
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ अभियान के तहत थाना जसवंतनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में वांछित 7 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वहीं 4 अभियुक्तों द्वारा न्यायालय से वारंट रिकॉल कराए जाने की जानकारी भी पुलिस ने दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न न्यायालयों से गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। थाना पुलिस ने लगातार दबिश और सुरागरसी के बाद उन्हें गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालयों के समक्ष पेश किया।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में नगला जगन निवासी कौशल कुमार, टकपुरा निवासी बबलू, उस्मान व परवीन उर्फ खुशबू, सिद्धार्थ नगर निवासी नीतू शर्मा तथा धनुआ निवासी रामौतार और राजकुमारी शामिल हैं। इनके विरुद्ध विभिन्न धाराओं में दर्ज मामलों में न्यायालयों द्वारा वारंट जारी किए गए थे। इसके अलावा नवलपुरा निवासी सतेन्द्र कुमार, रामलीला की मड़ैया निवासी शैलेन्द्र सहित कुल चार अभियुक्तों ने न्यायालय से अपने गिरफ्तारी वारंट रिकॉल करा लिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
