
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत कैस्त में मंगलवार को फार्मर रजिस्ट्री के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया गया, लेकिन इसमें किसानों की भागीदारी बेहद कम रही। दिनभर चले इस अभियान में मात्र पांच किसानों की ही रजिस्ट्री हो सकी, जबकि गांव में कुल 128 किसानों का पंजीकरण प्रस्तावित है।
ग्राम प्रधान कमला देवी के सहयोग से आयोजित इस कैंप में प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों को रजिस्ट्री के महत्व के बारे में जागरूक किया, लेकिन अपेक्षित संख्या में किसान नहीं पहुंचे। कम उपस्थिति को लेकर अधिकारियों ने चिंता जताई है।
खंड शिक्षा अधिकारी गिरीश कुमार ने बताया कि जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं होगी, वे भविष्य में कई सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा सकेंगे। इनमें किसान पेंशन, खाद-बीज पर अनुदान, वृद्धावस्था पेंशन, सम्मान निधि सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे जल्द से जल्द अपनी रजिस्ट्री पूर्ण कराएं।
उन्होंने यह भी बताया कि किसान तहसील कार्यालय या ग्राम प्रधान के माध्यम से आसानी से पंजीकरण करवा सकते हैं। समय रहते रजिस्ट्री न कराने पर योजनाओं से वंचित होने की संभावना बनी रहेगी।
इस मौके पर क्षेत्रीय लेखपाल अनुराग यादव, ग्राम पंचायत सहायक श्रेया यादव, पंकज कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने जागरूकता बढ़ाने के लिए आगे भी अभियान चलाने की बात कही है।
