
इटावा (संवाददाता – पंकज राठौर)। जसवन्तनगर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। आयुषी सिंह के निर्देशन और थाना प्रभारी कमल भाटी के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग और नगर क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, फर्जी नंबर प्लेट लगाने और वाहनों में अवैध हूटर-सायरन का इस्तेमाल करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रही। पुलिस ने कुल 130 वाहन चालकों के चालान किए, जबकि एक डंपर को सीज कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 10 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं फर्जी और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वाले 70 वाहन चालकों तथा अवैध हूटर और सायरन लगाने वाले 50 वाहन चालकों के चालान किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अभियान के दौरान उपनिरीक्षक ललित किशोर चतुर्वेदी, शुभम वर्मा, कृष्ण कुमार, मनीष कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
