
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। थाना सभागार में आयोजित थाना समाधान दिवस में पहुंचे जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी शिकायतों का संयुक्त टीम बनाकर तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को सीधा लाभ मिल सके और थाना समाधान दिवस की उपयोगिता सिद्ध हो।
मारपीट, मजदूरी और भूमि विवाद की शिकायतें पहुंचीं अधिकारियों के सामने समाधान दिवस के दौरान ग्राम तमेंरी निवासी सुधीर कुमार ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह ग्राम कैस्त निवासी कन्हैया लाल के यहां लैट्रिन टैंक निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान कन्हैया लाल के भतीजे ने उन पर हमला कर घायल कर दिया। वहीं रेलमंडी निवासी शैलेंद्र, जो हलवाई का कार्य करते हैं, ने आरोप लगाया कि लल्लूराम बघेल के यहां काम करने के बावजूद उन्हें चार हजार रुपये मजदूरी नहीं दी गई और विवाद किया गया।
इसके अलावा ग्राम नगला केहरी निवासी राममुकेश ने अपनी भूमि के सीमांकन को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। चादनपुरबीबामऊ निवासी अनीता देवी ने भूमि संबंधी मामले में पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की।
निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार नेहा सचान, थानाध्यक्ष कमल भाटी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
