Home Blog Page 14

बाइक फिसलने से युवक की मौत अधेड़ घायल

0
110227

बेवर (संवाददाता- अमन कुमार)। मैनपुरी – थाना क्षेत्र के एन एच 92 पर ग्राम लालपुर के सामने बाइक फिसलने से युवक की मौत हो गई वहीं बाइक सवार अधेड़ घायल हो गए। मामले के अनुसार हरीविलास पुत्र बालक राम अपने चाचा इंद्रजीत पुत्र बाबूराम के साथ अपने फूफा की 13वीं कार्यक्रम से ग्राम जोगपुर, भोगांव से अपने गांव नगला गढ़ू थाना बेवर लौट रहे थे। बेवर के इटावा रोड पर ग्राम लालपुर के सामने एन एच 92 पर रात्रि लगभग 8:00 बजे बाइक फिसल गई। घटना में हरीविलास 38 वर्ष के गंभीर चोटें आने से मौत हो गई वहीं इंद्रजीत 55 वर्ष घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया वहीं इंद्रजीत का सीएचसी बेवर पर इलाज जारी है। घटना से मृतक की पत्नी निशा का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक किसान था। मृतक के दो पुत्र व एक पुत्री है।

लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर क्षेत्र में हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम

0
110046

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर नगर में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रेरणा सभागार और कोठी कैस्त के सामने हाईवे किनारे स्थित एक मैरिज होम में हुए आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर लोकमाता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रेरणा सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक शिवपाल सिंह यादव के प्रतिनिधि एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनुज मोंटी यादव सहित अन्य लोगों ने लोकमाता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर धनगर जागृति फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. रामकुमार पाल भी मौजूद रहे। वक्ताओं ने लोकमाता के सामाजिक योगदान, न्यायप्रियता, जनसेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए कार्यों को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

उधर, लक्ष्मी मैरिज होम में पूर्व प्रधानाचार्य दाऊ दयाल धनगर के नेतृत्व में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धनगर समाज के सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया। समारोह की मुख्य अतिथि जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या कुमारी पाल रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज सेवा, धर्म और न्याय के क्षेत्र में उनके कार्य आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं।

वक्ताओं ने कहा कि लोकमाता ने अपने शासनकाल में धार्मिक स्थलों के निर्माण, गरीबों की सहायता तथा समाज कल्याण के अनेक कार्य किए। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने लोकमाता के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

ऑपरेशन चक्रव्यूह: जसवंतनगर पुलिस ने 7 वारंटी गिरफ्तार किए, 4 अभियुक्तों ने कराया वारंट रिकॉल

0
110032

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ अभियान के तहत थाना जसवंतनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में वांछित 7 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वहीं 4 अभियुक्तों द्वारा न्यायालय से वारंट रिकॉल कराए जाने की जानकारी भी पुलिस ने दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न न्यायालयों से गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। थाना पुलिस ने लगातार दबिश और सुरागरसी के बाद उन्हें गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालयों के समक्ष पेश किया।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में नगला जगन निवासी कौशल कुमार, टकपुरा निवासी बबलू, उस्मान व परवीन उर्फ खुशबू, सिद्धार्थ नगर निवासी नीतू शर्मा तथा धनुआ निवासी रामौतार और राजकुमारी शामिल हैं। इनके विरुद्ध विभिन्न धाराओं में दर्ज मामलों में न्यायालयों द्वारा वारंट जारी किए गए थे। इसके अलावा नवलपुरा निवासी सतेन्द्र कुमार, रामलीला की मड़ैया निवासी शैलेन्द्र सहित कुल चार अभियुक्तों ने न्यायालय से अपने गिरफ्तारी वारंट रिकॉल करा लिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हरिद्वार में श्रीमद्भागवत कथा हेतु श्रद्धालुओं की बस रवाना, जैन समाज ने किया भव्य स्वागत

0
110014

जसवंतनगर (संवाददाता – पंकज राठौर)। हरिद्वार स्थित कामधेनु लोक, शांतिकुंज रोड, सप्तऋषि आश्रम के समीप आयोजित होने वाले श्रीमद्भागवत महापुराण साप्ताहिक ज्ञान यज्ञ एवं सात दिवसीय कथा महोत्सव में शामिल होने के लिए जसवंतनगर से श्रद्धालुओं की बस रविवार को रवाना हुई। प्रस्थान से पूर्व जैन समाज के नवयुवकों ने श्रद्धालुओं एवं आयोजन परिवार का भव्य स्वागत कर उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर आयोजन परिवार के सदस्य जितेंद्र नाथ गुप्ता, अतुल गुप्ता एवं अवनीश गुप्ता का पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण, पटका एवं तिलक लगाकर सम्मान किया गया। वहीं यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को खाद्य सामग्री वितरित कर उनकी सुखद यात्रा की कामना की गई।

आयोजकों के अनुसार 1 जून को कलश यात्रा के साथ कथा महोत्सव का शुभारंभ होगा। यह धार्मिक आयोजन 7 जून तक चलेगा। समापन अवसर पर महाप्रसाद एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

कथा के दौरान वृंदावन के प्रसिद्ध भागवत उपासक जगदीश चंद्र शास्त्री व्यासपीठ से श्रीमद्भागवत महापुराण की अमृतमयी कथा का श्रवण कराएंगे। आयोजन में परीक्षित के रूप में जितेंद्र नाथ गुप्ता एवं संतोष गुप्ता, यज्ञपति अतुल गुप्ता एवं सुनीता गुप्ता, प्रथम यजमान अवनीश गुप्ता एवं भारती गुप्ता तथा द्वितीय यजमान प्राची शिवहरे एवं अनुराग शिवहरे रहेंगे।

कार्यक्रम संयोजक अतुल लाला भट्टा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य लोगों को धर्म, संस्कृति एवं आध्यात्मिक चेतना से जोड़ना है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा एवं यज्ञ में सहभागिता कर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की।

इस अवसर पर संजीव गुप्ता बंटू, विवेक गुप्ता मोना, रिंकल गुप्ता, प्रियंक गुप्ता, विकास गुप्ता, नीरज जैन, रोहित जैन, अंकित जैन, आशीष जैन, वैभव जैन, चेतन जैन (पत्रकार) सहित जैन समाज के अनेक लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया।

भारतीय सर्वसमाज किसान यूनियन की महापंचायत में किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा

0
109981

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। जनपद के बेवर कस्बे स्थित जनता इंटर कॉलेज में भारतीय सर्वसमाज किसान यूनियन द्वारा महापंचायत एवं सदस्यता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रणवीर सिंह राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। बेवर पहुंचने पर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया महापंचायत को संबोधित करते हुए डॉ. रणवीर सिंह राणा ने कहा कि संगठन किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर और दुकानदार आज अनेक समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

फसल के समय किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पाती, जिससे उन्हें भारी परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। उन्होंने महंगाई, टोल टैक्स, स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिलों को भी आम जनता की बड़ी समस्याएं बताया। डॉ. राणा ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन उनका लाभ वास्तविक पात्रों तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी, किसान आयोग के गठन तथा किसानों को अपनी उपज का मूल्य तय करने का अधिकार देने की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा।

जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह ने उपस्थित किसानों से अपने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। वहीं जिला प्रभारी निशू दीक्षित ने कहा कि किसी भी किसान को समस्या होने पर संगठन को तुरंत अवगत कराया जाए, ताकि उसका समाधान कराने के लिए प्रशासन से वार्ता की जा सके। उन्होंने खाद की बोरियों का वजन 50 किलो से घटाकर 40 किलो किए जाने के मुद्दे पर भी चिंता जताई और जल्द ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने की बात कही।

जिला महामंत्री वीरपाल सिंह ने कहा कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं तथा बिजली कटौती भी गंभीर समस्या बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इन मुद्दों को लेकर संगठन का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही जिलाधिकारी से मुलाकात करेगा। कार्यक्रम में काशीराम शर्मा, निर्मल यादव, अभय प्रताप सिंह, कीर्ति सिंह, एडवोकेट संजय कुमार, महेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कृभको किसान सभा में उन्नत खेती और मृदा परीक्षण पर जोर

0
109185

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। शुक्रवार को कृभको (कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड) की ओर से कृषक भारती सेवा केंद्र (केबीएसके) पर किसान सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, संतुलित उर्वरक उपयोग और मृदा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।

सभा में ग्राम प्रधान अजनौरा मनोज कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में एडीओ एजी जसवंतनगर राजेंद्र कुमार, कृभको इटावा के क्षेत्रीय अधिकारी राजीव कुमार, प्रगतिशील किसान सुरेश कुमार और केबीएसके जसवंतनगर प्रभारी अमित कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस दौरान कृभको इटावा के क्षेत्रीय अधिकारी राजीव कुमार ने किसानों को कृभको के विभिन्न उत्पादों, उनके उपयोग और लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानों के लिए कृभको की ओर से निःशुल्क मिट्टी परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे किसान अपनी भूमि की उर्वरता के अनुसार उर्वरकों का सही प्रयोग कर सकें।

109190

सभा में संतुलित उर्वरक प्रयोग, उच्च गुणवत्ता वाले बीजों के उपयोग और खेतों की उर्वरता बनाए रखने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। “धरती माता बचाओ अभियान” के तहत रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग और मिट्टी में सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी दूर करने के तरीकों की भी जानकारी दी गई।

विशेषज्ञों ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के फायदे बताते हुए कहा कि मिट्टी की जांच के आधार पर उर्वरकों का प्रयोग करने से खेती की लागत घटती है और उत्पादन बढ़ता है। कार्यक्रम में कृभको की आगामी योजनाओं और किसानों के हित में संचालित विभिन्न सेवाओं की जानकारी भी दी गई। अंत में कृभको इटावा के क्षेत्रीय अधिकारी राजीव कुमार ने उपस्थित अतिथियों और किसानों का आभार व्यक्त किया।

फर्नीचर की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

0
109398

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार) जनपद मैनपुरी के करहल कस्बे में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गिहार कॉलोनी के पास स्थित एक फर्नीचर की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा फर्नीचर तथा अन्य सामान आग की चपेट में आकर जलने लगा। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में दुकान से ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार निकलने लगा।

आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए।घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी अजय सिंह चौहान, उप जिलाधिकारी सुनिठा सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पाण्डेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।

आग लगने से दुकान में रखा फर्नीचर, लकड़ी, तैयार सामान तथा अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार दुकानदार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि नुकसान का सही आकलन अभी किया जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। आग की लपटों को देखकरआसपास के दुकानदारों और मकान मालिकों ने भी एहतियात के तौर पर अपने प्रतिष्ठान और घर खाली कर दिए थे।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

तीन दिन से फुंका पड़ा ट्रांसफार्मर, अंधेरे में डूबा तमेरा गांव

0
109100

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। क्षेत्र के ग्राम तमेरा में 10 केवीए का विजली ट्रांसफार्मर खराब होने से पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। इससे सैकड़ों ग्रामीण भीषण गर्मी और पेयजल संकट से जूझने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने विजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर बुधवार को फुंक गया था, लेकिन शुक्रवार तक भी उसे बदला या ठीक नहीं किया जा सका। ट्रांसफार्मर खराब होने से गांव के करीब 40 से 45 विजली कनेक्शन प्रभावित हैं, जिससे 300 से अधिक उपभोक्ताओं के घरों में अंधेरा के साथ पानी का संकट छाया हुआ है। ग्राम प्रधान शरण बाबू ने बताया कि लगातार बिजली न आने से गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। हैंडपंपों और मोटरों के बंद होने से लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। रात में पूरा गांव अंधेरे में डूब जाता है। भीषण गर्मी के चलते कूलर और पंखे बंद पड़े हैं, जिससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।

मच्छरों के गाने सुनते हुए रात्री गुजारनी पड रही है पशुओं के लिए चारा और पानी की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों अनिल, आलोक, सुभाष, जयदेव, लालाराम, रंजीत, रामजीत केशव आदि का कहना है कि उन्होंने कई बार विजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभाग की उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मुकेश कश्यप, नेत्रपाल सिंह, गजेंद्र सिंह, सुरेंद्र और राम सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

आयुष आपके द्वार शिविर में 102 मरीजों का परीक्षण, योग व बचाव के बताए उपाय

0
108905

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। आयुष आपके द्वार कार्यक्रम के तहत कैस्त गाँव में स्थित धर्मशाला में आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डॉ. शीलेन्द्र सिंह एवं डॉ. इंदू सिंह ने 102 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क औषधियां वितरित कीं। साथ ही बदलते मौसम और भीषण गर्मी के चलते फैल रही बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए गए।

शिविर में उल्टी-दस्त, बुखार, सर्दी-जुकाम, पेट दर्द, मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा त्वचा संबंधी रोगों से पीड़ित बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और पुरुष बड़ी संख्या में पहुंचे। चिकित्सकों ने बताया कि तेज धूप, गर्म हवाओं और लू के कारण शरीर में पानी की कमी, थकान, चक्कर आना, पेट संबंधी समस्याएं और कमजोरी जैसी शिकायतें तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे मौसम में लोगों को पर्याप्त पानी पीने, हल्का भोजन करने तथा आयुर्वेदिक एवं पारंपरिक खान-पान अपनाने की सलाह दी गई।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक आयुष विभाग नरेंद्र कुशवाहा ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। योग प्रशिक्षक अनुज यादव ने मरीजों को प्रतिदिन योग करने के फायदे बताए तथा ऑनलाइन योगा क्लास के लिए पंजीकरण भी कराया। इस दौरान यशवंत चतुर्वेदी, ऋषिकांत चतुर्वेदी, राहुल शाक्य, स्टाफ नर्स शेषा दोहरे, वार्डबॉय जिलेदार और चिकित्सालय स्टाफ रोहित सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।

चंदौली में महिला सपा नेता के घर घुसकर हमला, CCTV फुटेज वायरल

0
108840

चंदौली (संवाददाता – शमशेर चौधरी)। जिले के मुगलसराय क्षेत्र स्थित मढ़िया गांव में समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। वीडियो में कुछ लोग जबरन घर में घुसते और महिला नेता के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह करीब 9:24 बजे गार्गी सिंह पटेल अपने घर पर मौजूद थीं। उन्होंने बताया कि उन्हें जमीन के कारोबार से जुड़े काम के सिलसिले में बाहर जाना था। इसी दौरान उनके बिजनेस पार्टनर प्यारे लाल यादव घर पहुंचे। आरोप है कि उनके पीछे-पीछे सपा नेता मनोज यादव, डाली, अमित यादव और उर्मिला समेत पांच लोग जबरन घर में घुस आए।

शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि सभी लोगों ने मिलकर गार्गी सिंह पटेल के साथ मारपीट की। वायरल सीसीटीवी फुटेज में महिला नेता को बाल पकड़कर घसीटते, थप्पड़ और लात-घूंसों से हमला करते देखा जा सकता है। घटना के बाद गार्गी सिंह पटेल ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं वीडियो सामने आने के बाद जिले की राजनीति भी गरमा गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।