
जसवंतनगर (संवाददाता : पंकज राठौर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अधीक्षक डॉ. वीरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में ब्लॉक की समस्त महिला स्वास्थ्य कार्यकत्रियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीकाकरण, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (एचआरपी), आयुष्मान कार्ड और प्रसव सेवाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
डॉ. सिंह ने निर्देश दिए कि एचआरपी महिलाओं का समय से चिन्हीकरण, समुचित प्रबंधन एवं जरूरत पड़ने पर त्वरित रेफरल सुनिश्चित किया जाए, ताकि मातृ मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक चिन्हित एचआरपी गर्भवती को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस के तहत निर्धारित तिथियों—1, 9, 16 और 24 को जांच के लिए सीएचसी पर लाना अनिवार्य किया जाए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि पांच वर्ष तक के सभी बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का समय से शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। जिन क्षेत्रों में अप्रैल माह में उपलब्धि कम रही है, वहां मई माह में लक्ष्य के अनुरूप विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन पूरा किया जाए। इस अवसर पर संगम यादव, चित्रा राजपूत, कंचन चौहान, शिवानी, मोहिनी, ज्योति श्रीवास्तव, कश्मीरा यादव, अंजुलता सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।
