
इटावा (संवाददाता : पंकज राठौर)। पत्रकार हितों के लिए सदैव तत्पर रहने वाले ‘इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन (इंडिया)’ ने एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया है। संगठन ने सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए स्थानीय पत्रकार विनीत कुमार की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं। एसोसिएशन के 17 सदस्यों ने आपसी सहयोग से सम्मानजनक धनराशि एकत्र कर घायल पत्रकार को उनके आवास पर जाकर आर्थिक सहायता प्रदान की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
6 महीने बेड रेस्ट की सलाह, परिजनों को बंधाया ढांढस
संगठन के पदाधिकारी और सदस्य विनीत कुमार के घर पहुंचे और उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना। इस दौरान पदाधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें इस संकट की घड़ी में ढांढस बंधाया। संगठन के जिला अध्यक्ष सैफ तैमूरी, कानपुर मंडल उपाध्यक्ष राजीव यादव और जिला प्रभारी सर्वेन्द्र कुशवाहा ने संयुक्त रूप से बताया कि, “दुर्घटना में विनीत कुमार को गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने उन्हें लगभग छह माह तक पूर्ण बेड रेस्ट की सलाह दी है। इस लंबे इलाज के दौरान परिवार को आर्थिक और मानसिक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, जिसके लिए संगठन हर कदम पर उनके साथ खड़ा है।”
अन्य संगठनों और समाजसेवियों से सहयोग की अपील
पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार समाज का एक अत्यंत महत्वपूर्ण अंग हैं और संकट के समय में उनके साथ खड़ा होना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अन्य पत्रकार संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवियों से भी भावुक अपील करते हुए कहा कि सभी आगे आएं और घायल पत्रकार की यथासंभव सहायता करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि पत्रकारिता से जुड़े साथियों के सुख-दुख में सभी संगठनों को एकजुट होकर सहयोग करना चाहिए।
इन सदस्यों ने बढ़ाया मदद का हाथ
घायल साथी की मदद के लिए संगठन के कुल 17 सदस्यों ने सामूहिक रूप से योगदान दिया। आर्थिक सहयोग करने वालों में सुघर सिंह, राजीव यादव, सैफ तैमूरी, सर्वेन्द्र कुशवाह, मेघ सिंह वर्मा, ऋषि पाल सिंह, आमीन, मु० इदरीश, विनीता यादव, असित यादव, पंकज राठौर, करुणानिधि, दीपेश गौतम, संजय कुमार, इमरान, मनोज कुमार, आसिफ, ने मिलकर आर्थिक सहयोग किया और सहयोग राशि विनीत के घर जाकर सौंपी गई।
