Homeउत्तर प्रदेश“मिशन समाधान” का असर, पूरे जनपद में हटे अतिक्रमण, ग्रामसभा की भूमि...

“मिशन समाधान” का असर, पूरे जनपद में हटे अतिक्रमण, ग्रामसभा की भूमि कराई गई मुक्त

113094

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देशन में संचालित “मिशन समाधान” अभियान के तहत जनपद की सभी तहसीलों में लंबे समय से लंबित भूमि विवादों के निस्तारण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुंचकर विवादित मामलों का समाधान कराया तथा ग्रामसभा की भूमि को कब्जामुक्त कराकर उसे सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित कराया।

अभियान के अंतर्गत जनपद की सभी तहसीलों में राजस्व और पुलिस की कुल 24 संयुक्त टीमों का गठन किया गया। टीमों ने चिन्हित भूमि विवादों में दोनों पक्षों की मौजूदगी में सुनवाई कर कई मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण कराया। साथ ही ग्रामसभा की भूमि से अवैध कब्जे हटवाकर उसे खेल मैदान, मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय, गोवंशों के लिए हरे चारे की व्यवस्था और वृक्षारोपण जैसे जनहित कार्यों के लिए आरक्षित कराया गया।

तहसील करहल के ग्राम हरवाई में लगभग 40 वर्षों से अतिक्रमण की चपेट में रहे चकमार्ग को चिन्हित कर कब्जामुक्त कराया गया तथा मार्ग पर मिट्टी डलवाकर आवागमन सुगम बनाया गया। ग्राम मासरपुर और बामतपुर में भी दोनों पक्षों की उपस्थिति में लंबित शिकायतों का समाधान किया गया। ग्राम बामतपुर में चकमार्ग एवं नाली पर हुए अतिक्रमण को हटाकर सार्वजनिक उपयोग के लिए मुक्त कराया गया।इसी प्रकार तहसील करहल के ग्राम नगला डम्बर में अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद की मौजूदगी में अवरुद्ध चकमार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

तहसील भोगांव में आवेदक गौतम की शिकायत पर भूमि की पैमाइश कराकर आपसी सुलह-समझौते के आधार पर विवाद का निस्तारण किया गया।जिला प्रशासन का कहना है कि “मिशन समाधान” के माध्यम से भूमि विवादों का त्वरित और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल रही है तथा सार्वजनिक भूमि को जनहित के कार्यों के लिए संरक्षित किया जा रहा है। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

MiH News
MiH Newshttps://mihnews.in
MiH News का मुख्य उद्देश्य है आप लोगो तक ताज़ा जानकारी को सबसे तेज और सबसे पहले पहुँचाना है। हम तेज़ और सटीक समाचार प्रदान करने के लिए जाने जाते हैं।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular