
मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने “हमारी जनगणना-हमारा विकास” अभियान के अंतर्गत गुरुवार से शुरू हुई स्व-गणना प्रक्रिया का शुभारंभ स्वयं ऑनलाइन गणना कर किया। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और जनपदवासियों से 21 मई तक स्व-गणना में भाग लेकर अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना किसी भी देश के विकास की आधारशिला होती है और इससे प्राप्त आंकड़े योजनाओं के निर्माण एवं विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि देश में पहली बार डिजिटल जनगणना की शुरुआत की गई है। स्व-गणना के लिए नागरिकों को स्व-गणना पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी द्वारा लॉगिन करना होगा।
इसके बाद राज्य, जिला एवं स्थानीय विवरण भरकर डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिन्हित करना होगा। मकान और परिवार से जुड़ी जानकारी भरने के बाद सबमिट करने पर एसई आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि 22 मई से 20 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। डीएम ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी गणना केवल एक ही स्थान पर कराए और सही जानकारी देकर राष्ट्रीय कर्तव्य का पालन करे।
