
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। सावन माह के पावन अवसर पर रविवार को क्षेत्र के गांव अजनौरा, पड़रपुरा और शाहजहांपुर से डाक कांवड़ यात्राएं श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुईं। विधायक प्रतिनिधि एवं जिला पंचायत सदस्य विश्वनाथ प्रताप सिंह ‘सोनू यादव’ ने कांवड़ यात्राओं को हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं की मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर कांवड़ियों का पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जलपान कर भव्य स्वागत किया गया। सेवा शिविरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान कई संभावित पंचायत चुनाव प्रत्याशी और उनके समर्थक भी स्वागत एवं सेवा कार्यों में सक्रिय नजर आए। पंचायत चुनाव की औपचारिक घोषणा भले ही अभी न हुई हो, लेकिन कांवड़ यात्रा के बहाने क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियों की झलक स्पष्ट दिखाई दी।
डाक कांवड़ यात्रा के महंत कमलेश कुमार ने बताया कि श्रद्धालु फर्रुखाबाद से गंगाजल लेकर सोमवार को सरसई नावर स्थित हजारी महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य गांवों और ग्राम पंचायतों में सुख, शांति, अमन-चैन तथा समृद्धि की कामना करना है। पूरे मार्ग में ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण शिवमय बना रहा।
