
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। कस्बे में रविवार शाम एक 15 वर्षीय किशोर पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
कस्बे के मोहल्ला केस्त निवासी शाहबुद्दीन का 15 वर्षीय पुत्र अयान खान रविवार शाम करीब पांच बजे अपने रिश्तेदारों के लिए कैंटीन से नाश्ता लेने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान डिस्कवर मोटरसाइकिल से आए तीन अज्ञात युवकों ने अयान से कॉल करने के बहाने मोबाइल मांगा। बातचीत के दौरान ही एक युवक ने उसके सिर पर किसी धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले के बाद तीनों आरोपी बाइक से नगर की ओर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और घायल अयान को लेकर थाने पहुंचे। वहां से पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसका मेडिकल परीक्षण कर उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, अयान के सिर में गंभीर चोट आई है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष ललित चतुर्वेदी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
