
मैनपुरी (संवाददाता अमन कुमार)। जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने प्रशासनिक व्यवस्था में एक नई पहल करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को अनावश्यक वाहन प्रयोग कम करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि अगर कार्यालय घर के पास है तो अधिकारी पैदल ही ऑफिस जाएं या फिर सीमित वाहन उपयोग अपनाएं।
ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण बचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने सभी विभागों को सरकारी संसाधनों का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से बड़े स्तर पर सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं।
डीएम ने यह भी कहा कि विभागीय बैठकें और समीक्षा कार्य अधिक से अधिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और डिजिटल माध्यमों से किए जाएं, ताकि अनावश्यक आवागमन और ईंधन की खपत कम हो सके।
इसके साथ ही उन्होंने सप्ताह में एक दिन फील्ड विजिट के लिए तय करते हुए बृहस्पतिवार को सभी अधिकारियों के क्षेत्र भ्रमण का दिन निर्धारित किया है। इससे निरीक्षण कार्य व्यवस्थित तरीके से हो सकेंगे और रोजाना होने वाले अनावश्यक दौरे कम होंगे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार पूलिंग अपनाने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि एक ही क्षेत्र के अधिकारी एक ही दिशा में जा रहे हैं तो एक वाहन का सामूहिक उपयोग करें।
सबसे खास बात यह रही कि डीएम डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने खुद अपनी एस्कॉर्ट गाड़ी हटाकर प्रशासनिक तंत्र और आम जनता को ईंधन बचत और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग का संदेश दिया है।
