वन विभाग ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर,क्षेत्रीय वन अधिकारी की अध्यक्षता में हुआ कार्यक्रम, ग्रामीणों ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प

जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर थाना क्षेत्र के बलरई गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में वन विभाग की ओर से जागरूकता गोष्ठी, वृक्षारोपण एवं वृक्ष भंडारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बसरेहर रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी अमित कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम का संचालन उपक्षेत्रीय वन अधिकारी अजीत पाल सिंह ने किया। गोष्ठी में उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के महत्व तथा बढ़ते प्रदूषण की चुनौतियों के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।

इस दौरान अतिथियों एवं ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए। साथ ही वृक्ष भंडारा कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पौधों का वितरण कर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रथम संजय मिश्रा रहे। विशिष्ट अतिथियों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ. वीरेन्द्र सिंह एवं बलरई थानाध्यक्ष कृपाल सिंह शामिल रहे। इसके अलावा वन रक्षक सचिन कुमार, योगेंद्र कुमार सहित क्षेत्र के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
