
दिबियापुर (संवाददाता – संदीप कुमार)। रामगढ़ कस्बा क्षेत्र के गांव सरायपुख्ता निवासी 26 वर्षीय युवक शिशुपाल का शुक्रवार को पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। युवक द्वारा कानपुर देहात में अपनी प्रेमिका की हत्या करने के बाद आत्महत्या किए जाने की घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और माहौल गमगीन हो गया।
मृतक के भाई उमा शंकर ने बताया कि शिशुपाल गांव सरायपुख्ता, थाना दिबियापुर, जनपद औरैया का रहने वाला था। वह कानपुर देहात के थाना मंगलपुर क्षेत्र में अपने मामा के घर रह रहा था। वहीं उसने अपनी प्रेमिका, जो किशोरी बताई जा रही है, की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद शिशुपाल मामा के घर पहुंचा और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन युवक का शव पैतृक गांव सरायपुख्ता ले आए, जहां पूरे गांव की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार किया गया। बताया गया कि शिशुपाल पांच भाइयों में सबसे छोटा था।
युवक की मौत की खबर सुनकर प्रधान राजीव आर्या, जिला पंचायत सदस्य भरत खन्ना, अजमत अली समेत कई लोग गांव पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाते हुए शोक संवेदना व्यक्त की।
