Home Blog Page 3

वन महोत्सव में हरियाणी का संदेश, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

0
137601

औरैया। 6 जुलाई को वन महोत्सव के अवसर पर औरैया रेंज अंतर्गत ग्राम भर्रापुर स्थित सदर विधायिका गुड़िया कठेरिया के आवास पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विधायक ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत आंवले का पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित लोगों से अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी देखभाल करने की अपील की।

सदर विधायिका गुड़िया कठेरिया ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन का आधार भी हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान का हिस्सा बनना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान आम के पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। वन विभाग के अधिकारियों ने भी लोगों को पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल के महत्व की जानकारी दी।

इस अवसर पर औरैया रेंजर धर्मवीर सिंह, डिप्टी रेंजर डी.एस. गौतम, वन दरोगा जगी सिंह, वन दरोगा अभिषेक मिश्रा, वनरक्षक राहुल पचौरी सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

गूगल मैप के भरोसे सफर करना पड़ा भारी, बारिश और अंधेरे में हुआ हादसा

0
136564

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। शनिवार रात मध्य प्रदेश के भोपाल से फिरोजाबाद के सिरसागंज में शादी समारोह में शामिल होने जा रहा एक परिवार गूगल मैप के सहारे रास्ता भटक गया। ग्राम नगला विशुन और तिजौरा के बीच तेज बारिश व घने अंधेरे के कारण टाटा सफारी(MP-07-ZE-6219) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बंबा में जा गिरी।
हादसे में चालक धर्मेंद्र जादौन, उनकी पत्नी शीतल, पुत्री श्रेया, आजा जादौन तथा संध्या भटनागर को मामूली चोटें आईं।

सूचना मिलते ही थाना बलरई पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई जसवंत सिंह, एसआई शेर सिंह, कांस्टेबल आशु, विकास, रिक्रूट राजीव और रिक्रूट दुर्गेश ने राहत कार्य शुरू कराया। परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को बंबा से निकलवाया तथा सभी घायलों को परिजनों के साथ उपचार के लिए सिरसागंज रवाना कर दिया।

चंदौली: अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

0
135984

चंदौली (संवाददाता – शमशेर चौधरी)। जिले के मुगलसराय कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी रेलवे स्टेशन के वीआईपी गेट के पास संदिग्ध गाड़ियों और लोगों की चेकिंग कर रही थी इसी बीच मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि तीन शातिर शराब तस्कर एक ओला कार (स्विफ्ट डिजायर) संख्या.UP65MT7990 से उतरकर पीठू बैग में अवैध शराब भरकर पार्सल गेट के रास्ते बिहार भागने की फिराक में थे तभी थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व मे टीम ने तुरंत पार्सल गेट के आगे मोर्चा संभाल लिया जैसे ही बताए हुलिए के तीन युवक पीठू बैग टांगे स्टेशन के अंदर जाने लगे पुलिस ने तीनों को दबोच लिया जब बैगों की तलाशी ली गई तो पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए तीनों के बैग से 8 पीएम अंग्रेजी शराब 90 पाउच (180 एमएल प्रत्येक) बरामद हुए जो यूपी से खरीदकर बिहार में बेचते थे।

बरामद 16.2 लीटर अंग्रेजी शराब की कीमत करीब 54, 000रु .आंकी गई है पुलिस की कड़ी पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने कुबूल किया कि वे लोग ओला कार से यह शराब लेकर मुगलसराय रेलवे स्टेशन पहुंचे थे उन्होंने बताया कि वे यहाँ से कम दामों में शराब खरीदते हैं और फिर उसे ट्रेन के रास्ते बिहार ले जाते हैं बिहार में शराबबंदी होने के कारण वहां वे इसे ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते हैं और उसी अवैध कमाई से अपना खर्च चलाते हैं।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान आर्यन राज (उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम सुखनर, थाना सिरदल्ला), राजू कुमार (उम्र 19 वर्ष, निवासी बरियो, थाना नारदीगंज) और राजीव रंजन (उम्र 21 वर्ष, निवासी गोपालपुर, थाना नेमदारगंज) के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी बिहार के नवादा जनपद के रहने वाले हैं मुगलसराय पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा मे मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है

मैनपुरी: रामनगर नगला दुली में हरे पेड़ों पर चला आरा, लकड़ी माफियाओं का वीडियो वायरल

0
136046

किशनी (संवाददाता – अमन कुमार) मैनपुरी। किशनी थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर नगला दुली में हरे-भरे नीम और शीशम के पेड़ों की कथित अवैध कटाई का मामला सामने आया है। पेड़ों की कटाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है स्थानीय लोगों का आरोप है कि लकड़ी माफिया बेखौफ होकर प्रतिबंधित हरे पेड़ों की कटाई कर रहे हैं और उन्हें किसी प्रकार का भय नहीं है।वायरल वीडियो में पेड़ों को काटते हुए कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं। लेकिन वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर रोक नहीं लगाई गई तो क्षेत्र में हरियाली और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचेगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कटान की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लकड़ी माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस पूरे मामले में वन विभाग और संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की जाए तो अवैध कटान पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। फिलहाल वायरल वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले को लेकर क्षेत्रीय लोगों की निगाहें वन विभाग और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

अंतरमुखी पुरुषार्थ से ही मोक्ष संभव : बाल ब्रह्मचारी राहुल भैया

0
135762

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। नगर में स्थित जैन मंदिर में शुक्रवार रात्रि आयोजित धर्मसभा में बाल ब्रह्मचारी राहुल भैया ने अपने मंगलमय उद्बोधन में जैन दर्शन के गूढ़ सिद्धांत ‘पाँच समवाय’ का सरल, सहज एवं प्रेरणादायक विवेचन किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य की सिद्धि में उपादान, निमित्त, काल, होनहार (भवितव्यता) तथा पुरुषार्थ—ये पाँचों समवाय समान रूप से आवश्यक होते हैं। प्रत्येक जीव अपनी क्षणिक उपादानगत योग्यता के अनुसार, शुभ होनहार आने पर, सद्निमित्तों के सान्निध्य में और उचित समय पर अंतरमुखी पुरुषार्थ करके मोक्ष को प्राप्त करता है।

राहुल भैया ने कहा कि मनुष्य प्रायः स्वयं को परद्रव्य का कर्ता मान बैठता है, जबकि वास्तविकता यह है कि प्रत्येक जीव अपनी उपादान शक्ति, कर्मों और सामर्थ्य के अनुसार ही परिणमन करता है। उपादान शक्ति के जागृत होने तथा सद्निमित्त मिलने पर ही योग्य काल में कार्य सिद्ध होते हैं।
उन्होंने कहा कि संसार में कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता। प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्य का बोध रखते हुए पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपना दायित्व निभाना चाहिए। यही श्रेष्ठ जीवन का आधार है।

अपने प्रवचन में उन्होंने भगवान श्रीराम और माता सीता के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी श्रेष्ठ गुणों से सम्पन्न होने के बावजूद माता सीता को अनेक कठिनाइयों और वनवास का सामना करना पड़ा। इससे यह शिक्षा मिलती है कि विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, धर्म और आत्मविश्वास का त्याग नहीं करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि प्रत्येक जीव अपनी दृष्टि से समाज, घर और परिवार को चलाना चाहता है, किंतु ऐसा संभव नहीं है। भगवान महावीर और मरीचि के जीव का उदाहरण देते हुए उन्होंने मोक्षमार्ग की चर्चा की और कहा कि सच्चे देव, शास्त्र और गुरु के सद्निमित्त तथा आत्मपुरुषार्थ के मार्गदर्शन में चलकर ही जीव मोक्ष की दिशा में अग्रसर हो सकता है। प्रवचन के उपरांत सुंदर आत्माराम भक्ति एवं जिनवाणी स्तुति का आयोजन हुआ, जिससे संपूर्ण धर्मसभा भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुई।

हाईवे पर रेलिंग लगाने का महिलाओं ने किया विरोध, पुलिस की मौजूदगी में पूरा हुआ बैरिकेडिंग कार्य

0
136030

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा पशुओं की आवाजाही रोककर वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगाए जा रहे स्टील रेलिंग कार्य का शनिवार को कुछ ग्रामीण महिलाओं ने विरोध किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और अपनी मौजूदगी में बैरिकेडिंग का कार्य पूरा कराया।
जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला के निर्देश पर इंसिडेंट मैनेजर सुनीत चौहान की देखरेख में नगला कन्हई गांव के सामने हाईवे किनारे स्टील की रेलिंग लगाई जा रही है, ताकि आवारा पशु सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग पर न पहुंच सकें और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

बताया गया कि रेलिंग लगाए जाने का कुछ महिलाओं ने विरोध किया था। आरोप है कि शुक्रवार देर रात लगाई गई कुछ रेलिंग को भी हटा दिया गया। शनिवार दोपहर जब दोबारा महिलाएं विरोध के लिए पहुंचीं तो इंसिडेंट मैनेजर ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी एवं उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही विरोध कर रही महिलाएं वहां से चली गईं। इसके बाद पुलिस की निगरानी में बैरिकेडिंग का कार्य शांतिपूर्वक पूरा कराया गया।

पुलिस ने गांव के लोगों को बुलाकर समझाइश दी कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा संबंधी कार्य में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करना या रेलिंग को नुकसान पहुंचाना कानूनन अपराध है। चेतावनी दी गई कि भविष्य में रेलिंग तोड़ने या सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अज्ञात कारणों के चलते विवाहिता ने फांसी लगा दी जान

0
135402

बेवर (संवाददाता – अमन कुमार) मैनपुरी। कस्बे के मोहल्ला शिव नगर कॉलोनी में अज्ञात कारणों के चलते विवाहिता ने गुरुवार – शुक्रवार देर रात्रि फांसी के फंदे पर लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। फंदे से उतारकर परिजन सीएचसी बेवर ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से परिजनों में कोहराम है। मामले के अनुसार शिवनगर कॉलोनी निवासी अंजली उर्फ अंजू सक्सेना पत्नी दीपांशु सक्सेना ने गुरुवार – शुक्रवार की रात्रि किसी समय दुपट्टे से कमरे के पंखे में फांसी लगाकर जान दे दी।

परिजन आनन फानन में अंजू 26 वर्ष को फंदे से उतारकर सीएचसी बेवर ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के ससुर अनूप सक्सेना पुत्र धनीराम सक्सेना की फौती पर सब का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से परिजनों में कोहराम है। मृतका की 4 वर्ष पूर्व 2022 में शादी हुई थी। मृतका के एक ढाई वर्षीय पुत्री शगुन उर्फ आरुषि है। मृतका का पति अपने पिता के साथ मोटा रोड तिराहे पर जलेबी की रेहडी लगाता है जिसके लिए परिजन सुबह 3:00 बजे उठकर ही तैयारी शुरू कर देते हैं। रोज की भांति रात्रि लगभग 11:00 बजे सभी खाना खाकर सो गए। कमरे में अंजु व उसका पति दीपांशु लेटे थे।

सुबह 3:00 दीपांशु अलार्म बजने पर जागा तो अंजू को फांसी के फंदे पर टंगा देखा। रात्रि किसी समय अंजू ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी। वहीं परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता सके हैं। वही मामले में मृतका की मां गीता देवी पत्नी सूरजपाल निवासी नवाबगंज नगरिया थाना सिकंदरपुर वैश्य जिला कासगंज ने तहरीर देकर ससुरालियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मामले में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह का कहना है कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

मैनपुरी: अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार अधेड़ की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

0
135403

बेवर (संवाददाता – अमन कुमार) मैनपुरी। थाना क्षेत्र के कानपुर-दिल्ली एनएच-34 पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार अधेड़ की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार वाहन की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम सराय मद्दू निवासी 53 वर्षीय शेर सिंह पुत्र चंद्रपाल सिंह भदौरिया शुक्रवार सुबह अपनी स्कूटी से बेवर की ओर जा रहे थे। जब वह ग्राम बझेरा के सामने एनएच-34 बाईपास पर पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शेर सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।बताया गया है कि मृतक शेर सिंह फर्रुखाबाद जनपद के मदनपुर स्थित एक होटल में खाना बनाने का काम करते थे और रोजाना इसी मार्ग से आवागमन करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

21 से 23 अगस्त तक लगेगी विशेष लोक अदालत, समझौते से होंगे मामलों का निस्तारण

0
134876

इटावा (संवाददाता : पंकज राठौर)। माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में ‘समाधान समारोह-2026’ (विशेष लोक अदालत अभियान) के अंतर्गत 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विभिन्न प्रकार के लंबित वादों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण करना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, इटावा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार विशेष लोक अदालत में जिला स्तर पर गठित पीठों के माध्यम से पक्षकारों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे न्यायालयों में लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण हो सके और लोगों को सरल, सुलभ व त्वरित न्याय मिल सके।

अभियान के अंतर्गत लेन-देन (दीवानी) विवाद, पारिवारिक विवाद, बैंक एवं वित्तीय मामले, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, चेक बाउंस के मामले सहित अन्य समझौतायोग्य वादों का निस्तारण किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने अधिक से अधिक पात्र पक्षकारों से अपने मामलों को लोक अदालत में प्रस्तुत कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
प्राधिकरण ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से मामलों के निस्तारण से समय और धन दोनों की बचत होती है। आपसी सहमति से स्थायी समाधान मिलता है, न्यायालय शुल्क में नियमानुसार राहत उपलब्ध होती है तथा पूरी प्रक्रिया गोपनीय और मैत्रीपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाती है। साथ ही पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता भी प्रदान की जाती है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, इटावा के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश श्री रजत सिंह जैन तथा सचिव श्रीमती आरती द्विवेदी ने जनपदवासियों से इस विशेष अभियान का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अभियान से संबंधित जानकारी एवं सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, इटावा कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

डीएम ने कस्बा पहुंचकर चक मार्ग से हटवाया अवैध कब्जा, जेसीबी से गिराई बाउंड्री

0
134567

बेवर (संवाददाता – अमन कुमार) मैनपुरी। मिशन समाधान अभियान के तहत गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बेवर कस्बे में सरकारी चक मार्ग पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाया। प्लाटिंग के लिए चक मार्ग पर बनाई गई बाउंड्री वॉल को जेसीबी से ध्वस्त कराते हुए सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम भोगांव नीरज द्विवेदी, राजस्व विभाग की टीम, पुलिस बल और नगर पंचायत के कर्मचारी भी मौजूद रहे।जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी सुरेंद्र सिंह ने करीब एक माह पहले जिलाधिकारी से शिकायत कर बताया था कि किशनपुर गढ़िया मार्ग की ओर की जा रही प्लाटिंग में सरकारी 12 मीटर चौड़े चक मार्ग पर भी मिट्टी डालकर कब्जा कर लिया गया है।

आरोप था कि प्लाटिंग करने वालों ने चक मार्ग को अपनी भूमि में मिलाकर बाउंड्री वॉल खड़ी कर दी, जिससे किसानों को अपने खेतों तक आने-जाने में भारी परेशानी हो रही थी।शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और अवैध निर्माण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। जेसीबी से बाउंड्री ध्वस्त कर चक मार्ग को कब्जा मुक्त कराया गया। डीएम ने प्लाटिंग करने वालों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना सक्षम प्राधिकारी से नक्शा स्वीकृत कराए और आवश्यक अनुमति प्राप्त किए किसी भी प्रकार की प्लाटिंग नहीं की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गंदे नाले से सटे चक मार्ग पर हुए अतिक्रमण के बावजूद कार्रवाई न करने पर मौके पर मौजूद नगर पंचायत कर्मचारी को फटकार भी लगाई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सरकारी भूमि पर दोबारा कब्जा न होने देने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। डीएम की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया, जबकि स्थानीय लोगों ने सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई का स्वागत किया।