
जसवंतनगर (संवाददाता: पंकज राठौर)। महिलाओं में होने वाले बच्चेदानी के मुंह के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) की रोकथाम के लिए सरकार ने एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीके को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल कर लिया है। इसके तहत अब ब्लॉक क्षेत्र के सभी गांवों में आयोजित होने वाले टीकाकरण सत्रों पर 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को यह टीका लगाया जाएगा।
इस संबंध में बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जसवंतनगर में एक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने उपस्थित प्रशिक्षु छात्राओं को एचपीवी संक्रमण और इससे होने वाले बच्चेदानी के मुंह के कैंसर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टीका किशोरियों को गंभीर बीमारी से बचाने में प्रभावी भूमिका निभाएगा तथा भविष्य में कैंसर के मामलों में कमी लाने में सहायक होगा।
रविवार को छोड़कर हर कार्यदिवस पर लगेगा मुफ्त टीका
डॉ. सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीकाकरण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि अभिभावक अपनी बेटियों को समय पर टीका लगवाने के लिए प्रेरित हों। निर्धारित आयु वर्ग की सभी किशोरियों के लिए सीएचसी पर रविवार को छोड़कर प्रत्येक कार्य दिवस पर यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, गांवों में जाने वाली एएनएम (ANM) भी अपने सत्रों के दौरान यह टीकाकरण करेंगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अभी तक लगभग एक दर्जन से अधिक किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है।
स्वास्थ्य विभाग ने की सहयोग की अपील
कार्यशाला में मौजूद अन्य चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी टीके की उपयोगिता, सुरक्षा और इसके लाभों पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. विकास अग्निहोत्री, सामुदायिक कार्यक्रम प्रबंधक सुनील कुमार, एआरओ सतीश कुमार तथा पर्यवेक्षक राधेश्याम सहित कई स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से इस टीकाकरण कार्यक्रम में सहयोग करने और अधिक से अधिक किशोरियों को इसका लाभ दिलाने की अपील की है।
