
मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार) जनपद मैनपुरी के करहल कस्बे में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गिहार कॉलोनी के पास स्थित एक फर्नीचर की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा फर्नीचर तथा अन्य सामान आग की चपेट में आकर जलने लगा। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में दुकान से ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार निकलने लगा।
आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए।घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी अजय सिंह चौहान, उप जिलाधिकारी सुनिठा सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पाण्डेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।
आग लगने से दुकान में रखा फर्नीचर, लकड़ी, तैयार सामान तथा अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार दुकानदार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि नुकसान का सही आकलन अभी किया जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। आग की लपटों को देखकरआसपास के दुकानदारों और मकान मालिकों ने भी एहतियात के तौर पर अपने प्रतिष्ठान और घर खाली कर दिए थे।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
