Home Blog Page 4

डीएम ने कस्बा पहुंचकर चक मार्ग से हटवाया अवैध कब्जा, जेसीबी से गिराई बाउंड्री

0
134567

बेवर (संवाददाता – अमन कुमार) मैनपुरी। मिशन समाधान अभियान के तहत गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बेवर कस्बे में सरकारी चक मार्ग पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाया। प्लाटिंग के लिए चक मार्ग पर बनाई गई बाउंड्री वॉल को जेसीबी से ध्वस्त कराते हुए सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम भोगांव नीरज द्विवेदी, राजस्व विभाग की टीम, पुलिस बल और नगर पंचायत के कर्मचारी भी मौजूद रहे।जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी सुरेंद्र सिंह ने करीब एक माह पहले जिलाधिकारी से शिकायत कर बताया था कि किशनपुर गढ़िया मार्ग की ओर की जा रही प्लाटिंग में सरकारी 12 मीटर चौड़े चक मार्ग पर भी मिट्टी डालकर कब्जा कर लिया गया है।

आरोप था कि प्लाटिंग करने वालों ने चक मार्ग को अपनी भूमि में मिलाकर बाउंड्री वॉल खड़ी कर दी, जिससे किसानों को अपने खेतों तक आने-जाने में भारी परेशानी हो रही थी।शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और अवैध निर्माण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। जेसीबी से बाउंड्री ध्वस्त कर चक मार्ग को कब्जा मुक्त कराया गया। डीएम ने प्लाटिंग करने वालों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना सक्षम प्राधिकारी से नक्शा स्वीकृत कराए और आवश्यक अनुमति प्राप्त किए किसी भी प्रकार की प्लाटिंग नहीं की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गंदे नाले से सटे चक मार्ग पर हुए अतिक्रमण के बावजूद कार्रवाई न करने पर मौके पर मौजूद नगर पंचायत कर्मचारी को फटकार भी लगाई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सरकारी भूमि पर दोबारा कब्जा न होने देने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। डीएम की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया, जबकि स्थानीय लोगों ने सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई का स्वागत किया।

विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने किया अमर शहीद सीताराम गुप्त स्मृति द्वार का लोकार्पण

0
134577

बेवर (अमन कुमार) मैनपुरी। गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने बेवर कस्बे के अस्पताल तिराहे पर नगर पंचायत द्वारा निर्मित अमर शहीद सीताराम गुप्त स्मृति द्वार का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल तिराहे से छिबरामऊ तिराहे तक जीटी रोड पर कराए गए डामरीकरण कार्य का भी उद्घाटन किया। नगर पंचायत ने स्मृति द्वार का निर्माण लगभग 16 लाख रुपये तथा सड़क के डामरीकरण का कार्य करीब 40 लाख रुपये की लागत से कराया है।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने प्रदेश सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में एक्सप्रेस-वे का व्यापक नेटवर्क तैयार किया जा रहा है और सड़कों का लगातार चौड़ीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चार लेन सड़कों को छह लेन तथा छह लेन सड़कों को आठ लेन में बदला जा रहा है। साथ ही उन्होंने मुफ्त इलाज, उज्ज्वला योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए जनता से आगामी चुनावों में पुनः समर्थन और आशीर्वाद की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान अमर शहीद सीताराम गुप्त के पौत्र अनिल गुप्ता को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि बजट उपलब्ध होने पर वर्ष 1942 के स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुए अन्य दो वीरों—कृष्ण कुमार और जमुना प्रसाद त्रिपाठी—की स्मृति में भी अलग-अलग स्मृति द्वार बनाए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि 14 अगस्त 1942 को भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान बेवर कस्बे में अंग्रेजों का मुकाबला करते हुए छात्र कृष्ण कुमार, जमुना प्रसाद त्रिपाठी और सीताराम गुप्त शहीद हो गए थे। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सरितकांत भाटिया, सुनीति भाटिया, विजय सिंह बैस, अन्नू बैस, ज्ञानेंद्र चौहान, मानसिंह शाक्य तथा नगर पंचायत के सभासद सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

अज्ञात शव का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार, नेताजी सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन ने निभाया मानवता का धर्म

0
134643

बेवर (संवाददाता – अमन कुमार) मैनपुरी। मानवता और सामाजिक सेवा की मिसाल पेश करते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन ने बेवर थाना क्षेत्र में मिले एक अज्ञात व्यक्ति के शव का पूरे हिन्दू रीति-रिवाज के साथ सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया। यह फाउंडेशन द्वारा किया गया 65वां अज्ञात शव का अंतिम संस्कार है।

जानकारी के अनुसार, बेवर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। पुलिस ने उसकी पहचान कराने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी और न ही कोई परिजन सामने आया। ऐसे में नेताजी सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन के सदस्यों ने आगे बढ़कर मृतक को अपना मानते हुए पूरे विधि-विधान और सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराया। फाउंडेशन के संस्थापक अतुल सक्सेना ने कहा कि हर इंसान सम्मान का अधिकारी है, चाहे उसकी पहचान हो या नहीं। किसी भी व्यक्ति की अंतिम विदाई सम्मानपूर्वक होना मानवता का सबसे बड़ा धर्म है।

उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि दिवंगत आत्मा के प्रति संवेदना, कर्तव्य और मानवीय मूल्यों का प्रतीक है।इस पुण्य कार्य में फाउंडेशन के सभी सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया। साथ ही बेवर थाना पुलिस ने भी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर इस कार्य में सहयोग किया। फाउंडेशन ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से ऐसे मानवीय कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा सकता है। फाउंडेशन का संदेश है कि “पहचान भले न हो, लेकिन सम्मान हर इंसान का अधिकार है।”

बलैयापुर में गरीब की जमीन पर दबंगों का कब्जा, पीड़ित ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

0
134405

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। विकासखंड जसवंतनगर के ग्राम बलैयापुर निवासी मनोज बाबू कठेरिया ने अपनी भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए प्रशासन से न्याय की मांग की है। पीड़ित ने नायब तहसीलदार जसवंतनगर को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उसकी भूमि पर लंबे समय से कुछ दबंगों ने कब्जा कर रखा है और बार-बार अनुरोध करने के बावजूद भूमि खाली नहीं की जा रही है।

पीड़ित का कहना है कि जब भी वह अपनी जमीन वापस करने की बात करता है तो उसे धमकाया जाता है और कहा जाता है कि “जहां शिकायत करनी हो कर लो, जमीन खाली नहीं करेंगे।” मनोज बाबू कठेरिया ने बताया कि वह पहले भी इस मामले की शिकायत मंडलायुक्त कानपुर तथा जिलाधिकारी इटावा से कर चुका है, लेकिन अभी तक उसे राहत नहीं मिल सकी। न्याय न मिलने पर उसने एक बार फिर तहसील प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है।

नायब तहसीलदार नेहा सचान ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे न्याय दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि उसकी भूमि को जल्द से जल्द कब्जामुक्त कराकर दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसे अपनी पैतृक संपत्ति का अधिकार मिल सके।

व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष गुप्ता के नेतृत्व में रेल मंडी में हुआ आयोजन

0
133698

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिवस मंगलवार को कस्बे में विभिन्न स्थानों पर उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष गुप्ता के नेतृत्व में मोहल्ला रेल मंडी में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने केक काटकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, आतिशबाजी की और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।

इस दौरान समाजवादी पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की गई।
कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को दोबारा उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। साथ ही पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का भी आह्वान किया गया।

इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए नगर क्षेत्र में भ्रमण कर हाथ ठेला एवं फुटपाथ दुकानदारों,राहगीरों, बुजुर्गों को गर्मी से बचाव के लिए करीब दो हजार अंगोछे वितरित किए। उनके इस प्रयास की स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने सराहना की। इसी दौरान उन्होंनो 51पेड़ो को लगाया है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने अखिलेश यादव के नेतृत्व और विकास कार्यों की चर्चा करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। समारोह में नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता, अजेंद्र गौर, हाजी शमीम, राशिद सिद्दीकी, रघुवीर यादव, सुमित शर्मा ‘अज्जू’, गोपाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी का प्रथम आगमन पर हुआ जोरदार स्वागत

0
133690

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। बुधवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से नव नियुक्त उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेंद्र गौतम का सड़क मार्ग से दिल्ली से लखनऊ जाते समय प्रथम आगमन पर जिले के बॉर्डर जौनई जसवंतनगर पर फूलमाला,पगड़ी पहनाकर एवं डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भेंट कर कांग्रेसियों ने भव्य स्वागत किया। इसके अलावा नगर के बस स्टैंड चौराहा और हाईवे स्थित बचपन प्ले स्कूल पर भी नवनियुक्त कांग्रेस प्रदेश प्रभारी का स्वागत किया गया।

स्वागत करने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य आलोक यादव, राहुल दीक्षित, पूर्व शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे, पीसीसी सदस्य प्रमोद शंखवार, अनूप परमार, विष्णुकांत मिश्रा, ललित दुबे, अवनीश वर्मा, हरेंद्र पाल सिंह, मोहनलाल प्रजापति, सुरेश शाक्य, अमित कुमार, सत्येंद्र यादव, गुलशन यादव, नितिन यादव, प्रमोद वर्मा, वैभव यादव, राहुल यादव, जितेंद्र यादव, महेश चंद्र आदि लोग उपस्थित रहे।

​चौ. सुघर सिंह इंटर कॉलेज में मेधा सम्मान समारोह आयोजित

0
133649

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर), इटावा। क्षेत्र के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान चौ. सुघर सिंह इंटर कॉलेज में ‘मेधा सम्मान समारोह-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों से विद्यालय का मान बढ़ाने वाले 48 मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करना और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित करना था।

सफलता के लिए अनुशासन और लक्ष्य जरूरी: DIOS

​समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) अतुल कुमार सिंह ने मेधावियों को पुरस्कार सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा: “कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की असली कुंजी हैं। विद्यार्थियों को जीवन में हमेशा उच्च लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए और पूरी लगन के साथ उन्हें हासिल करने के लिए आगे बढ़ना चाहिए।”

प्रतिभाओं को निखारने के लिए संस्थान प्रतिबद्ध: अनुज यादव

​संस्थान के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चौ. सुघर सिंह इंटर कॉलेज गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ होनहार प्रतिभाओं के सम्मान के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहा है। विद्यार्थियों की यह शानदार उपलब्धि पूरे संस्थान के लिए गौरव का विषय है। भविष्य में भी मेधावियों का हौसला बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर जारी रहेंगे।

​गुरुजनों ने थपथपाई पीठ, सुनहरे भविष्य की कामना

प्रधानाचार्य रविन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रतिफल है। उन्हें पूरा विश्वास है कि ये विद्यार्थी आगे भी विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। इस गौरवमयी क्षण के साक्षी बनने वालों में संस्था के निदेशक डॉ. संदीप पांडेय, प्रबंध समिति के सदस्य अशांक हनी यादव, डॉ. रीमा मंडल, डॉ. प्रदीप यादव, मनीष चौधरी, गौरव भदौरिया, डॉ. आस्था त्रिपाठी सहित भारी संख्या में शिक्षकगण, कर्मचारी और अभिभावक मौजूद रहे।

Auraiya News: औरैया में वन महोत्सव का आगाज़, 45 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

0
133570

औरैया में वन महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हो गया है। पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ जिले में 1 से 7 जुलाई तक विशेष पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत इस वर्ष पूरे जनपद में करीब 45 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

वन महोत्सव की शुरुआत कलेक्ट्रेट परिसर से हुई, जहां जिलाधिकारी ने कदंब का पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कचनार का पौधा लगाया, वही डीएफओ सीपी सिंह ने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

133574 edited

वन विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान पूरे जिले में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों और कॉलेजों में पर्यावरण विषयक प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को वृक्षों के महत्व से अवगत कराया जाएगा।

उधर, औरैया रेंज के ग्राम जैतपुर में भी वन महोत्सव उत्साह के साथ मनाया गया। रेंजर धर्मवीर सिंह, डिप्टी रेंजर डी.एस. गौतम और वन विभाग की टीम ने पौधारोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण पर गोष्ठी आयोजित की गई और आम के पौधों का वितरण कर ग्रामीणों से पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया।

वन विभाग का कहना है कि पौधारोपण तभी सफल होगा, जब लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी भी सभी मिलकर निभाएं। पर्यावरण को हराभरा बनाने की दिशा में यह अभियान जिले के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मोहर्रम के कार्यक्रम शांतिपूर्ण संपन्न कराने पर पुलिस अधिकारियों का सम्मान, ऑल इंडिया उलेमा व मशाईख बोर्ड ने किया अभिनंदन

0
132957

इटावा (संवाददाता : पंकज राठौर)। मोहर्रम के अवसर पर मेहंदी, ताजिये, अलम एवं चौकियों के कार्यक्रमों को कानून-व्यवस्था और आपसी सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में उत्कृष्ट सहयोग के लिए ऑल इंडिया उलेमा व मशाईख बोर्ड यूनिट इटावा द्वारा पुलिस अधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। राधे-राधे गार्डन, जिन्नातों वाली मस्जिद के निकट आयोजित कार्यक्रम में बोर्ड के जिलाध्यक्ष हाजी शेख शकील अहमद ने अपनी कार्यकारिणी के साथ शहर कोतवाल यशवंत सिंह तथा पचराहा चौकी प्रभारी कासिफ हनीफ को शॉल ओढ़ाकर एवं ऑल इंडिया उलेमा व मशाईख बोर्ड का सम्मान फ्रेम (प्रशस्ति-पत्र) भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर हाजी शेख शकील अहमद ने कहा कि पुलिस प्रशासन के सहयोग, सतर्कता और बेहतर समन्वय के कारण मोहर्रम के सभी धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और समस्त पुलिस बल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में अमन, भाईचारा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में मोहम्मद अज़ीम मोज्जम, अज़हर फरीदी, मोहम्मद अनश खान, शकील शेख, मेहंदी हसन, अकील, हुसैन, असलम खान, सलमान, इफ़्तिखार अहमद, महफूज भाई, हमीद फ्लेक्स एवं पत्रकार सैफ तैमूरी सहित ऑल इंडिया उलेमा व मशाईख बोर्ड यूनिट इटावा की टीम उपस्थित रही। समारोह में कौमी तहफ्फुज कमेटी के संयोजक ख़ादिम अब्बास, पंजाब केसरी के ब्यूरो चीफ मसूद तैमूरी तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद आमीन भाई की उपस्थिति भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम का समापन आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और देश में शांति बनाए रखने के संदेश के साथ हुआ।

खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला वृद्ध किसान का शव, गाँव में फैली सनसनी

0
132962

​जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर), इटावा । बलरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नगला तोर में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सुबह शौच के लिए गए एक वृद्ध किसान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।

परिजनों ने तलाश की तो मिला शव

बलरई थानाध्यक्ष कृपाल सिंह के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 2:50 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। ग्राम नगला तोर निवासी 63 वर्षीय किसान वीरेंद्र बघेल पुत्र रामपूत बघेल सुबह करीब आठ बजे शौच के लिए खेतों की तरफ गए थे। जब काफी देर तक वह घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने जब खेतों की ओर जाकर तलाश की, तो वीरेंद्र का शव खेत में निष्प्राण हालत में पड़ा मिला। बदहवास परिजन आनन-फानन में शव को घर ले आए और पुलिस को सूचित किया।

​मौके पर पहुंचे अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष कृपाल सिंह, उपनिरीक्षक जसवंत सिंह, शेर सिंह तोमर तथा क्षेत्रीय लेखपाल तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। परिवार में दो लोग मानसिक अस्वस्थ, बेटे-भाई रहते हैं बाहर , पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक वीरेंद्र बघेल का परिवार काफी परिस्थितियों से जूझ रहा है। मृतक की पत्नी मीरा देवी और भाई बलवीर मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। वीरेंद्र का एक बेटा विकास नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है, जबकि बेटी रेनू की शादी धौलपुर खेड़ा गांव में हुई है। वहीं, उनका दूसरा भाई उदय सिंह गुरुग्राम में मजदूरी करता है। घर पर वीरेंद्र ही मुख्य रूप से देखभाल कर रहे थे।

कृपाल सिंह, थानाध्यक्ष, बलरई – “किसान का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शरीर पर जाहिरा तौर पर चोट के निशान हैं या नहीं, और मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।”