम्यक जैन सहित समिति के पदाधिकारी कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सक्रिय रहे। इस दौरान समिति की ओर से सांसद आदित्य यादव का माल्यार्पण कर प्रतीक चिह्न देकर सम्मान किया गया। जैन समाज अध्यक्ष राजेश जैन एवं विनोद जैन ने सांसद आदित्य यादव का स्वागत किया, जबकि अनुपम जैन और तन्मय जैन ने विधायक प्रतिनिधि अनुज मोंटीयादव का सम्मान किया। सांसद आदित्य यादव ने कहा कि जैन धर्म ने सदैव सत्य, अहिंसा और मानव कल्याण का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी है।

पिंक बूथ से शुरू हुई मंगल यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। रास्ते में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पाद प्रक्षालन कर मुनि श्री का स्वागत किया। ज्ञानमती महिला मंडल और लुधपुरा समाज की महिलाओं ने भी श्रद्धापूर्वक गुरुदेव का अभिनंदन किया। कार्यक्रम के संरक्षक डीएसपी प्रयाँक जैन रहे। इस अवसर पर अंकित जैन, अतुल बजाज, अंकुर जैन, सचिन जैन, नीरज जैन, विनीत जैन, विशाल जैन, पंकज जैन, सौरभ जैन, डॉ. आशीष जैन सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग और नगरवासी मौजूद रहे।

Pankaj Rathaur
Pankaj Rathaurhttps://mihnews.in/
जमीन से जुड़ी रिपोर्टिंग में विश्वास रखने और सामाजिक मुद्दों से जुडी खबरे.
RELATED ARTICLES

Most Popular