Homeउत्तर प्रदेशट्रैक्टर से गिरकर महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

ट्रैक्टर से गिरकर महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

breaking news

कुदरकोट थाना क्षेत्र के मठिन मोहल्ला में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद जहां मृतका के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मठिन मोहल्ला निवासी सतीश चंद्र की पत्नी सीमा देवी रविवार को रोजमर्रा की तरह अपने खेत पर काम करने गई थीं। दोपहर करीब एक बजे वह खेत में गेहूं की बाली बीन रही थीं। काम समाप्त करने के बाद वह घर लौटने के लिए कच्चे रास्ते पर पहुंचीं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रैक्टर को देखकर उन्होंने घर पहुंचने की जल्दबाजी में उस पर सवार हो गईं। जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर जैसे ही कुछ दूरी आगे बढ़ा, रास्ता ऊबड़-खाबड़ होने के कारण अचानक तेज झटका लगा। झटके से सीमा देवी का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़ीं।

गिरने के दौरान उनके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही अचेत हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने तत्काल उन्हें उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना पहुंचाया, जहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार महिला को गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही भरथना कोतवाली पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भरथना कस्बा इंचार्ज तन्मय चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है, फिर भी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इस हादसे के बाद मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार सीमा देवी एक मेहनती और मिलनसार महिला थीं, जो अपने परिवार का सहारा थीं। उनके असमय निधन से गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।

Sandip Kumar
Sandip Kumarhttps://mihnews.in
10 वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता कर रहे है। अब MiH News के लिए काम करते है, इसमें क्राइम की खबरें को प्रकाशित करते है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular