Home Blog Page 2

तहसील दिवस पर लगा ‘आयुष आपके द्वार’ शिविर, 100 से अधिक मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

0
146527


जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार शनिवार को तहसील दिवस के अवसर पर तहसील परिसर में आयुष विभाग की ओर से “आयुष आपके द्वार” विशेष स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन किया गया। जनपद की सभी तहसीलों में एक साथ आयोजित इस अभियान के तहत जसवंतनगर तहसील में भी बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर का विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा किया गया। इस दौरान डॉ. शीलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में आई आयुष चिकित्सकों की विशेष टीम ने शिविर में आए 100 से अधिक मरीजों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉक्टरों ने मरीजों को उचित चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया।

स्वस्थ जीवनशैली और मौसमी बीमारियों पर दी जानकारी
शिविर में चिकित्सा टीम द्वारा स्थानीय लोगों को आयुर्वेद, होमियोपैथी एवं अन्य आयुष पद्धतियों के महत्व को समझाया गया। डॉक्टरों ने लोगों को योग और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा वर्तमान में चल रही मौसमी बीमारियों से बचाव के कारगर उपाय भी बताए।

इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) नरेन्द्र कुशवाहा, 15 शैय्या आयुष चिकित्सालय के फार्मासिस्ट, योग प्रशिक्षक, स्टाफ नर्स, वार्ड बॉय सहित समस्त विभागीय कर्मचारियों का सक्रिय सहयोग रहा।

अधिकारियों का संदेश:
“इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को उनके घर के नजदीक ही बेहतर और गुणवत्तापूर्ण आयुष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि समय रहते रोगों की पहचान कर उनका उचित उपचार सुनिश्चित किया जा सके।”

ग्राम विजपुरी खेड़ा में आजाद समाज पार्टी (काशीराम) की संगठनात्मक बैठक संपन्न, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प

0
146634

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर) इटावा। ग्राम विजपुरी खेड़ा में आजाद समाज पार्टी (काशीराम) की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक उत्साहपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने तथा बहुजन समाज के संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय, समानता एवं सम्मान की लड़ाई को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय शिव प्रकाश विश्वकर्मा (राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य एवं जोन प्रभारी, कानपुर जोन) ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा सभी के लिए निःशुल्क होनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि आजाद समाज पार्टी ही बहुजन समाज को न्याय, सम्मान और समान अवसर दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी की सरकार बनने पर शोषण, अन्याय और भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं रहेगा तथा संविधान की भावना के अनुरूप सभी को समान अधिकार प्राप्त होंगे।

146628

बैठक में प्रदीप निगम (मंडल प्रभारी), अभिषेक आजाद (मंडल प्रभारी), जयप्रकाश आजाद (मंडल प्रभारी, भाईचारा कमेटी), लकी जाटव (मुख्य जिला प्रभारी), सुधीर आजाद (जिला अध्यक्ष, युवा मोर्चा), अंशुल गौतम (विधानसभा अध्यक्ष, जसवंतनगर), डिंपल चक्र (जिला अध्यक्ष, महिला मोर्चा), सरला जाटव (जिला सचिव, महिला मोर्चा) तथा श्वेता सिंह (विधानसभा अध्यक्ष, महिला मोर्चा) सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में अभिषेक आजाद ने कहा कि बड़े भाई एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद जी का सपना बहुजन समाज को उसका संवैधानिक अधिकार, सम्मान और समान भागीदारी दिलाना है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक संगठन को मजबूत करने के अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

प्रदीप निगम ने कहा कि आजाद समाज पार्टी की सरकार बनाना हम सभी कार्यकर्ताओं का संकल्प है और इसके लिए प्रत्येक बूथ पर मजबूत संगठन खड़ा करना आवश्यक है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिवम आजाद, आकाश, राजीव, प्रशांत, सोनू, सनी, अरुण, ममता देवी, कमला देवी, कुमारी शिखा, सोनम खान एवं समस्त ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

फ्लाईओवर से बसें दौड़ाने का आरोप, बस स्टॉप पर घंटों इंतजार करते रह जाते हैं यात्री, शिकायत और डीएम के निर्देशों के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था, रात में महिला व बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी

0
146643

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। कस्बे से होकर गुजरने वाली रोडवेज बसों के निर्धारित मार्ग का पालन न करने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई रोडवेज बस चालक कस्बे के बस स्टैंड और प्रमुख स्टॉपों पर आने के बजाय सीधे फ्लाईओवर से बसें निकाल ले जाते हैं। इससे बस स्टॉप पर इंतजार कर रहे यात्रियों को घंटों बस नहीं मिलती, जबकि बाहर से आने वाले यात्रियों को फ्लाईओवर के पूर्वी और पश्चिमी छोर पर उतार दिया जाता है।
यात्रियों का कहना है कि रात के समय महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कत होती है। फ्लाईओवर पर उतारे जाने के बाद उन्हें घर पहुंचने के लिए कोई साधन नहीं मिलता, जबकि बस स्टैंड पर ऑटो और ई-रिक्शा आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं। वहीं, बस स्टॉप पर खड़े यात्रियों को भी बस नहीं मिलने से मजबूरन निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है।
हाल ही में इस समस्या का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में रात करीब साढ़े दस बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास कई यात्री रोडवेज बस का इंतजार करते नजर आए। बस आने पर यात्रियों ने हाथ देकर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी और फ्लाईओवर से निकल गया। इसके बाद यात्रियों को निजी बस से अपने गंतव्य के लिए रवाना होना पड़ा।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पत्रकारों ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ल से की थी। जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे और समस्या के समाधान का आश्वासन भी दिया था। इसके बावजूद यात्रियों का आरोप है कि व्यवस्था में अब तक कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्धारित मार्ग का पालन न होने से प्रतिदिन विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा दोषी बस चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सभी रोडवेज बसों का नियमित रूप से कस्बे के निर्धारित मार्ग से संचालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।

क्रेन का पुल्ली गिरने से रेलकर्मी की मौत

0
146672

चंदौली (संवाददाता – शमशेर चौधरी)। जनपद के डीडीयू स्टेशन के पास स्थित टीआरएस शेड में क्रेन का पुल्ली गिरने से काम कर रहे 52 वर्षीय रेलकर्मी प्रमोद कुमार यादव की मौत हो गई टे​क्नि​शियन की मौत को विभागीय लापरवाही करार देते हुए साथी कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया लगभग छह घंदे बाद अधिकारियों ने मामले की जांच करने दोषी को दंडित करने मृतक आश्रित को सभी देयों का जल्द से जल्द भुगतान करने का आश्वासन दिया तब जाकर रेल कर्मचारियों का धरना समाप्त हुआ इस बाबत पीआरओ/डीसीएम विश्वनाथ ने बताया कि डीआरएम के निर्देश पर उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित कर दिया गया है एक हफ्ते में अपना रिपोर्ट सौंपने पर कार्रवाई किया जाएगा।

सिरसा नदी सफाई में मिली खामियां, सिंचाई विभाग ने दोबारा काम कराने के दिए निर्देश

0
142900

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। बादाम नगर स्थित सिरसा नदी पुल के पास चल रहे सफाई कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवालों के बाद सोमवार को सिंचाई विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान सफाई कार्य में खामियां मिलने पर अधिकारियों ने संबंधित कार्यदायी संस्था को दोबारा मानक के अनुरूप सफाई कराने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि शनिवार को स्थानीय लोगों ने सफाई कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी श्याम बचन सरोज को मौके पर बुलाया था। इस दौरान सभासद राजीव तथा संजीव मुरली पाठक समेत अन्य लोगों ने सफाई कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई थी। मामले की शिकायत क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव से भी की गई थी।

शिकायत के बाद सोमवार दोपहर सिंचाई विभाग के एसडीओ राकेश कुमार और जेई सुमित गुप्ता ने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण में बादाम नगर क्षेत्र में करीब आधा किलोमीटर तक कराए गए सफाई कार्य पर अधिकारियों ने असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि पूरे हिस्से में दोबारा गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सफाई कराई जाए, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

नवागत थानाध्यक्ष ने किया पद भार ग्रहण निवर्तमान की हुईं विदाई

0
139969

चंदौली (संवाददाता – शमशेर चौधरी)। जनपद में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु थाना प्रभारियों के कार्य क्षेत्र बदले गए वही अलीनगर थाने में नए थाना प्रभारी के रूप में गगन राज सिंह ने पद भार ग्रहण कर लिया पद भार संभालने ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया इस अवसर पर निवर्तमान थाना प्रभारी इंस्पेक्टर घनश्याम शुक्ला को पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने विदाई देते हुए उनके कार्यकाल की सराहना कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की विदाई समारोह में उपस्थित पुलिस कर्मियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर इंस्पेक्टर घनश्याम शुक्ला का सम्मान किया।

वहीं नवागत थाना प्रभारी गगन राज सिंह का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं। नवागत थाना प्रभारी गगन राज सिंह ने कहा कि थाना क्षेत्र में शांति सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा आमजन की शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा और पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने का भी आश्वासन दिया।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलग-अलग हादसे, बाइक फिसलने से चार लोग घायल, सभी सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर

0
139977

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बाइक फिसलने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पहला हादसा खेड़ा धौलपुर गांव के पास हुआ। यहां बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे बाइक सवार 30 वर्षीय अजेंद्र, 30 वर्षीय सौरव कुमार निवासी ग्राम खेड़ा धौलपुर तथा 40 वर्षीय ब्रजेश कुमार निवासी यादव नगर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने तीनों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

दूसरी घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक बैंक के सामने हुई। दुर्गापुरा निवासी 20 वर्षीय अतुल कुमार पुत्र सुधीर कुमार जीएनएम प्रशिक्षण के लिए जिला अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक अचानक फिसल गई और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने घटनाओं की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

चंदौली: रील बनाने पर घरवालों ने डांटा, तो कर ली आत्महत्या

0
breaking news

चंदौली (संवाददाता शमशेर चौधरी)। जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र के आलू मिल नई बस्ती गंगा नहर में एक 15 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस व क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर तत्काल मौके पर पहुंचे कर स्थानीय लोगों की मदद से किशोरी के शव को नहर से बाहर निकलवाया।

उसकी पहचान कराने में जुट गए कुछ ही देर बाद मृतका की शिनाख्त खुशबू (15 वर्ष) के रूप में हुई सीओ पीडीडीयू नगर ए.के सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि किशोरी को रील बनाने से परिजनों ने मना किया था इसी बात को लेकर डांट पड़ने से वह आहत हो गई और संभवतः गंगा नहर में छलांग लगा दी हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर अगली कार्रवाई में जुट गई है परिजनों के मौके पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी फिलहाल घटना से पूरे क्षेत्र में शोक व चर्चा का माहौल बना हुआ है जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में हुआ वृक्षारोपण, क्विज विजेताओं को किया सम्मानित

0
137442

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर माय भारत इटावा, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ए.आर. इंटरनेशनल स्कूल में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि माय भारत की उप निदेशक सोनिका चंद्रा ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

अतिथियों ने डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में तनिष शाक्य ने प्रथम, राजकिशोर ने द्वितीय तथा अर्पित कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।

इस दौरान हजरतपुर जैतिया, बिचपुरी खेड़ा एवं महामाई के माय भारत स्पोर्ट्स यूथ क्लबों को खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए स्पोर्ट्स किट वितरित की गई। अतिथियों ने युवाओं से शिक्षा, खेल, राष्ट्रसेवा एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सीमा शाक्य, पर्यावरण निदेशालय से डॉ. संगीता, विद्यालय के प्रधानाचार्य, विद्यालय स्टाफ, माय भारत युवा क्लब से, ऋषभ पाठक, कुमारी नीरज, लालमन, नवनीत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन माय भारत इटावा की टीम ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद और अतिक्रमण की 14 शिकायतें, 2 का मौके पर निस्तारण

0
137431

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। मॉडल तहसील में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 14 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकांश शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। लंबित प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी द्वारा की जानी थी, लेकिन उनके अनुपस्थित रहने पर उपजिलाधिकारी कुमार सत्यमजीत ने समाधान दिवस की अध्यक्षता की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अभयनाथ त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह, तहसीलदार अभिजीत गौरव, नायब तहसीलदार नेहा सचान, नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

समाधान दिवस में ग्राम कैस्त निवासी ऋषिकांत चतुर्वेदी ने ग्राम मलाजनी हाईवे किनारे स्थापित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के चबूतरे का स्तर बढ़ जाने से प्रतिमा के पैर जमीन में दबने की शिकायत करते हुए प्रतिमा को सुरक्षित कराने की मांग की। अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

भाजपा नेता सुरेश गुप्ता ने तहसील क्षेत्र के लेखपालों के लिए ग्राम सचिवालयों में बैठने का निश्चित समय तय किए जाने की मांग रखी।
इसके अलावा नगला नरिया के अवधेश व सर्जन सिंह ने चकरोड की पैमाइश, कोकाबली के संतोष कुमार ने खेत से अवैध कब्जा हटवाने, बिबामऊ के सर्वेश कुमार ने तालाब की भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को रुकवाने, नगला केहरी के सुभाष चंद्र ने भूमि की पैमाइश, फुलरई के राजाराम धनगर ने तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा अली गांव के शिवराज ने अपनी भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण पर रोक लगाने की मांग की।

वहीं कैस्त निवासी फूल सिंह और राजवीर ने हिस्सेदारों पर निर्धारित हिस्से से अधिक भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए पैमाइश कराकर कब्जा हटवाने की मांग की। उपजिलाधिकारी कुमार सत्यमजीत ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यक होने पर मौके पर पहुंचकर जांच कर कार्रवाई की जाए।