
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। नगर के मोहल्ला फक्कड़पुरा स्थित बिलैया मठ के पास सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए समर अवकाश शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य अर्चित यादव सहित विद्यालय परिवार के अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के पंचकोषीय विकास—अन्नमय, प्राणमय, मनोमय, विज्ञानमय एवं आनंदमय कोष—को विकसित करना रहा। शिविर के दौरान बच्चों को योग, प्राणायाम, संस्कृत श्लोक, नैतिक शिक्षा, चित्रकला, खेलकूद एवं विज्ञान प्रयोगों का प्रशिक्षण दिया गया।
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि पंचकोषीय विकास के माध्यम से बच्चों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक विकास को मजबूती मिलती है।
उपप्रधानाचार्य अर्चित यादव ने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों को सकारात्मक एवं संस्कारयुक्त वातावरण उपलब्ध कराकर उनके व्यक्तित्व और कौशल का विकास करना विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य है। शिविर के समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान विकास, रिंकी, पल्लवी, प्रिया, काजल, मसु, वंदना सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
