
इटावा (संवाददाता : पंकज राठौर)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में शनिवार को जनपद इटावा में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस लोक अदालत में कुल 1,32,782 मामलों का निस्तारण कर पूर्व राष्ट्रीय लोक अदालत का रिकॉर्ड तोड़ दिया गया। यह आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इटावा रजत सिंह जैन के संरक्षण एवं दिशा-निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
लोक अदालत के आयोजन में अपर जिला जज प्रथम अखिलेश कुमार, स्पेशल जज (एससी/एसटी एक्ट) एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत संजय कुमार चतुर्थ तथा पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आरती द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जनपद न्यायालय, राजस्व न्यायालयों तथा विभिन्न प्रशासनिक विभागों के सहयोग से बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण किया गया।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जनपद न्यायाधीश रजत सिंह जैन द्वारा दो वाद, अपर जिला जज प्रथम अखिलेश कुमार द्वारा तीन वाद, विशेष न्यायाधीश संजय कुमार चतुर्थ द्वारा पांच वाद तथा विशेष न्यायाधीश (ईसी एक्ट) अंकुर शर्मा द्वारा 405 वादों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश व अतिरिक्त न्यायाधीश द्वारा संयुक्त रूप से 17 वैवाहिक मामलों का निस्तारण कर चार जोड़ों को आपसी सहमति से अलग होने की अनुमति दी गई।

वहीं विभिन्न न्यायालयों द्वारा कुल 4295 शमनीय आपराधिक मामलों का भी निस्तारण किया गया। पूर्णकालिक सचिव आरती द्विवेदी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायिक अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों और बैंकों से संबंधित प्री-लिटिगेशन के 1,26,741 मामलों का निस्तारण किया गया, जिसमें 27,89,51,076 रुपये की वसूली हुई। इसके अलावा प्री-लिटिगेशन और लंबित वादों को मिलाकर कुल 34,17,00,024 रुपये की वसूली की गई। लोक अदालत के माध्यम से लोगों को बैंक ऋण से जुड़े मामलों में राहत मिली और उन्हें त्वरित व सस्ता न्याय उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता व विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
