Homeउत्तर प्रदेशडीएम ने जिला अस्पताल और विद्यालय का किया औचक निरीक्षण

डीएम ने जिला अस्पताल और विद्यालय का किया औचक निरीक्षण

95692

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने बुधवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय (50 शैय्या) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को होम्योपैथिक के साथ-साथ आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधा भी आमजन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले पंजीकरण कक्ष का निरीक्षण किया, जहां उन्हें बताया गया कि मरीजों की सुविधा के लिए तीन काउंटर संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें एक काउंटर दिव्यांग, वृद्ध और महिलाओं के लिए आरक्षित है। महिला विंग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रसूता महिला के तीमारदार से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। महिला वार्ड में चिकित्सीय परीक्षण केंद्र, औषधि वितरण कक्ष, शल्य चिकित्सा कक्ष, अल्ट्रासाउंड और एक्सरे कक्ष का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एक्सरे मशीन की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि अस्थि रोगियों के बेहतर उपचार के लिए जल्द नई एवं आधुनिक एक्सरे मशीन खरीदी जाए। चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल में प्रतिमाह लगभग 200 प्रसव कराए जाते हैं, जिनमें अधिकांश सामान्य प्रसव होते हैं। साथ ही प्रतिदिन 500 से 600 मरीजों का उपचार किया जाता है।

पुरुष विंग के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने बाल रोग विशेषज्ञ कक्ष, दंत एवं नेत्र रोग विभाग, सामान्य वार्ड तथा होम्योपैथी कक्ष का जायजा लिया। टेली मेडिसिन प्रभारी ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 80 लोग विभिन्न रोगों के संबंध में परामर्श लेते हैं। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अस्पताल में आयुर्वेदिक चिकित्सा कक्ष स्थापित करने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर स्थित ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। मेडिकल वेस्ट के उचित निस्तारण एवं रखरखाव में कमी मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही हीटवेव से प्रभावित मरीजों के लिए बनाए गए विशेष वार्ड का भी निरीक्षण किया।

अस्पताल निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने गोद लिए गए कंपोजिट विद्यालय तुर्कीपुर तथा आंगनवाड़ी केंद्र तुर्कीपुर प्रथम एवं द्वितीय का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। विद्यालय में उन्होंने छात्र-छात्राओं से अंग्रेजी और हिंदी की पुस्तकों का वाचन कराया तथा कविता सुनी। बच्चों के प्रदर्शन और शिक्षा स्तर पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने विद्यालय के रसोईघर में जाकर मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी जांची। प्रधानाध्यापक ने बताया कि मेन्यू के अनुसार छात्रों को तहरी और दूध दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्कूल चलो अभियान के तहत अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

आंगनवाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि बीएचएसएनडी सत्र के अंतर्गत धात्री महिलाओं का टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जांच की जा रही है, वहीं बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा दी जा रही है।

MiH News
MiH Newshttps://mihnews.in
MiH News का मुख्य उद्देश्य है आप लोगो तक ताज़ा जानकारी को सबसे तेज और सबसे पहले पहुँचाना है। हम तेज़ और सटीक समाचार प्रदान करने के लिए जाने जाते हैं।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular