
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। बलरई थाना क्षेत्र के ग्राम नगला गुंदी के सामने भोगनीपुर गंग नहर में नहाने गए दो युवकों में से एक युवक के डूबकर लापता हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ टीम व स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश में जुट गए, लेकिन लगभग 24 घंटे बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपक (26) पुत्र हरिश्चंद्र निवासी ग्राम कारीखेड़ा, थाना सिरसागंज, जनपद फिरोजाबाद अपने साथी मोहम्मद इसराइल निवासी बिहार के साथ डीएफसी रेलवे परियोजना में ठेका श्रमिक के रूप में कार्य करता था। उनके साथ शिवराज सिंह (28) पुत्र स्वर्गीय जयदेव सिंह भी मजदूरी करता है। शिवराज के अनुसार बुधवार शाम दोनों युवक नहर में नहाने गए थे, तभी तेज बहाव के कारण वे डूबने लगे। इस दौरान एक युवक ने दूसरे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका। किसी तरह वह खुद को बचाकर बाहर निकल आया, जबकि दीपक तेज धारा में बहकर लापता हो गया।
घटना के बाद दीपक का साथी घबराकर अपना सामान लेकर मौके से चला गया, जिससे स्थिति संदिग्ध हो गई। ग्राम प्रधान मनीष ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कृपाल सिंह पुलिस बल व गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरू कराया।
मौके पर क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह भी पहुंचीं और स्थिति का जायजा लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिरिक्त गोताखोर लगाकर तलाश अभियान तेज किया जाए। देर रात तक चलाए गए अभियान के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका, जिससे परिजनों में चिंता और क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
