Homeउत्तर प्रदेशइटावा: हीट वेव की चपेट में आने से किसान की मौत, परिवार...

इटावा: हीट वेव की चपेट में आने से किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम

101741

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। भीषण गर्मी और हीट वेव ने क्षेत्र में एक किसान की जान ले ली। थाना क्षेत्र के ग्राम चक सलेमपुर निवासी किसान रामबहादुर सिंह की खेत पर काम करते समय तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार किसान रामबहादुर सिंह बुधवार को अपने खेत पर काम करने गए थे। दोपहर में तेज धूप और भीषण लू के कारण उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गर्मी से परेशान होकर वह पास ही स्थित एक आम के पेड़ के नीचे जाकर बैठ गए, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के छोटे भाई अटल बिहारी ने बताया कि रामबहादुर सिंह पूरी तरह स्वस्थ थे, लेकिन दिन में अत्यधिक गर्मी और लू लगने के कारण उनकी हालत अचानक बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि परिवार को इस घटना से गहरा सदमा पहुंचा है। मृतक अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गए हैं। इनमें एक पुत्र और एक पुत्री का विवाह हो चुका है, जबकि एक पुत्र और एक पुत्री अभी अविवाहित हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में जब एसडीएम कुमार सत्यभ जीत सिंह से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें अभी मामले की जानकारी नहीं है, जानकारी करने के बाद ही कुछ बताया जा सकेगा। वहीं सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि ऐसा कोई मामला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर नहीं आया था।

Pankaj Rathaur
Pankaj Rathaurhttps://mihnews.in/
जमीन से जुड़ी रिपोर्टिंग में विश्वास रखने और सामाजिक मुद्दों से जुडी खबरे.
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular