मैनपुरी (संवाददाता अमन कुमार)। जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने प्रशासनिक व्यवस्था में एक नई पहल करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को अनावश्यक वाहन प्रयोग कम करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि अगर कार्यालय घर के पास है तो अधिकारी पैदल ही ऑफिस जाएं या फिर सीमित वाहन उपयोग अपनाएं।
ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण बचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने सभी विभागों को सरकारी संसाधनों का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से बड़े स्तर पर सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं।
डीएम ने यह भी कहा कि विभागीय बैठकें और समीक्षा कार्य अधिक से अधिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और डिजिटल माध्यमों से किए जाएं, ताकि अनावश्यक आवागमन और ईंधन की खपत कम हो सके।
इसके साथ ही उन्होंने सप्ताह में एक दिन फील्ड विजिट के लिए तय करते हुए बृहस्पतिवार को सभी अधिकारियों के क्षेत्र भ्रमण का दिन निर्धारित किया है। इससे निरीक्षण कार्य व्यवस्थित तरीके से हो सकेंगे और रोजाना होने वाले अनावश्यक दौरे कम होंगे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार पूलिंग अपनाने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि एक ही क्षेत्र के अधिकारी एक ही दिशा में जा रहे हैं तो एक वाहन का सामूहिक उपयोग करें।
सबसे खास बात यह रही कि डीएम डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने खुद अपनी एस्कॉर्ट गाड़ी हटाकर प्रशासनिक तंत्र और आम जनता को ईंधन बचत और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग का संदेश दिया है।
जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने बुधवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय (50 शैय्या) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को होम्योपैथिक के साथ-साथ आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधा भी आमजन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले पंजीकरण कक्ष का निरीक्षण किया, जहां उन्हें बताया गया कि मरीजों की सुविधा के लिए तीन काउंटर संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें एक काउंटर दिव्यांग, वृद्ध और महिलाओं के लिए आरक्षित है। महिला विंग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रसूता महिला के तीमारदार से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। महिला वार्ड में चिकित्सीय परीक्षण केंद्र, औषधि वितरण कक्ष, शल्य चिकित्सा कक्ष, अल्ट्रासाउंड और एक्सरे कक्ष का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एक्सरे मशीन की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि अस्थि रोगियों के बेहतर उपचार के लिए जल्द नई एवं आधुनिक एक्सरे मशीन खरीदी जाए। चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल में प्रतिमाह लगभग 200 प्रसव कराए जाते हैं, जिनमें अधिकांश सामान्य प्रसव होते हैं। साथ ही प्रतिदिन 500 से 600 मरीजों का उपचार किया जाता है।
पुरुष विंग के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने बाल रोग विशेषज्ञ कक्ष, दंत एवं नेत्र रोग विभाग, सामान्य वार्ड तथा होम्योपैथी कक्ष का जायजा लिया। टेली मेडिसिन प्रभारी ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 80 लोग विभिन्न रोगों के संबंध में परामर्श लेते हैं। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अस्पताल में आयुर्वेदिक चिकित्सा कक्ष स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर स्थित ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। मेडिकल वेस्ट के उचित निस्तारण एवं रखरखाव में कमी मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही हीटवेव से प्रभावित मरीजों के लिए बनाए गए विशेष वार्ड का भी निरीक्षण किया।
अस्पताल निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने गोद लिए गए कंपोजिट विद्यालय तुर्कीपुर तथा आंगनवाड़ी केंद्र तुर्कीपुर प्रथम एवं द्वितीय का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। विद्यालय में उन्होंने छात्र-छात्राओं से अंग्रेजी और हिंदी की पुस्तकों का वाचन कराया तथा कविता सुनी। बच्चों के प्रदर्शन और शिक्षा स्तर पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने विद्यालय के रसोईघर में जाकर मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी जांची। प्रधानाध्यापक ने बताया कि मेन्यू के अनुसार छात्रों को तहरी और दूध दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्कूल चलो अभियान के तहत अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
आंगनवाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि बीएचएसएनडी सत्र के अंतर्गत धात्री महिलाओं का टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जांच की जा रही है, वहीं बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा दी जा रही है।
दिबियापुर (संवाददाता – संदीप कुमार)। रामगढ़ कस्बा क्षेत्र के गांव सरायपुख्ता निवासी 26 वर्षीय युवक शिशुपाल का शुक्रवार को पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। युवक द्वारा कानपुर देहात में अपनी प्रेमिका की हत्या करने के बाद आत्महत्या किए जाने की घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और माहौल गमगीन हो गया।
मृतक के भाई उमा शंकर ने बताया कि शिशुपाल गांव सरायपुख्ता, थाना दिबियापुर, जनपद औरैया का रहने वाला था। वह कानपुर देहात के थाना मंगलपुर क्षेत्र में अपने मामा के घर रह रहा था। वहीं उसने अपनी प्रेमिका, जो किशोरी बताई जा रही है, की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद शिशुपाल मामा के घर पहुंचा और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन युवक का शव पैतृक गांव सरायपुख्ता ले आए, जहां पूरे गांव की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार किया गया। बताया गया कि शिशुपाल पांच भाइयों में सबसे छोटा था।
युवक की मौत की खबर सुनकर प्रधान राजीव आर्या, जिला पंचायत सदस्य भरत खन्ना, अजमत अली समेत कई लोग गांव पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाते हुए शोक संवेदना व्यक्त की।
मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। NTEP मैनपुरी एवं संयुक्त NHM मैनपुरी इकाई के कर्मचारियों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें पिछले दो माह से मानदेय न मिलने पर कर्मचारियों ने गहरा रोष व्यक्त किया। बैठक में मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि लगातार वेतन न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।कर्मचारियों ने बताया कि अधिकांश कर्मचारी अल्प वेतनभोगी हैं और परिवार का भरण-पोषण करने में कठिनाई हो रही है। घर के खर्च, बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों और अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है।
कर्मचारियों का कहना था कि समय पर मानदेय न मिलने से उनका मनोबल भी प्रभावित हो रहा है, जबकि वे पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में कार्य कर रहे हैं।बैठक के बाद कर्मचारियों ने जिला क्षय रोग अधिकारी मैनपुरी को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द लंबित मानदेय जारी कराने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो वे आगे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।इस दौरान कर्मचारियों ने शासन और प्रशासन से मांग की कि स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नियमित रूप से समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कर्मचारियों को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े। इस मौके पर सुनील शर्मा एलटी, अमित मिश्रा एसटी, भूपति सिंह एसटीएलएस, अंकज यादव एलटी और अंजू एलटीआदि लोग उपस्थित रहे।
बेवर/मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। नशे में वाहन चला रहे पल्सर चालक ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। घटना में दंपती व उनका पुत्र घायल हो गया। मामले में पुलिस ने नशे में गाड़ी चलाने पर पल्सर सवार का ब्रीद एनालाइज़ टेस्ट कर दस हजार का जुर्माना कर बाइक सीज कर दी। मामले के अनुसार विनय कुमार अपनी पत्नी बेबी व पुत्र किट्टू के साथ गांव कमलपुर जा रहे थे। जीटी रोड पर एक नर्सिंग होम के सामने नशे में पल्सर सवार विपिन पुत्र किशन लाल निवासी धुबिया ने टक्कर मार दी। घटना में विनय कुमार, बेबी, किट्टू चोटिल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी बेवर लाया गया जहां किट्टू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पल्सर सवार का ब्रीद एनालाइज़ टेस्ट कर दस हजार का चालान व पल्सर को सीज कर दिया।
मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। जनपद मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र में अरुण कुमार के सफल पर्यवेक्षण में एलाऊ थाना पुलिस और एंटी व्हीकल थैफ्ट टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। साथ ही एक तमंचा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया।
थानाध्यक्ष अवनीश कुमार त्यागी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नीलकमल तथा एंटी व्हीकल थैफ्ट टीम 12 मई 2026 को कुसमरा-मैनपुरी रोड स्थित मधुपुरी तिराहे पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में एक युवक को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उसके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा बरामद हुआ। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान रवि कुमार पुत्र सुखवीर सिंह निवासी ग्राम बसावनपुर थाना एलाऊ जनपद मैनपुरी के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में रवि कुमार ने अपने साथियों के बारे में जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम बसावनपुर निवासी शिवम कुमार पुत्र राकेश तथा अमित कुमार पुत्र कुँवरपाल को उनके घरों से गिरफ्तार किया। दोनों अभियुक्तों के कब्जे से भी एक-एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।इसके बाद तीनों अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने बसावनपुर नहर के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई सात अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
इस तरह कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें पुलिस ने बरामद कर लीं।पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अपने साथी सचिन कुमार निवासी नगला मोती थाना एलाऊ के साथ मिलकर मैनपुरी, कन्नौज, इटावा तथा आसपास के जनपदों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस अब फरार आरोपी सचिन कुमार की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और चोरी की मोटरसाइकिलों को छिपाकर बेचने की तैयारी करता था।
मैनपुरी के बिछवां थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया है कि महिला अपने घर के दरवाजे पर खड़ी थी, तभी तेज गति से आए ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना थाना बिछवां क्षेत्र के ग्राम मुगरौरा की है। गांव निवासी प्रेमलता पत्नी शिवराम उम्र लगभग 40 वर्ष अपने घर के बाहर हन्नूखेड़ा मार्ग पर दरवाजे के पास खड़ी थीं।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए प्रेमलता को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास के लोग तुरंत घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका प्रेमलता अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गई हैं। इनमें एक पुत्र विकास तथा दो पुत्रियां सुंदरी और पायल शामिल हैं। मां की असमय मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई और दोषी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। जिले में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से महिला आरक्षण और महिला कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू किए जाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। शहर के तिकोनिया पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और कांग्रेस तथा समाजवादी पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने के समर्थन में आवाज बुलंद की। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष साधना तिवारी ने किया। इस अवसर पर भोगांव विधानसभा क्षेत्र से पहुंचीं महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिलाओं को राजनीति, प्रशासन और शासन व्यवस्था में बराबरी की भागीदारी मिलनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि महिला आरक्षण कानून को पूरी तरह लागू कर महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार दिया जाए।जिलाध्यक्ष साधना तिवारी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने हमेशा महिला आरक्षण का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल महिला सशक्तिकरण की बात तो करते हैं, लेकिन व्यवहारिक रूप से महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम नहीं करते। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और राजनीतिक अवसर देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।महिला कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की योजनाओं और नीतियों का समर्थन करते हुए कहा कि वर्तमान समय में महिला सशक्तिकरण सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब तक महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में पर्याप्त भागीदारी नहीं मिलेगी, तब तक समाज का समग्र विकास संभव नहीं है।प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष संगीता गुप्ता, सीमा चौहान, नीतू चौहान, मंजूषा चौहान, शीतल चौहान, अनीता राजपूत और विमला देवी राजपूत सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और अंत में महिला आरक्षण कानून को शीघ्र लागू करने की मांग दोहराई गई।
मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” अभियान के अंतर्गत मैनपुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में जब्त किए गए भारी मात्रा में मादक पदार्थों का विधिवत विनिष्टीकरण कराया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में सम्पन्न हुई।
जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली, दन्नाहार तथा घिरोर पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज कुल 129 अभियोगों में न्यायालय से आदेश प्राप्त होने तथा अपील एवं रिवीजन की अवधि पूर्ण होने के बाद जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इन अभियोगों में कुल 1472.436 किलोग्राम चरस, गांजा, स्मैक, हेरोइन सहित अन्य नशीले पदार्थ शामिल थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ 68 लाख 1 हजार 100 रुपये बताई गई है।मादक पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण के लिए निर्धारित मानकों का पालन करते हुए यह पूरी प्रक्रिया गडेरी स्थित ग्रीन हाउस वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड में सम्पन्न कराई गई। पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर के माध्यम से सभी नशीले पदार्थों को भस्मीभूत किया गया।सम्पूर्ण विनिष्टीकरण प्रक्रिया ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में पारदर्शी तरीके से कराई गई।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार, निरीक्षक विनोद कुमार, निरीक्षक सुभाष चंद्र, उपनिरीक्षक शत्रुघ्न कटारा, थाना प्रभारी घिरोर अनुज चौहान, हेड मोहर्रिर रामनारायण दन्नाहार तथा हेड मोहर्रिर ओमप्रकाश घिरोर सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मैनपुरी पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने कहा कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।