
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। क्षेत्र के ग्राम दुर्गापुरा में मुख्य मार्ग पर जलभराव की गंभीर समस्या से ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। एक अप्रैल से संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाए जाने के बावजूद गांव के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। सड़क पर जमा गंदा पानी न केवल आवागमन में बाधा बन रहा है, बल्कि बच्चों और महिलाओं के लिए भी बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है।
ग्रामीणों को रोजाना इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे संक्रमण और संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि सड़क पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है और जलभराव के कारण कीड़े-मकोड़े,सांप, विच्छू पनप रहे हैं, जो घरों के अंदर तक पहुंच रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार तहसील दिवस, खंड विकास अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की अनदेखी से परेशान होकर गांव की महिलाओं ने खुद ही सफाई का जिम्मा उठाया, लेकिन जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण स्थिति में कोई सुधार नहीं हो सका। गांव की अनारकली, आदेश कुमारी, आशा देवी, सूरजमुखी, पुष्पा देवी, ओमवती, रश्मि, सावित्री देवी, राजन श्री, शीला देवी, नागवती, सुनीता देवी, डोली, पूनम, लीलावती, सरोज देवी, उषा देवी, प्रेमवती, बादाम श्री, अलका और मीरा सहित कई महिलाओं ने बताया कि जलभराव के चलते बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। वह स्वयं मौके पर जाकर जांच करेंगे और समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
