
मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार) जनपद मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए नगदी समेत लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम खिरिया निवासी कमलेश कुमार पुत्र रामचंद्र शनिवार रात रोज की तरह अपने परिवार के साथ मकान में नीचे ताला लगाकर गर्मी के कारण छत पर सो रहे थे।
देर रात लगभग 12 बजे अज्ञात चोर मकान के पीछे बने जंगले को तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और बक्सों को खंगालते हुए सोने-चांदी के कीमती आभूषण तथा नगदी चोरी कर ली। पीड़ित परिवार के अनुसार चोर चांदी की पायल, कमर कधनी, हाथ फूल, सोने की झुमकी, मंगलसूत्र सहित करीब 10 हजार रुपये की नकदी और बक्से में रखे पीतल के बर्तन भी अपने साथ ले गए।
रविवार सुबह जब परिवार के लोग नीचे उतरे तो जंगला टूटा देख उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते चोरी की खबर गांव में आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया ।
