
अछल्दा (औरैया)। कस्बे में शनिवार को राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकालकर पुतला दहन किया। इसके विरोध में समाजवादी पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष रामवीर यादव प्रधान के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को थाने पहुंचकर थाना प्रभारी सुरेश को ज्ञापन सौंपा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को कस्बे में पदयात्रा निकाली और विरोध स्वरूप पुतला फूंका। इस दौरान नारेबाजी भी की गई। घटना के बाद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पुलिस प्रशासन से मुलाकात की।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा किया गया पुतला दहन और नारेबाजी क्षेत्र का माहौल खराब करने की कोशिश है। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।इस मौके पर नवीन गुप्ता नगर अध्यक्ष सपा संजय कठेरिया रिंकू यादव अनिल कुमार विवेक दुबे सिद्धार्थ मिश्रा वैभव दीक्षित सनी यादव जयवीर सिंह बर्मा के साथ समस्त समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे
