
मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार) जनपद मैनपुरी के बेवर क्षेत्र के अंतर्गत जीटी रोड स्थित टीएस ढाबा के पास ग्राम जोगा में उस समय शोक का माहौल फैल गया, जब राष्ट्रीय पक्षी मोर की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि एक तेज रफ्तार अज्ञात डीसीएम वाहन ने मोर को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। राष्ट्रीय पक्षी की मौत की सूचना पुलिस प्रशासन को भी दी गई, जिसके बाद नवीगंज पुलिस चौकी से हेड कांस्टेबल अशोक कुमार दीवान मौके पर पहुंचे। ग्राम प्रधान बृजेश शाक्य ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों के साथ मिलकर मोर के शव को सुरक्षित कब्जे में लिया।राष्ट्रीय पक्षी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने मोर का अंतिम संस्कार पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ किया। उचित रीति-रिवाज के अनुसार मोर को भू-समाधि दी गई। इस दौरान मौजूद लोगों ने राष्ट्रीय पक्षी के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की
घटना के समय मौके पर मनोज कुमार, रिंकू, जागेश्वर, चंदन शाक्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने कहा कि मोर केवल एक पक्षी नहीं बल्कि देश की सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर का प्रतीक है। उसकी इस तरह असमय मौत से पूरे गांव में दुख का माहौल है।वहीं ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के बढ़ते खतरे पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस और ग्राम प्रधान द्वारा राष्ट्रीय पक्षी को सम्मानपूर्वक भू-समाधि दिए जाने की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
