
मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। तहसील किशनी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने संवेदनशील प्रशासन की मिसाल पेश करते हुए शोकाकुल परिवार को खतौनी की नकल, संवेदना पत्र और एक फलदार पौधा भेंट कर मानवीय पहल की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हर दुख की घड़ी में आमजन के साथ खड़ा है और उत्तराधिकार संबंधी कार्यों का समयबद्ध निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान नगला गुल्ल भाग बड़ौली निवासी स्वर्गीय श्यामा देवी पत्नी प्रकाश चन्द्र, जिनका निधन 19 नवंबर 2025 को हो गया था, के परिजनों को फौती दर्ज होने के बाद खतौनी की प्रमाणित प्रति एवं संवेदना पत्र प्रदान किया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर लेखपाल द्वारा स्वर्गीय श्यामा देवी के उत्तराधिकारियों मुकेश कुमार, दिनेश चन्द्र एवं विपिन पुत्रगण प्रकाश चन्द्र के नाम विधिवत विरासत दर्ज की गई। जिलाधिकारी ने परिजनों को संबोधित करते हुए कहा कि दिवंगत की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से एक फलदार पौधा भी भेंट किया गया है। उन्होंने परिवार से पौधे का उचित स्थान पर रोपण एवं संरक्षण करने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे दिवंगत की स्मृति भी बनी रहेगी और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक अविवादित फौती का नामांतरण तेरहवीं से पूर्व हर हाल में पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि स्वयं उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक अथवा लेखपाल के माध्यम से शोक-संतृप्त परिवारों को संवेदना पत्र, खतौनी की नकल तथा एक फलदार पौधा उपलब्ध कराया जाए। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा, उपजिलाधिकारी गोपाल शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे जिलाधिकारी की इस पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है।
