
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। गुरुवार देर शाम सीओ आयुषी सिंह ने थाना का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मिशन शक्ति हेल्प डेस्क पर रखे विभिन्न रजिस्टरों की गहन जांच की। निरीक्षण में एफआईआर रजिस्टर, काउंसलिंग रजिस्टर, फीडबैक रजिस्टर, रजिस्टर नंबर-4, रजिस्टर नंबर-8, ग्राम अपराध रजिस्टर व शहरी अपराध रजिस्टर की स्थिति परखते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
सीओ ने महिला संबंधित मामलों को लेकर विशेष गंभीरता दिखाई और पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि काउंसलिंग कार्य संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मिशन शक्ति से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान लंबित विवेचनाओं पर सीओ ने नाराजगी जताई और संबंधित विवेचकों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सभी लंबित मामलों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-साक्ष्य व ई-समन प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया। सीओ ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और समय पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए पारदर्शिता व जवाबदेही को पुलिस की प्राथमिकता बताया।
