जालौन के उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। व्यापारी और उसके परिजनों से मारपीट के आरोप में डॉक्टर आराध्य नगाइच समेत 30 से 40 अज्ञात डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बीते दिन इस घटना के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर जोरदार प्रदर्शन किया था और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग उठाई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए उरई कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में हुए पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। जनपद में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बृहस्पतिवार को कस्बा नवीगंज में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। उपजिलाधिकारी नीरज कुमार द्विवेदी और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की संयुक्त टीम ने क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर ओवरब्रिज के नीचे फैले अतिक्रमण का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे रखे सामान, अवैध निर्माण और अस्थायी दुकानों को लेकर प्रशासन ने नाराजगी जताई।
एसडीएम ने मौके पर मौजूद दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटा लें। प्रशासन ने साफ कर दिया कि तय समय सीमा के बाद जेसीबी चलाकर अवैध कब्जों को ध्वस्त किया जाएगा। साथ ही कार्रवाई के दौरान होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित दुकानदारों और कब्जाधारकों की होगी।
प्रशासन की इस चेतावनी के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। कई दुकानदारों ने अपना सामान हटाना शुरू कर दिया है, जबकि अन्य लोग प्रशासन से राहत की उम्मीद लगाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हाईवे और ओवरब्रिज के आसपास अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। इसी को देखते हुए अभियान को सख्ती से चलाया जा रहा है।
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। नगर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों में पुलिस का भय कायम करने के उद्देश्य से गुरुवार देर शाम पुलिस ने कस्बे में व्यापक पैदल गश्त किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश श्रीवास्तव के निर्देश पर एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में सीओ आयुषी सिंह और थानाध्यक्ष कमल भाटी ने भारी पुलिस बल के साथ बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर भ्रमण किया।
इस दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की। मुख्य बाजार, बस स्टैंड, चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में रुककर पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गश्त के दौरान एसपी सिटी ने सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को चेतावनी देते हुए निर्धारित सीमा में दुकान लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी जानकारी भी ली तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। वहीं सीओ आयुषी सिंह ने पुलिस कर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और रात्रि गश्त लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। अचानक हुए पैदल गश्त और चेकिंग अभियान से कस्बे में हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। नगर में स्थित स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया शाखा में कार्यरत सीनियर एसोसिएट यादवेंद्र का स्थानांतरण होने पर बैंक स्टाफ द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर शाखा परिसर में एक छोटा सा विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सभी कर्मचारियों ने मिलकर उनके कार्यकाल को याद किया।
सहकर्मियों ने यादवेंद्र के सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि उनके साथ काम करना हमेशा प्रेरणादायक रहा। उन्होंने बैंक में अपने कार्यकाल के दौरान ग्राहकों और सहकर्मियों के साथ बेहतर संबंध बनाए रखे, जिसकी सभी ने प्रशंसा की। विदाई समारोह के दौरान कर्मचारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, यादवेंद्र ने भी सभी साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जसवंतनगर शाखा में बिताया गया समय उनके जीवन का महत्वपूर्ण और यादगार हिस्सा रहेगा। कार्यक्रम का समापन शुभकामनाओं और उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। भीषण गर्मी और हीट वेव ने क्षेत्र में एक किसान की जान ले ली। थाना क्षेत्र के ग्राम चक सलेमपुर निवासी किसान रामबहादुर सिंह की खेत पर काम करते समय तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार किसान रामबहादुर सिंह बुधवार को अपने खेत पर काम करने गए थे। दोपहर में तेज धूप और भीषण लू के कारण उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गर्मी से परेशान होकर वह पास ही स्थित एक आम के पेड़ के नीचे जाकर बैठ गए, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के छोटे भाई अटल बिहारी ने बताया कि रामबहादुर सिंह पूरी तरह स्वस्थ थे, लेकिन दिन में अत्यधिक गर्मी और लू लगने के कारण उनकी हालत अचानक बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि परिवार को इस घटना से गहरा सदमा पहुंचा है। मृतक अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गए हैं। इनमें एक पुत्र और एक पुत्री का विवाह हो चुका है, जबकि एक पुत्र और एक पुत्री अभी अविवाहित हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में जब एसडीएम कुमार सत्यभ जीत सिंह से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें अभी मामले की जानकारी नहीं है, जानकारी करने के बाद ही कुछ बताया जा सकेगा। वहीं सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि ऐसा कोई मामला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर नहीं आया था।
इटावा (संवाददाता – पंकज राठौर)। जिले के बकेवर थाना क्षेत्र में पत्रकार दीपेश गौतम पर हुए हमले के बाद पत्रकारों की सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित पत्रकार ने आरोप लगाया है कि फाइनेसरों की कथित गुंडई की खबर प्रकाशित करने से नाराज लोगों ने उन पर हमला किया। वहीं, थाना बकेवर पुलिस पर भी मामले में लापरवाही और धमकी देने के आरोप लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन के जिला महासचिव दीपेश गौतम ने बताया कि 19 मई 2026 की सुबह करीब 9 बजे महेवा-उझियानी हाईवे पुल के पास चार लोगों ने उनकी बाइक रोक ली और हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और नकदी भी लूट ली। पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने धमकी देते हुए कहा कि “बहुत पत्रकारिता करता है, खबर चलाना भुला देंगे।”
घटना में घायल पत्रकार को पहले सीएचसी महेवा ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉ. भीमराव अंबेडकर संयुक्त चिकित्सालय इटावा रेफर कर दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि थाना अध्यक्ष बकेवर विपिन मलिक ने न तो उचित सहयोग किया और न ही चिट्ठी मजरूबी दी। साथ ही जेल भेजने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले को लेकर इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन के कानपुर मंडल उपाध्यक्ष राजीव यादव, विश्व प्रेस संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी तथा भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और एसपी ग्रामीण को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
पत्रकार संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं, मामले की जांच सीओ भरथना को सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद क्षेत्रीय पत्रकारों में भारी रोष व्याप्त है। पीड़ित पत्रकार ने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर), इटावा। बुधवार को नगर के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में मुनि श्री 108 अनुकरण सागर महाराज के मंगल सानिध्य में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ श्री कल्याणमंदिर स्तोत्र विधान का भव्य आयोजन किया गया। प्रातःकाल मंदिर परिसर धर्ममय वातावरण से गूंज उठा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः अभिषेक एवं शांतिधारा से हुई, जिसका सौभाग्य नलिन जैन सार्थक जैन परिवार को प्राप्त हुआ। इसके पश्चात आचार्य श्री 108 प्रणम्य सागर महाराज द्वारा रचित श्री कल्याणमंदिर विधान का विधिवत शुभारंभ हुआ। विधानकर्ता परिवार नलिन कल्पना जैनद्वारा मंगल कलश स्थापना के साथ विधान की मंगल क्रियाएं प्रारंभ हुईं।संगीतमय एवं भक्ति भाव से ओतप्रोत विधान को शास्त्री प्रखर जैन एवं सह-शास्त्री आशीष जैन ने मधुर संगीत के माध्यम से संपन्न कराया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया।
इस अवसर पर मुनि श्री 108 अनुकरण सागर महाराज ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में भगवान पार्श्वनाथ के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भगवान पार्श्वनाथ सदैव ध्यान में लीन रहे और उन्होंने अपने समीप कमठ को आने नहीं दिया। कमठ द्वारा किए गए अनेक उपसर्गों को भगवान ने शांत भाव से सहन किया और अपने कर्मों का क्षय करते रहे।
मुनि श्री ने कहा कि कमठ ने भगवान पर ओले, पत्थर और जल की वर्षा कर अनेक कष्ट पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन भगवान पार्श्वनाथ अडिग एवं शांत बने रहे। उनका जीवन हमें सहनशीलता, धैर्य और आत्मबल की प्रेरणा देता है। यदि हम भगवान पार्श्वनाथ के आदर्शों को अपने जीवन में उतार लें तो हमारा जीवन भी बदल सकता है।विधान के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उपस्थित रही और सभी ने भक्तिभाव से पूजा-अर्चना कर धर्म लाभ प्राप्त किया।
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। नगर के मोहल्ला फक्कड़पुरा स्थित बिलैया मठ के पास सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए समर अवकाश शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य अर्चित यादव सहित विद्यालय परिवार के अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के पंचकोषीय विकास—अन्नमय, प्राणमय, मनोमय, विज्ञानमय एवं आनंदमय कोष—को विकसित करना रहा। शिविर के दौरान बच्चों को योग, प्राणायाम, संस्कृत श्लोक, नैतिक शिक्षा, चित्रकला, खेलकूद एवं विज्ञान प्रयोगों का प्रशिक्षण दिया गया। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि पंचकोषीय विकास के माध्यम से बच्चों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक विकास को मजबूती मिलती है।
उपप्रधानाचार्य अर्चित यादव ने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों को सकारात्मक एवं संस्कारयुक्त वातावरण उपलब्ध कराकर उनके व्यक्तित्व और कौशल का विकास करना विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य है। शिविर के समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान विकास, रिंकी, पल्लवी, प्रिया, काजल, मसु, वंदना सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। क्षेत्र के ग्राम नगला रामसुंदर में चल रहे नौ दिवसीय श्रीराम कथा महायज्ञ के दूसरे दिन भगवान श्रीराम जन्मोत्सव एवं वैराग्य प्रसंग का बड़े ही भावपूर्ण ढंग से वर्णन किया गया। कथा पंडाल श्रीराम के जयकारों और भक्ति रस से सराबोर नजर आया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कथावाचक आचार्य शशिकांत रामायणी ने भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म और अन्याय बढ़ता है।
तब-तब भगवान मानवता की रक्षा और धर्म की स्थापना के लिए अवतार लेते हैं। उन्होंने बताया कि त्रेता युग में भगवान विष्णु ने राजा दशरथ के यहां श्रीराम के रूप में जन्म लेकर राक्षसी शक्तियों का संहार किया और धर्म की पुनर्स्थापना की। कथा के दौरान वैराग्य प्रसंग सुनाते हुए आचार्य ने कहा कि मनुष्य को मोह-माया त्यागकर धर्म, सत्य और मर्यादा के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों, त्याग, तपस्या और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। वैराग्य प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कथा के बीच-बीच में संगीत मंडली द्वारा प्रस्तुत भजन और कीर्तन ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। महायज्ञ में परीक्षित की भूमिका ठाकुर चंद्रवीर सिंह तोमर एवं राजेश्वरी देवी निभा रहे हैं। कार्यक्रम में विश्वनाथ तोमर, राजनरेश सिंह, मनोज तोमर, ब्रज विहारी सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजक डॉ. आशीष प्रताप सिंह एवं डॉ. अर्पिता ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम कथा श्रवण करने की अपील की।
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। क्षेत्र के ग्राम रुकनपुर निवासी स्वर्गीय हेड कांस्टेबल राजीव कुमार यादव को रविवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनके निधन से परिवार सहित पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। वर्तमान में वह जनपद कानपुर देहात के अकबरपुर क्षेत्र में यूपी-112 सेवा में तैनात थे। उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव रुकनपुर पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी।
थाना जसवंत नगर पुलिस एवं पुलिस लाइन से पहुंचे सलामी गार्ड ने स्वर्गीय हेड कांस्टेबल को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पुलिस जवानों ने शोक सलामी दी और पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किए। अंतिम विदाई के मौके पर स्थानीय पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। माहौल गमगीन रहा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि स्वर्गीय राजीव कुमार एक कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और ईमानदार पुलिसकर्मी थे। उन्होंने अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। उनके असामयिक निधन को पुलिस विभाग ने अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि इटावा पुलिस उनके योगदान को सदैव स्मरण रखेगी।