Home Blog Page 15

इंसानियत की मिसाल बना नेताजी सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन

0
108416

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। जिले में इंसानियत और मानव सेवा की एक बेहद भावुक और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। एक अज्ञात व्यक्ति खुद चलकर जिला अस्पताल की इमरजेंसी तक पहुंचा, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। चिकित्सकों ने उसे बचाने का पूरा प्रयास किया, मगर इलाज के दौरान वह जिंदगी की जंग हार गया। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि उसकी पहचान नहीं हो सकी और 72 घंटे तक अस्पताल प्रशासन व सामाजिक कार्यकर्ता उसके परिजनों के आने का इंतजार करते रहे। उम्मीद थी कि शायद कोई अपना उसे पहचान लेगा, कोई रिश्तेदार उसे लेने आएगा, लेकिन आखिर तक कोई नहीं आया।

जब अपनों ने साथ छोड़ दिया, तब मैनपुरी की सामाजिक संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन ने मानवता का परिचय देते हुए उस अज्ञात शव का पूरे सम्मान और धार्मिक रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार कराया। संस्था के सदस्यों ने न केवल अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाई, बल्कि यह संदेश भी दिया कि इंसानियत आज भी जिंदा है।संस्था से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बताया कि यह उनका पहला कार्य नहीं है। फाउंडेशन अब तक 59 लावारिस शवों का वारिस बन चुका है और सभी का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया गया है।

संस्था के संस्थापक ने बताया कि उन्होंने अपने दो साथियों के साथ इस सेवा कार्य की शुरुआत की थी। धीरे-धीरे लोगों का सहयोग बढ़ता गया और आज संस्था के साथ लगभग आधा सैकड़ा लोग जुड़ चुके हैं, जो निस्वार्थ भाव से मानव सेवा में लगे हुए हैं।संस्था का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल अंतिम संस्कार करना नहीं, बल्कि समाज में मानवता की अलख जगाना है। ऐसे लोग, जिनका इस दुनिया में कोई नहीं बचता, उनके अंतिम सफर को सम्मान देना ही सबसे बड़ी सेवा है। संस्था के सदस्यों ने संकल्प लिया है कि यह सेवा कार्य जीवन पर्यंत जारी रहेगा और जरूरतमंदों की मदद के लिए वे हमेशा आगे खड़े रहेंगे।

नवीगंज में दुकानदारों ने स्वयं हटाए ओवरब्रिज के नीचे से खोखे

0
107386

बेवर (संवाददाता – अमन कुमार) मैनपुरी – जनपद मैनपुरी के बेवर के ग्राम नवीगंज में नेशनल हाईवे ओवरब्रिज के नीचे किए गए अतिक्रमण को लेकर प्रशासन की सख्ती के बाद दुकानदारों ने स्वयं अपने खोखे और सामान हटाने शुरू कर दिए। एसडीएम भोगांव नीरज कुमार एवं नेशनल हाईवेअधिकारियों द्वारा एक सप्ताह पहले अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया गया था, जिसकी समय-सीमा पूरी होने से पहले ही दुकानदारों ने कार्रवाई शुरू कर दी। बुधवार को स्थानीय व्यापारियों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई या बल प्रयोग से बचने के लिए स्वेच्छा से अपने टीन शेड, व्यावसायिक काउंटर और अन्य सामान हटाए।

भारी टीन के खोखों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए निजी स्तर पर हाइड्रोलिक क्रेन और मजदूरों की मदद ली गई। पूरे दिन ओवरब्रिज के नीचे खोखे हटाने का कार्य चलता रहा। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि नेशनल हाईवे एवं ओवरब्रिज के नीचे अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी तथा सुरक्षा संबंधी खतरा भी बना हुआ था। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। दुकानदारों द्वारा स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है। बिना किसी विवाद और बल प्रयोग के सरकारी भूमि को खाली कराए जाने को प्रशासन ने सकारात्मक पहल बताया है। स्थानीय लोगों ने भी इस कदम को यातायात व्यवस्था और सुरक्षा की दृष्टि से उचित बताया।

रसूलपुर में सात दिवसीय बुद्ध कथा का हुआ भावपूर्ण समापन

0
107363

बेवर (संवाददाता – अमन कुमार) मैनपुरी । जनपद मैनपुरी के बेवर क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर में आयोजित सात दिवसीय बुद्ध कथा का समापन सातवें एवं अंतिम दिवस पर श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। कथा के अंतिम दिन कथावाचक मनोज ब्लास्ट ने भगवान बुद्ध के जीवन के अंतिम पड़ाव ‘महापरिनिर्वाण’ का अत्यंत मार्मिक वर्णन कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया कथावाचक ने बताया कि भगवान बुद्ध ने 80 वर्ष की आयु में कुशीनगर के सालवन में वैशाख पूर्णिमा के दिन अपने नश्वर शरीर का त्याग किया था।

उन्होंने बुद्ध के अंतिम संदेश “अप्प दीपो भव” का अर्थ समझाते हुए कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में स्वयं अपना मार्गदर्शक बनना चाहिए। दूसरों के सहारे या चमत्कारों पर निर्भर रहने के बजाय अपने विवेक, ज्ञान और कर्मों के बल पर आगे बढ़ना ही बुद्ध का सच्चा संदेश है। कथा के दौरान भगवान बुद्ध के त्याग, करुणा, अहिंसा और मानवता के सिद्धांतों का विस्तार से वर्णन किया गया। कथावाचक ने कहा कि बुद्ध का सम्पूर्ण जीवन समाज को सत्य, शांति और सद्भाव का मार्ग दिखाने के लिए समर्पित रहा। कथा के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडाल में उपस्थित रहे और बुद्ध के उपदेशों को सुन भावुक हो उठे।

कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने बुद्ध वंदना कर विश्व शांति की कामना की। इस अवसर पर हर्ष शाक्य, सर्वेश कुमार, राजू शाक्य, ध्रुव सिंह शाक्य, नीतेश शाक्य, दीपू शाक्य, कौशलेंद्र शाक्य सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा पंडाल श्रद्धा और भक्ति से सराबोर दिखाई दिया।

सैफई-इटावा की धरती पर गूंजा अफ्रीकी और भारतीय संगीत का संगम

0
107263

सैफई (संवाददाता : पंकज राठौर)। इटावा की धड़कन अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर गूंज रही है। इटावा के उभरते स्वतंत्र कलाकार कलमकार शिवाय ने नाइजीरियाई कलाकार विज़ी स्कॉट एवं ज़िम्बाब्वे की तृषा के साथ मिलकर अपना अंतरराष्ट्रीय सहयोग गीत “ब्लैक सुंदरी” रिलीज़ किया है, जो इस समय सोशल मीडिया और संगीत मंचों पर तेज़ी से लोकप्रिय हो रहा है। गाने की शूटिंग होटल सिग्नेचर वार एन्ड रेस्टोरेंट व सैफई में कई जगह हुई थी।

हिंदी धुनों और अफ्रीकी संगीत से प्रेरित शानदार तालों का मिश्रण लिए यह गीत केवल एक संगीत सहयोग नहीं, बल्कि अफ्रीकी सौंदर्य, एकता और सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक बनकर सामने आया है। गीत का संदेश नस्लवाद और नफरत के खिलाफ प्रेम, संगीत और इंसानियत को बढ़ावा देना है।

“ब्लैक सुंदरी” का संगीत वीडियो सैफई और इटावा की विभिन्न लोकेशनों पर फिल्माया गया है, जिसमें आधुनिक आधारभूत संरचना, सिनेमाई दृश्य और अंतरराष्ट्रीय माहौल देखने को मिलता है। विज़ी स्कॉट ने भी सैफई की आधुनिक सुविधाओं और वहां के वातावरण की खुलकर सराहना की।

यह गीत चंबल म्यूजिक रिकॉर्ड्स के तहत रिलीज़ किया गया है और सैफई के आधुनिक स्टेडियम सहित कई स्थानों की झलकियों के कारण चर्चा में बना हुआ है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह सहयोग इटावा के कलाकारों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा। गीत के मीडिया प्रभारी सुघर सिंह जी, सैफई हैं।

इस गीत में इटावा के रहने वाले निर्देशक एवं छायाकार ऋतिक आनंद, ओमजी, रफ्तार तथा कोरियोग्राफी एवं अभिनय में नित्या अग्रवाल और जितेंद्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कलमकार शिवाय ने कहा कि छोटे शहरों से निकलकर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का संगीत बनाया जा सकता है और “ब्लैक सुंदरी” उसी सोच का परिणाम है। कलाकारों ने इटावा और सैफई की जनता का प्यार और समर्थन देने के लिए विशेष आभार भी व्यक्त किया।

महंगे शौख पूरे करने के चक्कर मे छात्र बने लुटेरे पुलिस ने दबोचा

0
107247

चन्दौली (संवाददाता – शमशेर चौधरी)। जनपद से है जहां पुलिस ने 1 लाख 34000 की लूट का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है यह वारदात पड़ाव-भोजपुर मार्ग पर हुई थी मुगलसराय थाना पुलिस ने एसओजी, सर्विलांस और साइबर सेल की संयुक्त टीम के साथ ओ.पी. गार्डेन के सामने घेराबंदी कर इन्हें पकड़ा पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से ₹60 हजार नकद, घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें, चार मोबाइल फोन और पीड़ित का लूटा गया बैग बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार यह घटना 21 मई को हुई थी वाराणसी निवासी महताब अहमद जो एक कंपनी में मुनीब हैं दुकानदारों से वसूली कर लौट रहे थे ग्राम चौरहट के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में मुगलसराय थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था पुलिस ने करीब 25 किलोमीटर के दायरे में लगे 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जिसके बाद आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आर्यन श्रीवास्तव शिवांग पांडेय मोहम्मद तारिक अंसारी उर्फ आर्यन और देव सरकार उर्फ दयाल के रूप में हुई है पूछताछ में पता चला कि उनके साथी आकाश यादव जो कलेक्शन का काम करता था ने मुनीब की गतिविधियों की जानकारी दी थी सभी आरोपी छात्र हैं और जल्दी अमीर बनने तथा अपने शौक पूरे करने के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया पुलिस फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

इटावा: पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

0
106356

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। थाना जसवंतनगर पुलिस ने सोमवार सुबह कचोरा रोड पर मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध देशी तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

जानकारी के मुताबिक क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह के निर्देशन तथा थाना अध्यक्ष कमल भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम कचोरा रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो अपराधी बाइक से क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी घायल हो गए। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान तनुश उर्फ शक्ति (23) पुत्र प्रेम सिंह निवासी आनंद नगर, पक्का बाग इटावा और सुमित उर्फ सनकी पहलवान पुत्र मनोज कुमार निवासी नगला भगत के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार तनुश उर्फ शक्ति के खिलाफ पांच से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, उसके बाए पैर में गोली लगी है। जबकि सुमित उर्फ सनकी पहलवान पर करीब 14 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज बताए गए हैं। सुमित हाल ही में सराय भूपत रेलवे क्रॉसिंग के समीप आगजनी की घटना में भी वांछित चल रहा था। थाना जसवंतनगर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसके दाहिने पैर में गोली लगी है। बताया गया कि भागने के दौरान आरोपियों की बाइक फिसल गई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें घेरकर गिरफ्तार कर लिया। सुमित का नाम कथित रूप से “महाकाल गैंग” से भी जुड़ता रहा है। पुलिस अब दोनों के आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में भी जांच कर रही है।

कार्रवाई में उपनिरीक्षक शुभम वर्मा, उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी सहित थाना पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए दोनों बदमाशों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस अब उनके अन्य आपराधिक नेटवर्क, संभावित सहयोगियों और हालिया घटनाओं में संलिप्तता की जांच में जुटी है।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर जसवंतनगर पुलिस का शिकंजा, 130 चालान और डंपर सीज

0
105460

इटावा (संवाददाता – पंकज राठौर)। जसवन्तनगर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। आयुषी सिंह के निर्देशन और थाना प्रभारी कमल भाटी के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग और नगर क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, फर्जी नंबर प्लेट लगाने और वाहनों में अवैध हूटर-सायरन का इस्तेमाल करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रही। पुलिस ने कुल 130 वाहन चालकों के चालान किए, जबकि एक डंपर को सीज कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 10 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं फर्जी और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वाले 70 वाहन चालकों तथा अवैध हूटर और सायरन लगाने वाले 50 वाहन चालकों के चालान किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अभियान के दौरान उपनिरीक्षक ललित किशोर चतुर्वेदी, शुभम वर्मा, कृष्ण कुमार, मनीष कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

श्री राठौर सेवा संस्थान का सदस्यता अभियान सफल, समाजसेवा के लिए जुड़े नए चेहरे

0
104896

इटावा (संवाददाता – पंकज राठौर)। श्री राठौर सेवा संस्थान द्वारा चलाया गया सदस्यता विस्तार अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जनपद इटावा के प्रसिद्ध टिक्सी मंदिर में आयोजित दूसरी बैठक में कई समाजसेवियों, युवाओं और जागरूक नागरिकों ने संस्था की सदस्यता ग्रहण कर समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त सदस्यों को सदस्यता प्रमाण पत्र और स्वागत पटिका भेंट कर सम्मानित किया। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन शिक्षा, स्वास्थ्य, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक जागरूकता जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रहा है। नए सदस्यों के जुड़ने से संस्था को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

संस्था के अध्यक्ष डॉ. संतोष राठौर ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन सामूहिक प्रयासों से ही संभव है और संस्था भविष्य में भी अधिक से अधिक सेवाभावी लोगों को जोड़कर जनहित के कार्यों को गति देती रहेगी।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष हिमांशु कुमार, महामंत्री विपिन राठौर, मंत्री बबलू राठौर, कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार, संगठन मंत्री अतुल राठौर, मीडिया प्रभारी पंकज राठौर सहित कई पुराने और नए सदस्य मौजूद रहे। महिला शक्ति की ओर से कविता राठौर और बबली राठौर सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

मैनपुरी: सोने चांदी के आभूषण समेत नगदी चोरी, मचा हड़कंप

0
104583

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार) जनपद मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए नगदी समेत लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम खिरिया निवासी कमलेश कुमार पुत्र रामचंद्र शनिवार रात रोज की तरह अपने परिवार के साथ मकान में नीचे ताला लगाकर गर्मी के कारण छत पर सो रहे थे।

देर रात लगभग 12 बजे अज्ञात चोर मकान के पीछे बने जंगले को तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और बक्सों को खंगालते हुए सोने-चांदी के कीमती आभूषण तथा नगदी चोरी कर ली। पीड़ित परिवार के अनुसार चोर चांदी की पायल, कमर कधनी, हाथ फूल, सोने की झुमकी, मंगलसूत्र सहित करीब 10 हजार रुपये की नकदी और बक्से में रखे पीतल के बर्तन भी अपने साथ ले गए।

रविवार सुबह जब परिवार के लोग नीचे उतरे तो जंगला टूटा देख उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते चोरी की खबर गांव में आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया ।

तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार -तमंचा व बुलेट बाइक बरामद

0
104210

चंदौली (संवाददाता – शमशेर चौधरी) उत्तर प्रदेश के चंदौली से है जहां अलीनगर पुलिस ने गोली चलाने की घटना में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर एक जिंदा कारतूस एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बुलेट व एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 17 मई 2026 को क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद और दोस्ती को लेकर रंजिश में आरोपियों ने रितेश पासवान के घर पहुंचकर फायरिंग की थी आरोप है कि अभियुक्तों ने पहले फिरौती की मांग की और पैसा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी इसके बाद रितेश के घर पहुंचकर छत की ओर गोली चलाई गई।

घटना के बाद थाना अलीनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने चंदरखा अंडरपास के पास से अंकित यादव, मृत्युंजय मौर्या उर्फ गुल्लू और रवि किशन यादव को गिरफ्तार कर लिया पूछताछ में आरोपियों ने आपसी रंजिश और विवाद में घटना को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया।