Home Blog Page 9

सीडीएस में सफलता के बाद विशाल दुबे बने लेफ्टिनेंट, खेड़ा बुजुर्ग का बढ़ाया मान

0
121782
फोटो :- नव नियुक्त लेफ्टिनेंट विशाल दुबे अपने दादा प्रकाश नारायण दुबे के साथ पासिंग परेड के बाद अकादमी में।

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। क्षेत्र के ग्राम खेड़ा बुजुर्ग निवासी 22 वर्षीय युवक विशाल दुबे ने भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) से प्रशिक्षण पूर्ण कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट का पद प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित उनके ननिहाल में भी खुशी का माहौल है। परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। जानकारी के अनुसार विशाल दुबे, राकेश कुमार दुबे के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय विद्यालयों से प्राप्त की। इसके बाद सुघर सिंह इंटर कॉलेज से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की तथा बीएससी की पढ़ाई पूरी की। कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा में सफलता हासिल की। चयन के बाद उन्होंने भारतीय सैन्य अकादमी में लगभग डेढ़ वर्ष का कठोर प्रशिक्षण प्राप्त किया। जून 2026 में प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्ति मिली।

विशाल के दादा प्रकाश नारायण दुबे और पिता राकेश कुमार दुबे कृषक हैं, जबकि उनकी माता बीना दुबे गृहिणी हैं। उनके छोटे भाई ऋतिक वर्तमान में स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं। विशाल की सफलता से ग्रामीणों में गर्व का माहौल है। गांव एवं आसपास के क्षेत्रों के लोग उनके घर पहुंचकर परिवार को शुभकामनाएं दे रहे हैं और उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बता रहे हैं।
विशाल के ननिहाल नगला तौर में भी खुशी का माहौल देखने को मिला। यहां उनके मामा प्रमोद पाठक, रामनाथ पाठक तथा ममेरे भाई रामकुमार पाठक और आशीष पाठक ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। परिवारजनों के अनुसार विशाल अपने मामा प्रमोद पाठक को अपना प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक मानते हैं। उनकी सफलता को लेकर गांव के लोगों ने कहा कि विशाल की उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय है।

दुकानदारों ने शरबत वितरण कर पेश की अनोखी मिसाल, भीषण गर्मी में जनमानस को राहत

0
121636

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। भीषण गर्मी के बीच आम जनमानस को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सनसिटी मार्केट के दुकानदारों ने शरबत वितरण कर सेवा और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश की। इस दौरान राह चलते लोगों को रोक-रोक कर ठंडा शरबत पिलाया गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। दुकानदारों ने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए राहगीरों की सेवा के लिए यह पहल की गई है।

शरबत वितरण के दौरान लोगों ने इस नेक कार्य की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रांशु जैन पारस, सौरभ बत्रा, सौरभ गुप्ता, विकास यादव, रमा वर्मा, चंदन सिंह, अमित गुप्ता, पंकज शाक्य सहित अन्य दुकानदार एवं सहयोगी मौजूद रहे। सभी ने सेवा भावना के साथ लोगों को शरबत वितरित कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

अज्ञात कारणों से विषाक्त पदार्थ का सेवन, इलाज शुरू होने से पहले तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम

0
121771

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। थाना क्षेत्र के ग्राम कटेखेरा निवासी 40 वर्षीय युवक की विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्राम कटेखेरा निवासी ललित शुक्ला (40) पुत्र अरविंद शुक्ला ने सोमवार रात करीब 10 बजे अज्ञात कारणों से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक शुभम वर्मा ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ललित शुक्ला की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मां ममता देवी, पत्नी मोहिनी, 13 वर्षीय पुत्र कृष्णा और 10 वर्षीय पुत्र ध्रुव का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वैश्य समाज के सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बैठक, 5 जुलाई को होगा भव्य आयोजन

0
121459

इटावा (संवाददाता : पंकज राठौर)। अंतराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के जिला स्तरीय महा सम्मेलन की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में 5 जुलाई को प्रस्तावित भव्य कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। इस कार्यक्रम के लिए जनपद के वैश्य समाज के मेधावी विद्यार्थियों के आवेदन की तिथि को 15 जून से बढ़ाकर 20 जून 2026 कर दिया गया है।

बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विवेक गुप्ता ने की। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष ने पदाधिकारियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां सौंपीं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस बैठक में नगर अध्यक्ष हरीश अग्रवाल, जिला महामंत्री राजेश गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष शिवम गुप्ता सहित गौरव अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, उमेश गुप्ता, निशा अग्रवाल, गिरिराज अग्रवाल आदि पदाधिकारी व गणमान्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने 5 जुलाई के सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

सम्मेलन को प्रभावशाली बनाने के लिए बैठक में कार्यक्रम के स्वरूप, अतिथियों के स्वागत, व्यवस्थाओं और प्रचार-प्रसार पर विस्तार से चर्चा की गई। यह बैठक मनोज गुप्ता के प्रतिष्ठान पर आयोजित की गई। 

विश्व रक्तदान दिवस: रक्तदान सबसे बड़ा पुनीत कार्य, एक यूनिट रक्त किसी का जीवन बचा सकता है – जिलाधिकारी

0
120381

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा पुनीत कार्य है। रक्त की कमी के कारण अनेक मरीजों की जान चली जाती है, ऐसे में स्वेच्छा से किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम बनता है।

उन्होंने कहा कि मैनपुरी में रक्तदाताओं की कोई कमी नहीं है। जनपद के कई लोगों ने अनेक बार रक्तदान कर प्रदेश स्तर पर पहचान बनाई है, जो गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक उपचार कर मरीज का जीवन बचाते हैं, लेकिन रक्तदाता अपने रक्त के माध्यम से किसी अनजान व्यक्ति की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। रक्तदान से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि लगभग 48 घंटे के भीतर शरीर में नया रक्त बनने लगता है, जिससे स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने 26 बार रक्तदान करने वाले अवर अभियंता मानवेन्द्र सहित अजीत कांत मिश्र, शिवानी, नारायण गुप्ता, नीरज बैजल, राघवेन्द्र गहलोत, माला बैजल, विनीता दुबे, शिवांग जैन, वंश बैजल, राहुल गोगिल, उत्तम गुप्ता, संचिता गुप्ता, राजेश अरोरा, मोहित, गुरुद्वारा कमेटी, देवी सम्पत मंडल, एनसीसी कैडेट्स, एकरसानन्द आश्रम समिति तथा अमर उजाला फाउंडेशन के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. राज सिंह, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेन्द्र, ब्लड बैंक अधिकारी डॉ. विकास यादव, डॉ. आर.के. शुक्ला, डॉ. शिखा अग्रवाल, निधि, रतनेश, अनिल कुमार, अजय पाल सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं रक्तदाता उपस्थित रहे। शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

खंड विकास कार्यालय में जनकल्याण शिविर एवं मेले का आयोजन, योजनाओं की दी जानकारी

0
120346

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को खंड विकास कार्यालय परिसर में जनकल्याण शिविर एवं मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सरकारी सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली।कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने गर्भवती महिलाओं के गोद भराई कार्यक्रम में भी भाग लिया। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर विकास की ओर अग्रसर हैं।

सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। विधायक प्रतिनिधि अंकुर अग्निहोत्री ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों से इनका लाभ लेने की अपील की। मेले में विद्युत विभाग, यूपी नेडा, पंचायती राज, ग्राम विकास, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित कई विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को लाभान्वित किया।

इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया गया तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां वितरित की गईं।कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी ऋषिपाल, प्रदीप चौहान, ज्ञानेंद्र चौहान, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भल्लू चौहान, आलोक वर्मा, जयकुमार सक्सेना, उत्कर्ष मिश्रा, शौकत अली सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

21 साल पुराने दंपति हत्याकांड की पुनर्विवेचना तेज, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का किया वैज्ञानिक परीक्षण

0
120332

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। थाना बेवर क्षेत्र के ग्राम नवीगंज में वर्ष 2005 में हुए चर्चित कौशल किशोर दुबे और उनकी पत्नी कृष्णा दुबे के दोहरे हत्याकांड की पुनर्विवेचना अब तेज हो गई हैशासन के निर्देश पर चल रही जांच के तहत रविवार दोपहर प्रशासनिक अधिकारियों और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए।

जांच के दौरान विधि विज्ञान विशेषज्ञ, लखनऊ की टीम, फील्ड यूनिट मैनपुरी, एसडीएम भोगांव नीरज कुमार द्विवेदी, सीओ भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी, थाना प्रभारी बेवर अनिल कुमार, महिला थाना थानाप्रभारी हेमलाल, एसएसआई सुखबीर सिंह, नवीगंज चौकी प्रभारी राजकुमार गौतम तथा भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से नाप-जोख कर क्राइम सीन को दोबारा समझने का प्रयास किया। आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन से भी पूरे क्षेत्र का सर्वे कराया गया और घटनास्थल का वैज्ञानिक विश्लेषण किया गया।

फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने उस मकान का विस्तृत निरीक्षण किया, जहां 6 अगस्त 2005 को कौशल किशोर दुबे और उनकी पत्नी कृष्णा दुबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। टीम ने संभावित हमलावरों की स्थिति, गोली चलने की दिशा तथा घटनाक्रम का पुनर्निर्माण करते हुए क्राइम सीन स्केच तैयार किया। पूरी जांच प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा सके।

इस मामले की वादिनी राधिका दुबे हैं पुनर्विवेचना का उद्देश्य पुराने साक्ष्यों का आधुनिक तकनीकों के माध्यम से परीक्षण कर निष्पक्ष एवं सुदृढ़ विवेचना सुनिश्चित करना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अदालत में मजबूत पैरवी की जाएगी।उल्लेखनीय है कि इस चर्चित दोहरे हत्याकांड में फर्रुखाबाद के चर्चित माफिया अनुपम दुबे, अनुराग उर्फ बब्बन दुवे, बांबी जाटव ,लालू उर्फ प्रशांत पाण्डेय , नरेन्द्र उर्फ कल्लू समेत कई लोगों को नामजद किया गया था। वर्तमान में अनुपम दुबे मथुरा जेल में निरुद्ध है। पुलिस का कहना है कि पुनर्विवेचना के दौरान जुटाए जा रहे नए वैज्ञानिक साक्ष्य मामले को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई को और अधिक मजबूत बनाएंगे।

थाना समाधान दिवस सात शिकायतें पहुंचीं, चार का मौके पर निस्तारण

0
119591

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर) । शनिवार को जसवंतनगर और बलरई थाना सभागार में आयोजित थाना समाधान दिवस में कुल सात शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। समाधान दिवस की अध्यक्षता तहसीलदार अभिजीत गौरव ने की। इस दौरान एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
जसवंतनगर थाने में ग्राम दयालपुरा निवासी गीता देवी ने भूमाफियाओं से भूमि कब्जा मुक्त कराने, घनश्यामपुरा निवासी मिलाप सिंह ने पट्टे की भूमि की पैमाइश कराने, धनुआ निवासी सल्लन अली ने आवासीय प्लॉट विवाद तथा नगला नया निवासी कैलाश सिंह ने भूमि विवाद को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। वहीं नगला लायक निवासी सुखवीर सिंह ने शिकायत की कि उनकी भूमि का मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद विपक्षी कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।

बलरई थाने में वीरेंद्र सिंह बघेल की पट्टे की भूमि पर लेवलिंग कार्य में पड़ोसियों द्वारा बाधा पहुंचाने की शिकायत पर राजस्व और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नाप-तौल कराकर विवाद का निस्तारण कराया। वहीं बाऊथ गांव निवासी देवेंद्र सिंह की पैतृक भूमि पर घूरा डालकर कब्जा करने के प्रयास की शिकायत पर भी पुलिस और राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर समाधान कराया। शेष भूमि संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए तहसीलदार एवं एसपी सिटी ने अलग-अलग राजस्व टीमों का गठन करते हुए पुलिस के सहयोग से शीघ्र एवं पारदर्शी कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान थाना प्रभारी कमल भाटी, बलरई थानाध्यक्ष कृपाल सिंह, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार, मनीष कुमार, ललित चतुर्वेदी, कानूनगो इंद्रपाल सिंह तथा लेखपाल सहित अन्य राजस्व एवं पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

संस्कारित पीढ़ी ही राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य : डॉ. अभय कुमार जैन

0
119991

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। नगर के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, जैन बाजार, जसवंतनगर में आयोजित 10 दिवसीय जैन संस्कार शिक्षण शिविर एवं श्री दशलक्षण धर्म विधान के अंतर्गत गुरुवार को उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग के अधीन संचालित जैन विद्या शोध संस्थान, लखनऊ के समन्वय निदेशक डॉ. अभय कुमार जैन ने शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं, शिक्षण पद्धति एवं बच्चों की सहभागिता का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए आयोजकों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

अपने संबोधन में डॉ. जैन ने कहा कि “संस्कारित पीढ़ी ही राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य है।” जैन धर्म की संस्कृति एवं शिक्षाएं समाज में नैतिक मूल्यों, सदाचार एवं संस्कारों का संवर्धन करती हैं। उन्होंने कहा कि अहिंसा, सत्य, शाकाहार एवं सदाचार जैसे जैन संस्कार बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ एवं संस्कृति विभाग द्वारा प्राचीन भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना हेतु इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहन प्रदान किया जा रहा है।

शिविर प्रभारी निकेतन जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश जैन विद्या शोध संस्थान, लखनऊ (संस्कृति विभाग, उ.प्र.), केपीएस उज्जैन, जैन युवा फेडरेशन भिंड तथा महिला मुमुक्षु मण्डल, जसवंतनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दस दिवसीय “जैन संस्कृति : नैतिक संस्कार शिविर” में 145 से अधिक शिविरार्थी सहभागिता कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतिदिन तीन सत्रों में श्री दशलक्षण धर्म विधान, इष्टोपदेश, तत्त्वार्थसूत्र एवं जैन धर्म प्रवेशिका की कक्षाओं के साथ विभिन्न धार्मिक एवं नैतिक शिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं सायंकाल बच्चों द्वारा सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियां भी दी जा रही हैं। डॉ. अभय कुमार जैन के आगमन से शिविरार्थियों एवं आयोजकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उपस्थित सभी लोगों ने उनके मार्गदर्शन को प्रेरणादायी एवं उपयोगी बताया।

इटावा पुलिस का बड़ा एक्शन: फर्जी क्राइम ब्रांच अफसर बनकर ठगी करने वाले 6 साइबर अपराधी गिरफ्तार

0
119759

इटावा (संवाददाता – पंकज राठौर)। जनपद से बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस ने फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय साइबर गैंग का पर्दाफाश किया है।

थाना भरथना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी लोगों को फोन कर खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते थे और अश्लील वीडियो देखने के नाम पर कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर ब्लैकमेल करते थे।

लोक-लाज और बदनामी के डर से कई लोग इनके झांसे में आकर पैसे ट्रांसफर कर देते थे। पुलिस को मिली सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर झिंदुआ पुल के पास घेराबंदी कर सभी आरोपियों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 9 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, 15 एक्टिवेटेड सिम कार्ड, 5 एटीएम कार्ड और 24 हजार 800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

एसएसपी इटावा ने जनता से अपील की है कि यदि कोई खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पैसे मांगता है या डराने की कोशिश करता है, तो तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य साथियों की तलाश जारी है।