
मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। जनपद से गुजर रहे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोंडा से दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे 22 टायरों वाले ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में बस चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सैफई पीजीआई में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार सुबह करीब साढ़े चार बजे की है। तेज रफ्तार स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक स्टीयरिंग में फंस गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।सूचना मिलते ही सीओ करहल अजय सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और राहत टीम ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और घायल यात्रियों को एंबुलेंस के जरिए सैफई पीजीआई भिजवाया। बस चालक को हाइड्रा मशीन की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।उपचार के दौरान बस चालक 43 वर्षीय रामसजीवन पुत्र पुद्दन निवासी महाखारपुर राघवपुर, जिला बस्ती तथा यात्री 35 वर्षीय रामनरेश पुत्र खुनखुन निवासी सिजयल टपरा, थाना तरबगंज, जिला गोंडा की मौत हो गई।
वहीं अन्य घायलों का इलाज जारी है।सीओ करहल अजय सिंह चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण चालक को झपकी आना प्रतीत हो रहा है। दोनों मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। मामूली रूप से घायल यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
