
औरैया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने शेरपुर सरैया में निर्माणाधीन रिजर्व पुलिस लाइन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आवासीय और अनावासीय भवनों, प्रशासनिक भवन तथा मैस सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्धता से पूरा किया जाए। उन्होंने कार्य में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया, पूर्ण कार्य का परीक्षण कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की शिथिलता न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय-समय पर जिला जांच समिति द्वारा पूर्ण कार्य का परीक्षण कराया जाएगा। यदि कार्य में कोई कमी या प्रगति में शिथिलता पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और शासन को अवगत कराया जाएगा। इस अवसर पर कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और ठेकेदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
