
मैनपुरी- जनपद में अवैध खनन और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन, दो ट्रक और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देशन में तहसील करहल के ग्राम मोहम्मदपुर में की गई।प्राप्त शिकायत के आधार पर उपजिलाधिकारी करहल को तत्काल मौके पर भेजा गया। राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से खनन कार्य होता पाया गया। जांच के दौरान खनन में प्रयुक्त जेसीबी मशीन संख्या यूपी-75 सीटी-1882 तथा तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाना कुर्रा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
खनिज विभाग की जांच में खनिज परिवहन कर रहे दो ट्रक भी नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। ट्रक संख्या यूपी-82 एटी-7577 और यूपी-75 सीटी-6162 निर्धारित क्षमता से अधिक मोरंग लेकर परिवहन कर रहे थे। वाहन चालक आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके चलते दोनों ट्रकों को उत्तर प्रदेश उप खनिज (परिहार) नियमावली-1963 के नियम 65 के अंतर्गत सीज कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
जिलाधिकारी डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि अवैध खनन और खनिजों का अवैध परिवहन खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली, 1963 के तहत दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों पर अर्थदंड लगाने के साथ प्राथमिकी दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में अवैध खनन, भू-माफियाओं की गतिविधियों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई गई है। पिछले दो महीनों में सैकड़ों बीघा सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है तथा पात्र पट्टाधारकों को उनकी आवंटित भूमि पर कब्जा दिलाने की कार्रवाई लगातार जारी है।
