
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। क्षेत्र के ग्राम पंचायत राजपुर तमेरी के अंतर्गत ग्राम तमेरा की मढ़ैया में बहुप्रतीक्षित बरातघर निर्माण कार्य का शुभारंभ भूमि पूजन के साथ हो गया। विधायक निधि से बनने वाले इस बरातघर की लंबे समय से ग्रामीण मांग कर रहे थे, जो अब साकार होती नजर आ रही है।इसकी लागत लगभग17लाख रुपये बताई गई है।
शुक्रवार को आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि/पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनुज यादव ‘मोंटी’ ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन-पूजन कर निर्माण कार्य की विधिवत शुरुआत कराई। इस दौरान पूरे गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठान से हुई, जिसमें विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई।
इसके बाद गांव के युवाओं व स्थानीय लोगों ने अनुज यादव का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार भी व्यक्त किया। प्रधान शरन सिंह ने कहा कि बरातघर बनने से गांव में सामाजिक व पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन में बड़ी सुविधा मिलेगी। पूर्व प्रधान देशराज सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी इसे जनहित का सराहनीय कार्य बताया।
कार्यक्रम में उदयवीर सिंह, रामबाबू चौधरी, राजेंद्र चौधरी, सौरभ दुबे, अजीत नारायण चौधरी,यादवेंद्र जोनी यादव, दाताराम कुशवाहा, बदले प्रजापति, प्रेम सिंह कुशवाहा, ऋषि गौतम, राजेश कुमार,बंटी कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि बरातघर बनने से शादी-विवाह व अन्य आयोजनों के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन की बचत होगी। भूमि पूजन के साथ ही निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
