
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार शनिवार को तहसील दिवस के अवसर पर तहसील परिसर में आयुष विभाग की ओर से “आयुष आपके द्वार” विशेष स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन किया गया। जनपद की सभी तहसीलों में एक साथ आयोजित इस अभियान के तहत जसवंतनगर तहसील में भी बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर का विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा किया गया। इस दौरान डॉ. शीलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में आई आयुष चिकित्सकों की विशेष टीम ने शिविर में आए 100 से अधिक मरीजों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉक्टरों ने मरीजों को उचित चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया।
स्वस्थ जीवनशैली और मौसमी बीमारियों पर दी जानकारी
शिविर में चिकित्सा टीम द्वारा स्थानीय लोगों को आयुर्वेद, होमियोपैथी एवं अन्य आयुष पद्धतियों के महत्व को समझाया गया। डॉक्टरों ने लोगों को योग और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा वर्तमान में चल रही मौसमी बीमारियों से बचाव के कारगर उपाय भी बताए।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) नरेन्द्र कुशवाहा, 15 शैय्या आयुष चिकित्सालय के फार्मासिस्ट, योग प्रशिक्षक, स्टाफ नर्स, वार्ड बॉय सहित समस्त विभागीय कर्मचारियों का सक्रिय सहयोग रहा।
अधिकारियों का संदेश:
“इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को उनके घर के नजदीक ही बेहतर और गुणवत्तापूर्ण आयुष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि समय रहते रोगों की पहचान कर उनका उचित उपचार सुनिश्चित किया जा सके।”
