
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। क्षेत्र के ग्राम अंडावली स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 5 उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक मधुर श्रीवास्तव ने सफल छात्रों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में कुल 85 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिनमें से 17 विद्यार्थियों ने कक्षा 5 की परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है। अब ये सभी छात्र आगे की पढ़ाई के लिए उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रवेश लेंगे। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उपहार पाकर छात्र-छात्राएं उत्साहित नजर आए और आगे की पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह और बढ़ गया। इस मौके पर मधुर श्रीवास्तव ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए अनुशासन, निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत से पढ़ाई करने की सलाह दी।
विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में सहायक अध्यापक अतेंद्र प्रताप सिंह, स्नेह भदोरिया, शिक्षामित्र शांति देवी, गीता देवी सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
