Home Blog Page 16

रोडवेज बस स्टैंड पर भीषण आग, कई दुकानें जलकर राख

0
104314

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार) जनपद में उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के रोडवेज बस स्टैंड परिसर में अज्ञात कारणों के चलते अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित दुकानों में दिखाई दी, जिसके बाद तेज लपटों ने आसपास की अन्य दुकानों को भी घेर लिया। आग की चपेट में आकर शंकर होटल, गुप्ता होटल, सरस्वती डिपो और पालीवाल डीजल वर्क्स समेत कई प्रतिष्ठानों में भारी नुकसान हुआ है। दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। दुकानदार अपने सामान को बचाने का प्रयास करते रहे, जबकि आसपास मौजूद लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

किशनी थाने में माल मुकदमाती शराब का विनष्टीकरण, 825 लीटर शराब नष्ट

0
104300

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार) जनपद के थाना किशनी परिसर में गुरुवार को माल मुकदमाती शराब के विनष्टीकरण की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक परिक्षेत्र आगरा द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत संपन्न हुई। न्यायालय के आदेश पर थाना परिसर में गड्ढा खुदवाकर जब्त की गई शराब को नष्ट कराया गया। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की गई।

जानकारी के अनुसार मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मैनपुरी द्वारा 12 मई 2026 को जारी आदेश के अनुपालन में थाना किशनी में वर्ष 2025 के कुल 25 मुकदमों से संबंधित माल मुकदमाती शराब का विनष्टीकरण किया गया। नष्ट की गई शराब में लगभग 825 लीटर कच्ची एवं देशी शराब शामिल थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।इस कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक मैनपुरी एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर मैनपुरी द्वारा एक संयुक्त टीम का गठन किया गया था। टीम में उप जिलाधिकारी किशनी गोपाल शर्मा, क्षेत्राधिकारी भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी तथा प्रभारी निरीक्षक किशनी छत्रपाल सिंह शामिल रहे अधिकारियों की देखरेख में थाना परिसर में गड्ढा खुदवाकर शराब को नष्ट कराया गया

विनष्टीकरण की प्रक्रिया को विधिवत रूप से पूरा कराने की जिम्मेदारी हेड मोहर्रिर धीरेन्द्र सिंह यादव ने निभाई। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि माल मुकदमाती शराब के समय-समय पर विनष्टीकरण से थाना परिसरों में अनावश्यक रूप से रखे गए माल का निस्तारण होता है तथा अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को भी मजबूती मिलती है। साथ ही इससे न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित होता है और रिकॉर्ड का उचित रखरखाव बना रहता है। इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर प्रशासन की सक्रियता की सराहना की जा रही है।

थाना समाधान दिवस में डीएम-एसएसपी ने सुनीं फरियादें, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

0
104112

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। थाना सभागार में आयोजित थाना समाधान दिवस में पहुंचे जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी शिकायतों का संयुक्त टीम बनाकर तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को सीधा लाभ मिल सके और थाना समाधान दिवस की उपयोगिता सिद्ध हो।

मारपीट, मजदूरी और भूमि विवाद की शिकायतें पहुंचीं अधिकारियों के सामने समाधान दिवस के दौरान ग्राम तमेंरी निवासी सुधीर कुमार ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह ग्राम कैस्त निवासी कन्हैया लाल के यहां लैट्रिन टैंक निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान कन्हैया लाल के भतीजे ने उन पर हमला कर घायल कर दिया। वहीं रेलमंडी निवासी शैलेंद्र, जो हलवाई का कार्य करते हैं, ने आरोप लगाया कि लल्लूराम बघेल के यहां काम करने के बावजूद उन्हें चार हजार रुपये मजदूरी नहीं दी गई और विवाद किया गया।

इसके अलावा ग्राम नगला केहरी निवासी राममुकेश ने अपनी भूमि के सीमांकन को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। चादनपुरबीबामऊ निवासी अनीता देवी ने भूमि संबंधी मामले में पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की।
निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार नेहा सचान, थानाध्यक्ष कमल भाटी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बकरीद पर शांति बनाए रखने की अपील, सड़क पर नमाज और खुले में कुर्बानी पर रोक

0
103974

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना सभागार में शुक्रवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने की। इसमें मुस्लिम समाज के गणमान्य लोग, धर्मगुरु और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक शामिल हुए।

बैठक में सीओ आयुषी सिंह ने लोगों से त्योहार को आपसी भाईचारे और कानून व्यवस्था का पालन करते हुए मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में सड़क पर नमाज अदा न की जाए और खुले स्थानों पर कुर्बानी न दी जाए। साथ ही कुर्बानी के बाद बचे अवशेषों को निर्धारित तरीके से जमीन में दफन कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने शासन और उच्चाधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए उनका पालन सुनिश्चित करने को कहा।

सीओ ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और हर उपद्रवी तत्व पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने सभी समुदायों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि त्योहार आपसी सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक हैं, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाएं। बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

मुनि विश्रांत सागर महाराज का नगर में मंगल प्रवेश, जैन समाज ने किया भव्य स्वागत

0
103942

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। शनिवार प्रातः इटावा की कुनैरा से विहार करते हुए समाधिस्थ आचार्य श्री विराग सागर महाराज के शिष्य एवं प्रवचन केसरी मुनि श्री 108 विश्रांत सागर महाराज का नगर में मंगल प्रवेश हुआ। श्री पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंचने पर सकल दिगंबर जैन समाज के श्रद्धालुओं, युवाओं और गुरु भक्तों ने उनका भव्य स्वागत किया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने आरती, पाद प्रक्षालन और जयघोष के साथ मुनि श्री का मंगल प्रवेश कराया। पूरा वातावरण धर्ममय और भक्तिमय बना रहा।

103938

प्रवचन के दौरान मुनि श्री विश्रांत सागर महाराज ने कहा कि प्रत्येक जीव में ज्ञान विद्यमान है, आवश्यकता केवल उसके सही दिशा और सही स्थान पर उपयोग की है। मनुष्य यदि अपने ज्ञान का सदुपयोग करे तो वह इस भव से मुक्ति प्राप्त कर सकता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे दूध से घी प्राप्त करने के लिए सही प्रक्रिया का ज्ञान जरूरी है, उसी प्रकार जीवन में सही मार्ग और सही दिशा में कार्य करने से ही आत्मकल्याण संभव है। उन्होंने कहा कि यदि हम जिनवाणी माता की शरण में जाएं तो अपनी आत्मा को परमात्मा बना सकते हैं। मुनि श्री ने कहा कि एक पत्थर मंदिर में मूर्ति बनकर पूजनीय हो जाता है और दूसरा फर्श में लग जाता है, अंतर केवल आकार और उपयोग का होता है। इसी प्रकार मनुष्य को भी अपने जीवन को सही आकार देने की आवश्यकता है। प्रवचन के दौरान श्रद्धालुओं ने गुरुदेव के उपदेशों को श्रद्धा भाव से सुना और धर्म लाभ प्राप्त किया।

अज्ञात वाहन की टक्कर से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत, सम्मान के साथ दी गई भू-समाधि

0
103351

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार) जनपद मैनपुरी के बेवर क्षेत्र के अंतर्गत जीटी रोड स्थित टीएस ढाबा के पास ग्राम जोगा में उस समय शोक का माहौल फैल गया, जब राष्ट्रीय पक्षी मोर की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि एक तेज रफ्तार अज्ञात डीसीएम वाहन ने मोर को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। राष्ट्रीय पक्षी की मौत की सूचना पुलिस प्रशासन को भी दी गई, जिसके बाद नवीगंज पुलिस चौकी से हेड कांस्टेबल अशोक कुमार दीवान मौके पर पहुंचे। ग्राम प्रधान बृजेश शाक्य ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों के साथ मिलकर मोर के शव को सुरक्षित कब्जे में लिया।राष्ट्रीय पक्षी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने मोर का अंतिम संस्कार पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ किया। उचित रीति-रिवाज के अनुसार मोर को भू-समाधि दी गई। इस दौरान मौजूद लोगों ने राष्ट्रीय पक्षी के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की

घटना के समय मौके पर मनोज कुमार, रिंकू, जागेश्वर, चंदन शाक्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने कहा कि मोर केवल एक पक्षी नहीं बल्कि देश की सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर का प्रतीक है। उसकी इस तरह असमय मौत से पूरे गांव में दुख का माहौल है।वहीं ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के बढ़ते खतरे पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस और ग्राम प्रधान द्वारा राष्ट्रीय पक्षी को सम्मानपूर्वक भू-समाधि दिए जाने की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।

केवट संवाद सुन भावुक हुए श्रद्धालु, उर्मिला के त्याग की कथा ने नम कीं आंखें

0
103500

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। क्षेत्र के ग्राम नगला रामसुंदर में चल रहे नौ दिवसीय श्रीराम कथा महायज्ञ के छठे दिवस शुक्रवार को कथा पंडाल भक्ति और भावनाओं से सराबोर हो उठा। कथावाचक आचार्य शशिकांत रामायणी ने रामायण और पुराणों के प्रसंगों का वर्णन करते हुए भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनगमन के दौरान हुए केवट संवाद तथा उर्मिला चरित्र की कथा विस्तार से सुनाई। कथा सुन श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। आचार्य शशिकांत रामायणी ने कहा कि जब भगवान श्रीराम वनवास के लिए अयोध्या से निकले और गंगा तट पहुंचे तो वहां निषादराज केवट ने प्रभु को पहचान लिया। केवट ने प्रभु श्रीराम के चरण धोए बिना नाव में बैठाने से इंकार कर दिया। उसने विनम्र भाव से कहा कि जिस प्रकार प्रभु के चरण स्पर्श से पत्थर भी नारी बन गई, कहीं उसकी नाव भी रूपांतरित न हो जाए।

103439

इसके बाद केवट ने प्रभु के चरणों को धोकर पूरे परिवार सहित उस चरणामृत को ग्रहण किया। कथावाचक ने बताया कि यह प्रसंग भक्ति, समर्पण और निष्काम सेवा का प्रतीक है। कथा के दौरान उर्मिला चरित्र का मार्मिक वर्णन करते हुए आचार्य ने कहा कि लक्ष्मण के वनवास जाने के बाद माता उर्मिला ने चौदह वर्षों तक त्याग, तपस्या और धैर्य का परिचय दिया। उन्होंने परिवार और राज्य की मर्यादा बनाए रखते हुए अपने पति के कर्तव्य पालन में कभी बाधा नहीं बनने दिया। कथावाचक ने कहा कि उर्मिला का त्याग भारतीय नारी शक्ति और समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण है, लेकिन रामायण में उनके त्याग की चर्चा कम होती है।

कथा के बीच-बीच में संगीत मंडली द्वारा प्रस्तुत भजन और कीर्तन ने वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा। “राम लला के दर्शन पाकर धन्य हुआ संसार” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। महायज्ञ में परीक्षित की भूमिका ठाकुर चंद्रवीर सिंह तोमर एवं राजेश्वरी देवी निभा रहे हैं। इस दौरान विश्वनाथ तोमर, राजनरेश सिंह, मनोज तोमर, ब्रज बिहारी सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन समिति की ओर से प्रसाद वितरण और श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं की गईं।

मुख्यमंत्री के आदेश बेअसर: जसवंतनगर चौराहे पर डबल डेकर बसों का ‘साम्राज्य’

0
103488

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। नगर क्षेत्र में इन दिनों डबल डेकर बसों का अवैध संचालन प्रशासन और परिवहन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इटावा से होकर दिल्ली, बिहार, राजस्थान, हरियाणा और मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों के लिए संचालित होने वाली डबल डेकर बसें नियम-कायदों को खुलेआम चुनौती देती नजर आ रही हैं। हालत यह है कि शाम सात बजे से लेकर देर रात तक जसवंतनगर चौराहे पर दो दर्जन से अधिक बसों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे खड़ी बसों और एजेंटों की भीड़ के कारण राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि कई बसों का संबंध प्रभावशाली लोगों से होने के कारण इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हो पाती। आरोप है कि निजी बस संचालकों ने ऐसा नेटवर्क बना लिया है कि कई बार रोडवेज बसों को भी फ्लाईओवर के ऊपर से निकालने का दबाव बनाया जाता है। बताया जाता है कि कुछ रोडवेज बसें नीचे चौराहे तक नहीं आतीं और यात्रियों को फ्लाईओवर पर ही उतार देती हैं, जबकि नीचे मौजूद एजेंट यात्रियों को निजी डबल डेकर बसों में बैठा लेते हैं। इससे रोडवेज विभाग को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।

चौराहे पर एक दर्जन से अधिक एजेंटों ने स्थायी अड्डा बना रखा है। यात्रियों को रोडवेज बसों में बैठने से रोककर निजी बसों में भेजने का खेल देर रात तक चलता रहता है। कई बसों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई जाती हैं, जबकि कई वाहनों की फिटनेस को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
नियमों के मुताबिक प्रत्येक बस में वैध फिटनेस प्रमाणपत्र, फायर एक्सटिंग्विशर, फर्स्ट एड बॉक्स, इमरजेंसी गेट और अन्य सुरक्षा उपकरण होना अनिवार्य है, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकांश डबल डेकर बसों में ये व्यवस्थाएं नहीं हैं। कई बसों में आग बुझाने का यंत्र तक मौजूद नहीं है। ऐसे में किसी हादसे की स्थिति में यात्रियों की जान पर बड़ा खतरा मंडरा सकता है।

पूर्व में भी डबल डेकर बसों के हादसों में ओवरलोडिंग और लापरवाही सामने आ चुकी है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग गंभीर नहीं दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने परिवहन विभाग, प्रशासन और पुलिस से संयुक्त अभियान चलाकर अवैध बस संचालन, ओवरलोडिंग और एजेंटों के नेटवर्क पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

लोहिया ग्राम में जननायक चंद्रशेखर जन्मशती समारोह के तहत किया गया सामाजिक कार्यकर्ताओं का सम्मान

0
103442

इटावा (संवाददाता : पंकज राठौर)। आज़ादी एवं सामाजिक आंदोलन का प्रमुख केंद्र रहे ग्राम लोहिया में भारत यात्रा अभियान के तहत “चम्बल घाटी में जननायक चंद्रशेखर जन्मशती समारोह” की कड़ी में शुक्रवार को प्रख्यात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया जी की पुण्य तिथि पर उनके समाधि स्थल पर गार्ड ऑफ ऑनर के साथ श्रद्धांजलि देकर जिले के कई सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया और भारत के महान समाजवादी नेताओं के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा की गई।

भारत यात्रा के अध्यक्ष और जननायक चंद्रशेखर जी के साथी रहे सुधींद्र भदौरिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लोहिया ग्राम की यह पावन भूमि आजादी के आंदोलन तथा उसके बाद आजाद भारत में भी अनेक सामाजिक आंदोलन का प्रमुख केंद्र रही, जहां जयप्रकाशजी, डा. राम मनोहर लोहिया, महान महिला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अरुणा आसफ अली, मधु लिमए, जॉर्ज फर्नाडीज जैसे देश के महान समाजवादी नेता कई बार आते रहे, और हमारे सेनानी पिताश्री अर्जुन सिंह भदौरियाजी के साथ देश के ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा करते थे। पूर्व प्रधान मंत्री एवं जननायक की छवि रखने वाले चंद्रशेखर जी भी कई बार इस पावन भूमि पर आए। और जब 1983 में उन्होंने भारत यात्रा आरम्भ की, तब मैं भी उस पद यात्रा में उनके साथ रहा। और आज उसी कड़ी में जननायक चंद्रशेखर जी जन्मशती समारोह के अंतर्गत नई पीढ़ी को ऐसे राष्ट्रनायकों के जीवन चरित से अवगत कराने हेतु यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बाबूजी के साथी रहे जनपद इटावा के अनेक वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं, जिनमें खादिम अब्बास, गणेश ज्ञानार्थी, सुधीर मिश्र, शिक्षिका मिथिलेश कुमारी, राजवीर सिंह, सेनानी अंगद सिंह के पुत्र दिनेश सिंह, कनौजी लाल आचार्य, शिववीर सिंह प्रधान, प्रेम चंद पुजारी को अंग वस्त्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया है।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए वरिष्ठ पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता डा. जय चंद्र भदौरिया ने कहा कि लोहिया ग्राम की यह पावन भूमि बहुत ही दुर्लभ स्थान रहा है, जहां कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया से लेकर चंद्रशेखर जी मुलायम सिंह यादव और हमारे जैसे अनेक राजनैतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आकर इस मिट्टी से तिलक करके अपने को धन्य किया है।

इस अवसर पर खादिम अब्बास और गणेश ज्ञानार्थी ने भी कमांडर साहब तथा यहां आने वाले देश के सभी बड़े समाजवादी नेताओं के व्यक्तित्व और कृतित्व का भावपूर्ण स्मरण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों से आए अनेक लोगों ने भी समता समाधिस्थल पर पुष्पार्पण कर कविताओं, गीतों, फाग आदि गायन कर भारत यात्रा के ” एक प्रयास, जन जन में जागे विश्वास ” अभियान को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया इससे पूर्व समाधि स्थल पर अमर सेनानी कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया को पुलिस गारद की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया। कार्यक्रम में दफेदार सिंह, मास्टर राजवीर सिंह, सिद्धार्थ भदौरिया, संजय सिंह चौहान, प्रदीप कुमार, प्रकाश बाबू, सुरेश कुमार, कृष्णा भदौरिया आदि मौजूद रहे।

अवैध पैथोलॉजी व झोलाछाप डॉक्टरों पर स्वास्थ्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, मचा हड़कंप

0
102844

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। जनपद के बेवर थाना क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अवैध पैथोलॉजी लैब और नोडल अधिकारी आशुतोष कुमार के द्वारा झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ की जा रही ताबड़तोड़ कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। विभाग की सख्ती के बाद कई झोलाछाप डॉक्टर अपनी अवैध क्लीनिकों पर ताले लगाकर फरार हो गए हैं, जबकि कई संचालकों में कार्रवाई का डर साफ दिखाई दे रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना मानकों और अनुमति के संचालित हो रही लैब तथा अवैध क्लीनिक किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बेवर थाना क्षेत्र के नवीगंज कस्बे में अभियान चलाकर अवैध रूप से संचालित हो रही पैथोलॉजी लैबों की जांच की। जांच के दौरान मानकों के अनुरूप दस्तावेज और आवश्यक अनुमति न मिलने पर “अनुराग पैथोलॉजी लैब” सहित दो लैबों को सील कर दिया गया। विभागीय कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अन्य अवैध लैब संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति बन गई।

इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग ने नवीगंज कस्बे में बिना अनुमति क्लीनिक संचालित कर रहे झोलाछाप डॉक्टरों पर भी कार्रवाई शुरू की। विभागीय टीम ने कथित रूप से अवैध तरीके से क्लीनिक चला रहे डॉक्टर उमेश कुमार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। बिना पंजीकरण, बिना योग्य चिकित्सकीय व्यवस्था और मानकों की अनदेखी कर संचालित क्लीनिक व लैब मरीजों की जान के लिए खतरा बन सकती हैं। इसलिए ऐसे संस्थानों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।

विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध पैथोलॉजी संचालकों में भय का माहौल है। कई स्थानों पर क्लीनिक बंद पाए गए, जबकि कुछ संचालक मौके से गायब बताए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है सरकारी अस्पताल में कि इलाज या जांच करवाएं और केवल मान्यता प्राप्त डॉक्टरों और पंजीकृत लैबों का ही चयन करें, ताकि किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या से बचा जा सके। वही नोडल अधिकारी आशुतोष कुमार ने जनता से अपील की है कि सरकारी अस्पताल में डॉक्टर से परामर्श लेकर चैकअप कराकर दवाई ले या फिर पंजीकरण डॉक्टरो से इलाज कराये ।