
मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। NTEP मैनपुरी एवं संयुक्त NHM मैनपुरी इकाई के कर्मचारियों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें पिछले दो माह से मानदेय न मिलने पर कर्मचारियों ने गहरा रोष व्यक्त किया। बैठक में मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि लगातार वेतन न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।कर्मचारियों ने बताया कि अधिकांश कर्मचारी अल्प वेतनभोगी हैं और परिवार का भरण-पोषण करने में कठिनाई हो रही है। घर के खर्च, बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों और अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है।
कर्मचारियों का कहना था कि समय पर मानदेय न मिलने से उनका मनोबल भी प्रभावित हो रहा है, जबकि वे पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में कार्य कर रहे हैं।बैठक के बाद कर्मचारियों ने जिला क्षय रोग अधिकारी मैनपुरी को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द लंबित मानदेय जारी कराने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो वे आगे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।इस दौरान कर्मचारियों ने शासन और प्रशासन से मांग की कि स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नियमित रूप से समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कर्मचारियों को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े। इस मौके पर सुनील शर्मा एलटी, अमित मिश्रा एसटी, भूपति सिंह एसटीएलएस, अंकज यादव एलटी और अंजू एलटीआदि लोग उपस्थित रहे।
