Homeउत्तर प्रदेशतहसील परिसर में अचानक चक्कर खाकर गिरे सेवानिवृत्त सैनिक की मौत

तहसील परिसर में अचानक चक्कर खाकर गिरे सेवानिवृत्त सैनिक की मौत

115656

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। नगर के मोहल्ला रेलमंडी निवासी 68 वर्षीय सेवानिवृत्त सैनिक इंद्रपाल सिंह की सोमवार को तहसील परिसर में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वह अपनी रायफल के रिन्यूवल संबंधी कार्य के लिए मॉडल तहसील पहुंचे थे। घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, इंद्रपाल सिंह तहसील कार्यालय में एक वकील के बस्ते पर रायफल रिन्यूवल हेतु फार्म भरवा रहे थे। इसी दौरान भीषण गर्मी के बीच अचानक उन्हें चक्कर आया और वह गश खाकर तखत पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही तहसीलदार अभिजीत गौरव और नायब तहसीलदार नेहा सचान मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए अपनी सरकारी गाड़ी से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. विकास अग्निहोत्री ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

115548

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। इंद्रपाल सिंह की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे पत्नी रामकांति, बड़े पुत्र अखिलेश कुमार, छोटे पुत्र मुकेश कुमार तथा विवाहित पुत्री उमा को छोड़ गए हैं। परिजनों ने बताया कि इंद्रपाल सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे और क्षेत्र में एक सम्मानित व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। उनके पुत्र अखिलेश कुमार ने बताया कि उनके पिता अस्थमा की बीमारी से पीड़ित थे। प्रारंभिक तौर पर हृदय गति रुकने को मौत का कारण माना जा रहा है। अस्पताल की सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।सेवानिवृत्त सैनिक के निधन की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

Pankaj Rathaur
Pankaj Rathaurhttps://mihnews.in/
जमीन से जुड़ी रिपोर्टिंग में विश्वास रखने और सामाजिक मुद्दों से जुडी खबरे.
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular